अयोध्या से BJP की चुनावी बिसात: विनोद तावड़े का जिलाध्यक्षों-प्रभारियों संग मंथन, अवध क्षेत्र के लिए सेट कर दिया एजेंडा
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. जिसकी तैयारियों में बीजेपी जुटी हुई है. शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने अयोध्या में अवध क्षेत्र के 15 जिलों के जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों संग बैठक की.
अयोध्या, मयूर शुक्ला: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं. जिसके चलते भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने शनिवार को अयोध्या में समीक्षा बैठक की. जिसमें उन्होंने अवध क्षेत्र के 15 जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मंडल और शक्ति केंद्र के पदाधिकारियों संग महत्वपूर्ण चर्चा की.
चुनाव में जीत सुनिश्चित करने की रणनीति
इस समीक्षा बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों और चुनाव में जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की गई. विनोद तावड़े ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर पर संगठनात्मक, सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन करें. स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति बनाकर चुनाव में जीत के लिए काम किया जाए.
इतना ही नहीं, उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने और पार्टी की पहुंच समाज के हर वर्ग तक बढ़ाने पर भी जोर दिया.
बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी
बैठक बाईपास पर बूथ नंबर चार के पास एक होटल में हुई. इसमें जिलों के पदाधिकारियों के साथ मंडल और शक्ति केंद्र के पदाधिकारियों के बीच संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई. तावड़े ने जिला पदाधिकारियों से लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखने को कहा, ताकि बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाया जा सके. उन्होंने संगठनात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा करने और चुनावी तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए.
चुनावी तैयारियों और जीत की रणनीति पर मंथन
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और जीत की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. पार्टी पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर काम करने को कहा गया. साथ ही, चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने और संगठनात्मक कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया.
सामाजिक समरसता बढ़ाने पर जोर
विनोद तावड़े ने सामाजिक सहभागिता बढ़ाने, लोगों की समस्याएं सुनने और बूथ बैठकों में प्रभावशाली सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और सेवा गतिविधियों के माध्यम से पार्टी की जनभागीदारी बढ़ाई जाए. समाज के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर संगठन को और मजबूत बनाया जाए.
क्षेत्रीय कमेटी करेगी कार्यक्रमों की निगरानी
बैठक में क्षेत्रीय समिति के पदाधिकारियों को जिलों में होने वाले पार्टी कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने और उनकी प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया. जिला इकाइयों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि संगठनात्मक कार्यक्रमों का बेहतर समन्वय हो सके.
कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका समय पर समाधान करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही गई.
इन जिलों के पदाधिकारी हुए शामिल
बैठक में अयोध्या महानगर, अयोध्या जिला, लखनऊ महानगर, लखनऊ जिला, लखनऊ सहित अवध क्षेत्र के 15 जिलों के जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी शामिल हुए. इनमें सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, रायबरेली, उन्नाव, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बाराबंकी और अंबेडकरनगर समेत अन्य जिलों के पदाधिकारी शामिल रहे.