)
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में आधी आबादी को अपने पाले में लाकर भारतीय जनता पार्टी की जीत की हैट्रिक लगाने के लिए यूपी में बीजेपी की महिला मोर्चा टीम भी मिशन मोड में उतर गई है. महिला मोर्चा की इस कार्यशाला में चुनावी रोडमैप बनने की खबरें आ रही हैं. महिला मोर्चा की आज एक बेहद महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई. इस कार्यशाला में महिला विस्तारकों को भी बुलाया गया था. चुनावी लिहाज से अहम इस वर्कशॉप में बिहार, राजस्थान, दिल्ली, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से आई महिलाओं ने शिरकत की.
इस कार्यशाला का मुख्य मकसद आगामी विधानसभा चुनाव के लिए महिला मोर्चा की तैयारियों को मजबूत करना है. पार्टी चाहती है कि महिला मोर्चा के पदाधिकारी चुनाव से पहले अपनी जिम्मेदारियों को अच्छी तरह समझें. इसके लिए वरिष्ठ नेता उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
प्रवासी विस्तारक, यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर 7 दिनों तक पहले चरण का प्रवास करेंगी. इस मौके पर यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे. उन्होंने महिला मोर्चा के पदाधिकारियों से अपने अनुभव साझा किए.
उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान लखनऊ में 'महिला मोर्चा प्रवासी बहनों' के निमित्त आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी बहनों से समर्पित भाव से जुटने का आह्वान किया। @BJP4India @BJPMahilaMorcha @BJP4UP @narendramodi @NitinNabin @blsanthosh @shivprakashbjp @BjpSaroj9
— Roopkumari Choudhary (@RoopkumariBJP) November 20, 2026
इस दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा, यूपी की सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी भी मौजूद रहीं. सभी नेताओं ने आधी आबादी को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लाने और 2027 के विधानसभा चुनावों में पहले से बड़ी जीत मिलने का भरोसा जताया. इस दौरान संगठन के कामकाज को बेहतर बनाने और चुनाव के दौरान महिला मोर्चा की भूमिका को प्रभावी करने पर जोर दिया गया.

बीजेपी प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर महिला पदाधिकारियों और 'महिला विस्तारकों' की तैनाती कर रही है ताकि हर घर और महिला मतदाता तक सीधा संवाद हो सके.
महिला मोर्चा की विस्तारक और कार्यकर्ता गांवों और घरों में जाकर ग्रामीण महिला मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी. अपने प्रवास में वो राज्य की योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े कदमों की जानकारी साझा करेंगी.
यूपी में हाल ही में नई वोटर लिस्ट सामने आई है. इसे लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 13.58 करोड़ मतदाता शामिल हैं, जिनमें 6.20 करोड़ महिलाएं हैं. अब इन्हीं 6 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को अपने पाले में करके बीजेपी अपनी जीत की हैट्रिक की नींव रखना चाहती है.

गौरतलब है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अप्रैल में प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची की तुलना में इस बार 18.84 लाख से अधिक मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है.
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के तहत जारी मसौदा मतदाता सूची में कुल 13,58,68,905 मतदाता हैं. इनमें 7,38,58,510 पुरुष, 6,20,06,353 महिलाएं और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं.
दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर है. पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटवाने या विवरण में सुधार के लिए क्रमशः फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के जरिए आवेदन कर सकते हैं. दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा. अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी होगी.