फिल्मों जैसा प्लान, फ्लॉप क्लाइमेक्स: कंबल ओढ़कर बैंक में घुसा 'अनाड़ी चोर', तार काटे और ताले तोड़े... फिर भी खाली हाथ लौटा!
Bijnor Bank Theft Attempt: बिजनौर के स्योहारा क्षेत्र में एक चोर रात के समय बैंक में चोरी करने की पूरी तैयारी के साथ पहुंचा. चेहरा पहचान में न आए इसके लिए उसने खुद को कंबल में छिपा रखा था. बैंक की खिड़की तोड़कर अंदर घुसने के बाद उसने बिजली के तार तक काट दिए. उसने स्ट्रॉन्ग रूम का ताला तक तोड़ दिया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद उसे खाली हाथ लौटना पड़ा. अब पुलिस उसके पीछे पड़ गई है.
Bijnor Bank Theft Attempt/ राजवीर चौधरी: फिल्मों और कहानियों में आपने शातिर चोरों की बड़ी-बड़ी सेंधमारी के बारे में सुना होगा, लेकिन उत्तर प्रदेश के बिजनौर से चोरी की एक ऐसी अजीबो-गरीब खबर सामने आई है, जिसे सुनकर आप हंसी नहीं रोक पाएंगे. यहां स्योहारा क्षेत्र के गल्लाखेड़ी के सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में रात के अंधेरे में एक चोर पूरी तैयारी के साथ दाखिल हुआ. पहचान छिपाने के लिए उसने खुद को सिर से पैर तक कंबल में लपेट रखा था. उसने बैंक में दाखिल होकर तार काटे, स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचा और उसका ताला भी तोड़ दिया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.
'मिस्टर इंडिया' बनने का नाटक और बिजली गुल
घटना की शुरुआत होती है रात के सन्नाटे में, जब चोर ने बैंक की खिड़की तोड़कर अंदर घुसने का रास्ता बनाया. अंदर कदम रखते ही उसने सबसे पहले चालाकी दिखाते हुए बैंक के बिजली के तार काट दिए. शायद उसे लगा कि अंधेरा होते ही वह 'अदृश्य' हो जाएगा और कोई उसे देख नहीं पाएगा. बिजली कटने के बाद वह बेफिक्र होकर मिस्टर इंडिया की तरह कंबल ओढ़े बैंक के कोने-कोने में टहलता रहा. हालांकि, उस भोले चोर को यह नहीं पता था कि सीसीटीवी कैमरे अंधेरे में भी उसकी हर हरकत को कैद कर रहे थे.
स्ट्रॉन्ग रूम तोड़ा, पर नहीं खुली अलमारी
बैंक के भीतर घूमते-घूमते चोर का हौसला इतना बढ़ गया कि वह सीधे स्ट्रॉन्ग रूम तक जा पहुंचा. उसने अपनी पूरी ताकत लगाकर स्ट्रॉन्ग रूम का ताला भी तोड़ दिया. अब उसे लग रहा था कि उसका खजाना बस कुछ ही दूरी पर है, लेकिन असली ट्विस्ट तब आया जब उसका सामना कैश वाली अलमारी से हुआ. चोर ने अलमारी का ताला तोड़ने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया, पसीना बहाया, काफी देर तक मशक्कत की, लेकिन अलमारी टस से मस न हुई. आखिरकार, घंटों की नाकाम मेहनत के बाद 'कंबल वाले चोर' को समझ आ गया कि आज किस्मत उसके साथ नहीं है और वह बिना एक भी रुपया छुए खाली हाथ बैरंग लौट गया.
सुबह खुला राज, फुटेज देख पुलिस भी हैरान
सुबह जब बैंक भवन के मालिक कृष्ण बहादुर ने खिड़की टूटी देखी, तो उन्होंने तुरंत शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार को सूचना दी. जब बैंक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे, तो अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था. पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो कंबल ओढ़े घूमते इस अजीबोगरीब चोर की पूरी 'नाकाम मिस्ट्री' सामने आ गई. फिलहाल स्योहारा थाना पुलिस इस दिलचस्प फुटेज के आधार पर 'कंबलधारी चोर' की पहचान करने और उसे सलाखों के पीछे पहुंचाने में जुट गई है.