कानपुर में खौफनाक कलह: बच्चों को पीटने से रोकने पर भड़की भाभी, देवर को सीधे पहुंचा दिया अस्पताल
कानपुर में बच्चों को पीटने से रोकना देवर को भारी पड़ गया. गुस्से से भड़की भाभी ने देवर को ही घायल कर दिया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. भाभी पर देवर का प्राइवेट पार्ट मुंह से काटने का आरोप लगा है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
कानपुर, प्रवीण पांडे: घरेलू कलह और कहासुनी अक्सर मारपीट तक पहुंच जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की सभी मर्यादाओं को तार-तार कर डाला है. यहां बच्चों को पीटने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आगबबूला भाभी ने देवर के प्राइवेट पार्ट को मुंह से काट डाला. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है.
क्या है ये पूरा मामला?
यह खौफनाक घटना कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव की है. यहां एक शख्स अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है, और महिला अपने बच्चों, ससुर, देवर के साथ गांव में ही रहती है. ग्रामीणों और परिजनों की मानें तो शुक्रवार शाम को महिला किसी बात पर अपने बच्चों को पीट रही थी. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर उसके देवर और ससुर ने उसे ऐसा करने से मना किया. बस, इतनी सी बात पर महिला भड़क उठी और देवर के साथ उसकी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई.
यह भी पढ़िए: अलीगढ़ ऑडी कांड में बड़ा एक्शन: पुलिस के हत्थे चढ़ा BJP के पूर्व जिलाध्यक्ष का भतीजा, नेताजी बोले-विक्रांत बेगुनाह
देखते ही देखते देवर को किया घायल
दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि गुस्से से पागल हुई महिला ने देवर पर हमला कर दिया. इस दौरान उसने क्रूरता की हदें पार करते हुए देवर के प्राइवेट पार्ट को मुंह से काट लिया. भाभी के इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और दर्द से चीखने लगा. युवक की हालत देख परिजनों में कोहराम मच गया. आनन-फानन में परिजन उसे घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया. उसके बाद उसे कानपुर के उर्सुला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज हो रहा है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. सजेती थाना प्रभारी अनुज कुमार का कहना है कि घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस इस घरेलू विवाद के असली कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़िए: शिवा शर्मा केस: श्रद्धा दुबे से जेल में मिलने कोई नहीं आया, रात के खाने में मिली उड़द दाल और आलू-मेथी