बलरामपुर मार्ग पर दो बाइकों की जोरदार टक्कर, तीन किशोरों समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत; दो घायल
बलरामपुर के उतरौला में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं. कोहरे और पैदल राहगीरों को बचाने के प्रयास में हादसे की आशंका. मृतकों और घायलों की पहचान सामने आई.
पवन तिवारी/बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के उतरौला-बलरामपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा अक्सी बड़हरा गांव के पास हुआ. शुरुआती सूचना में अज्ञात वाहन की टक्कर की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई है. हादसे में दोनों बाइकों पर सवार करीब सात लोग इसकी चपेट में आ गए.एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह बोले-जांच के बाद दुर्घटना की वजह स्पष्ट होगी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया. एक घायल की गंभीर हालत देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जबकि दूसरे घायल को परिजन अपनी इच्छा से निजी अस्पताल ले गए. घायलों के गौरीवनडीह गांव के निवासी होने की जानकारी सामने आई है.
हादसे में इन पांच लोगों की हुई मौत
मोहम्मद फारूक (17 वर्ष) – पिता हैदर अली, निवासी गौरियानडीह, थाना उतरौला
सलीम (17 वर्ष) – पिता मोहम्मद रईस, निवासी गौरियानडीह, थाना उतरौला
गुफरान (18 वर्ष) – पिता नूर मोहम्मद, निवासी बरदही बाजार, थाना उतरौला
तौफीक (19 वर्ष) – पिता मैनुद्दीन, निवासी छपरतलवा, थाना श्रीदत्तगंज
फजल मोहम्मद (23 वर्ष) – पिता नगर मोहम्मद, निवासी चंदापुर चिताही, थाना श्रीदत्तगंज
हादसे में दो लोग घायल, एक रेफर
दुर्घटना में दो लोग घायल हुए हैं. उनकी पहचान मुज्जमिल (22 वर्ष), पिता सिकंदर अली और नाहिद रजा (18 वर्ष), पिता समीर के रूप में हुई है. दोनों बड़हरा कोट, थाना उतरौला के रहने वाले हैं.
पैदल राहगीरों को बचाने के प्रयास में टकराईं बाइकें?
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि सड़क पर पैदल चल रहे एक-दो लोगों को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं. हादसे की वजह कोहरा भी हो सकता है. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है. मृतक बड़ाहरा खुर्द, छपरतलवा और श्रीदत्तगंज क्षेत्र के चंद्रपुर गांव के निवासी बताए गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मऊ में बड़ा हादसा टला: टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए छत से कूदे कर्मचारी