प्यार के लिए टावर पर 'सत्याग्रह': 3 घंटे चला प्रेमिका का हाईवोल्टेज ड्रामा, फिर फोन की घंटी बजी और हो गया प्रेमी से निकाह
बहराइच में एक प्रेमिका अपने प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई. परिवार और गांववालों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन लड़की नीचे नहीं उतरी. बेटी की जिद के आगे घर वालों ने हार मान ली. फिर दोनों का ऑनलाइन निकाह कराया गया.
बहराइच, राजीव शर्मा: प्यार की खातिर लोग कई बार ऐसी हदें पार कर जाते हैं जिस पर यकीन करना मुश्किल होता है. उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका की जिद के आगे आसमान की ऊंचाइयों पर ही निकाह का मंडप सज गया. एक लड़की अपने प्रेमी से निकाह करने की जिद में सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी और जब तक फोन पर उसका निकाह नहीं हुआ, वह नीचे उतरने को राजी नहीं हुई. इस वाकये ने हर किसी को हैरान कर दिया है.
5 महीने से चल रहा था अफेयर
यह पूरा वाकया बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र के बसथनवा गांव का है. यहां की 19 वर्षीय साहिबा बेगम उर्फ महक का दिल गांव के ही 21 वर्षीय फखरुद्दीन उर्फ नूरुद्दीन पर आ गया था. दोनों के घरों के बीच महज एक किलोमीटर की दूरी है. इनका प्रेम-प्रसंग पिछले पांच महीनों से चल रहा था, लेकिन घर वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे. दो महीने पहले नूरुद्दीन नौकरी के लिए मुंबई चला गया था.
नूरुद्दीन के परिवार में पिता फारुख, मां और दो भाई हैं. परिवार खेती-किसानी और मजदूरी करता है. वहीं, महक के पिता रईस अहमद की मौत हो चुकी है. उसकी मां हसमतुन्निशा ही मजदूरी कर घर चलाती हैं. उन्होंने बेटी को शादी के लिए मना कर दिया था, लेकिन मां की डांट के बाद भी महक नूरुद्दीन से बात करती रही.
मां से बहस के बाद टावर पर चढ़ गई महक
शुक्रवार को एक बार फिर महक की अपनी मां से शादी को लेकर बहस हुई. इसके बाद वह घर से निकली और गांव के बाहर बने मोबाइल टावर पर चढ़ गई. गांव के लोगों ने देखा तो नीचे उतरने के लिए कहा. महक ने धमकी दी कि कोई पास आया तो कूदकर जान दे दूंगी. मुझे नूरुद्दीन से निकाह करनी है. गांव वालों ने दोनों के परिजनों और पुलिस को सूचना दी. लड़की की मां इसके बाद भी शादी के लिए राजी नहीं थी.
3 घंटे तक चलता रहा ड्रामा
गांव वाले लड़की और उसकी मां दोनों को समझाने की कोशिश करते रहे. महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई. महक को भरोसा दिया गया कि नीचे आ जाओ लड़के को बुलाकर शादी करा दी जाएगी, लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं हुई. गांव के लोगों और पुलिस के समझाने पर दोनों का निकाह कराने का फैसला लिया गया. गांव की मस्जिद से काजी को बुलाया गया. 3 घंटे के ड्रामे के बाद काजी ने टावर पर चढ़ी लड़की को कॉल की और निकाह के बारे में समझाया. फोन पर ही लड़की से निकाह कबूल करवाया गया.
काफी जद्दोजहद के बाद टावर से उतरी महक
इसके बाद मुंबई में रह रहे नूरुद्दीन को फोन करके मामले की जानकारी दी गई. उसने भी निकाह के लिए रजामंदी दे दी. काजी ने उससे भी फोन पर निकाह कबूल करवाया. लड़की को जब भरोसा हो गया कि उसका निकाह हो गया है, तब वह नीचे आने के लिए तैयार हुई. महिला पुलिस कर्मियों की मदद से महक को नीचे उतारा गया. काफी जद्दोजहद के बाद उसे टावर से उतारा गया और फिर पुलिसकर्मी लड़की और उसके परिजनों को थाने लेकर गए. वहां से समझाने के बाद महक को उसकी मां के साथ घर भेज दिया गया.
थाना प्रभारी ब्रह्मानंद गौड़ ने बताया कि प्रेम-प्रसंग का मामला है. प्रेमी से शादी करने की जिद पर लड़की टावर पर चढ़ी थी. निकाह होने के बाद उसे नीचे उतार लिया गया है. फिलहाल लड़की को उसके घर वालों के साथ भेज दिया गया है. अगर कोई शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़िए: हापुड़ दंगल में 'फौलादी दांव': काजल बनीं महिला केसरी, तो विक्की हुड्डा ने भी गाड़ा जीत का झंडा