यूपी में कांग्रेस-सपा का साथ पक्का: सीट शेयरिंग पर क्या है प्लान? आराधना मिश्रा का बड़ा बयान
प्रयागराज पहुंचीं आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि 2027 के नतीजे 2024 से बेहतर होंगे. उन्होंने कहा कि यूपी में अकेले चुनाव लड़ने का सवाल ही नहीं है.
संगम नगरी प्रयागराज में सामाजिक न्याय सम्मेलन में शामिल होने पहुंचीं यूपी कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा, ये कांग्रेस पार्टी की विचारधारा का सम्मेलन है. कांग्रेस पार्टी की सबको साथ लेकर चलने की विचारधारा पर आधारित यह सामाजिक न्याय सम्मेलन आयोजित हो रहा है. आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि आजादी के बाद से लेकर आज तक हर वर्ग, हर समाज और धर्म के लोग कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े रहे, आज भी न्याय योद्धा राहुल गांधी के साथ हर वर्ग के लोग खड़े हैं.
'मोदी जी की सरकार बैशाखी पर'
वहीं, यूपी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि जिस तरीके से 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. मोदी जी के अहंकार का रथ यूपी में आकर रुक गया. आज मोदी जी की सरकार बैशाखी पर है, एक तरफ नीतीश कुमार हैं तो दूसरी तरफ चंद्रबाबू नायडू हैं. यह उत्तर प्रदेश के इंडिया गठबंधन के साथियों की मेहनत का ये नतीजा था.
2024 से बेहतर होगा 2027 का रिजल्ट
आराधना मिश्रा मोना ने दावा किया है कि 2027 का परिणाम 2024 के लोकसभा चुनाव से बेहतर होगा. हमारा इंडिया गठबंधन बहुत मजबूत है, जहां तक सीटों की बात है तो यह दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि हम कितनी सीटों पर सामंजस्य बनाकर लड़ेंगे. आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि मुद्दा ये है कि इंडिया गठबंधन 2027 में सरकार बनाएगा, हम सिर्फ चुनाव लड़ेंगे नहीं बल्कि चुनाव को जीतेंगे.
175 से 200 सीटों की सूची सौंपी गई
वहीं, कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा के साथ गठबंधन को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच आपसी सामंजस्य है. यूपी विधानसभा का चुनाव दोनों पार्टी मिलकर साथ लड़ना चाहती हैं. राजेंद्र पाल गौतम ने कहा अलग से चुनाव लड़ने का कोई सवाल ही नहीं उठता है. राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व जल्द ही सीट शेयरिंग पर बैठक करेगा. उन्होंने कहा 175 से 200 सीटों की सूची शीर्ष नेतृत्व को सौंप दी गई है. दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व जल्द ही बैठकर सीट शेयरिंग का मुद्दा भी सुलझा लेंगे. राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन बीजेपी की तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकेगा. प्रयागराज में सामाजिक न्याय सम्मेलन में शामिल होने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पहुंचे. प्रयागराज में नेहरू गांधी के पैतृक निवास आनंद भवन भी सभी नेता पहुंचे.
(प्रयागराज से मोहम्मद गुफरान की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; मानहानि केस में राहुल गांधी की किस्मत का फैसला कल: सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचेंगे नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस खेमे में हलचल