)
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सहारनपुर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के आवास पर पहुंची सीबीआई की टीम करीब चार घंटे की पूछताछ के बाद वापस लौट गई. वायरल ऑडियो और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर सीबीआई ने उर्मिला सनावर से सवाल-जवाब किए. पूछताछ के बाद अभिनेत्री ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि जांच एजेंसी ने उनसे कई रिकॉर्डिंग, वीडियो और मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में सवाल किए. उन्होंने यह भी दावा किया कि सीबीआई के पास अभी पूरी रिकॉर्डिंग और सभी साक्ष्य नहीं पहुंचे हैं. उर्मिला सनावर ने लाइव नार्को टेस्ट कराने की सहमति देने की बात भी कही है.
अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पहुंची सीबीआई की टीम
सहारनपुर के गोविंद नगर में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के आवास पर सीबीआई की चार सदस्यीय टीम पहुंची थी. अभिनेत्री के मुताबिक, टीम दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर उनके घर पहुंची और अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो के संबंध में पूछताछ की. करीब चार घंटे तक चली पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम उनके आवास से बाहर निकल गई.
वायरल रिकॉर्डिंग और कथित बातचीत से जुड़े सवाल
उर्मिला सनावर ने बताया कि पूछताछ के दौरान उनसे वायरल रिकॉर्डिंग, उसमें हुई कथित बातचीत और मामले से जुड़े विभिन्न लोगों के संबंध में सवाल किए गए. उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी ने उनसे यह भी जानने की कोशिश की कि अंकिता भंडारी के लिए न्याय की लड़ाई से वह कैसे जुड़ीं और उन्होंने संबंधित रिकॉर्डिंग किस परिस्थिति में तैयार की थी. पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर ने दावा किया कि उन्होंने सीबीआई अधिकारियों को कई ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो सुनाए-दिखाए. उनके मुताबिक, उन्होंने जांच से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी अधिकारियों के सामने रखे.
48 मिनट की रिकॉर्डिंग का जिक्र
अभिनेत्री का दावा है कि सीबीआई की टीम के पास कुछ रिकॉर्डिंग और जानकारियां पूरी नहीं थीं. उन्होंने विशेष रूप से कथित 48 मिनट की रिकॉर्डिंग का जिक्र करते हुए कहा कि एसआईटी जांच के दौरान यह पूरी रिकॉर्डिंग चलाए जाने की बात कही गई थी, लेकिन उनके अनुसार सीबीआई के पास फिलहाल अंकिता भंडारी प्रकरण से संबंधित करीब ढाई मिनट की रिकॉर्डिंग ही उपलब्ध है.
बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से जुड़े सवाल किए
उर्मिला सनावर ने यह भी दावा किया कि एसआईटी जांच की वीडियोग्राफी और उससे जुड़े फुटेज सीबीआई को उपलब्ध नहीं कराए गए हैं. अभिनेत्री ने बताया कि पूछताछ के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अन्य लोगों से जुड़े सवाल भी किए गए. वायरल ऑडियो सामने आने के बाद इस मामले ने उत्तराखंड की राजनीति में काफी हलचल पैदा की थी. इसके बाद प्रकरण की जांच को लेकर चर्चाएं तेज हुईं.
नार्को टेस्ट कराने की सहमति दी
उर्मिला सनावर ने आरोप लगाया कि जांच से जुड़े सभी साक्ष्य अभी तक जांच एजेंसी तक नहीं पहुंचे हैं. उन्होंने यह भी आशंका जताई कि जल्दबाजी में की गई पूछताछ से मामले के सभी पहलुओं की जानकारी सामने नहीं आ पाएगी. ये सभी बातें अभिनेत्री ने अपने बयान में कही हैं. पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर ने एक और बड़ा दावा किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने सीबीआई के साथ एक पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें उन्होंने अपना नार्को टेस्ट कराने की सहमति दी है. अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने यह इच्छा भी जताई है कि उनका नार्को टेस्ट लाइव हो और जनता तथा मीडिया के सामने कराया जाए.
पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया
उर्मिला सनावर के मुताबिक, सीबीआई ने उन्हें आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली में अपने कार्यालय बुलाया है. उन्होंने कहा कि वह दशहरे के बाद दोबारा दिल्ली जाएंगी. अभिनेत्री ने यह भी कहा कि वह मौजूदा पूछताछ से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और उनके अनुसार जांच एजेंसी को अभी कई अहम जानकारियां तथा साक्ष्य मिलने बाकी हैं.
(सहारनपुर से नीना जैन की रिपोर्ट)