)
आगरा, कपिल अग्रवाल: शुक्रवार को एमएलसी के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में वोटिंग हुई. इस बीच आगरा में सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है. यहां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल कैमरे के सामने फूट-फूट कर रो पड़े. उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया से अपना विश्वास उठने की बात कही.
बूथ कैप्चरिंग और मनमानी का आरोप
सपा प्रत्याशी के इन आरोपों और भावुक अंदाज ने जिले की राजनीति में तहलका मचा दिया है. सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने प्रशासनिक मशीनरी पर दुर्व्यवहार का सीधा आरोप लगाया. सपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि खेरागढ़, फतेहाबाद और छत्ता में बूथ कैप्चरिंग की गई है. उनका कहना है कि दोपहर के भोजन के नाम पर पोलिंग बूथों के कमरे बंद कर दिए गए और भीतर मनमानी की गई.
भावुक होकर दिया बड़ा बयान
आकाश अग्रवाल के मुताबिक, इस पूरी धांधली की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई, लेकिन किसी भी स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई. इतना ही नहीं, सपा प्रत्याशी ने रोते हुए कहा कि मेरा चुनाव प्रक्रिया और न्याय व्यवस्था से पूरी तरह से भरोसा उठ चुका है. उन्होंने यह भी कहा कि मेरे पूरे परिवार के साथ मुझे भी जेल में डाल दें.
इस्लाम कबूल करने की कही बात
डॉ. आकाश अग्रवाल ने आगे कहा कि ऐसा लग रहा है कि मैं पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं. मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है. मैं ऐसे सनातन में रहना नहीं चाहता हूं. मैं अब शाही जामा मस्जिद जाकर अल्लाह की शरण लूंगा और वहीं इस्लाम कबूल करूंगा. उनके इस बयान ने चुनावी माहौल को गरमा दिया है.
सपा प्रत्याशी ने यह भी कहा कि मुझे हार जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता है. मैं आजाद भारत में रह रहा हूं. मैं किस पार्टी से चुनाव लड़ूंगा और किससे नहीं लड़ूंगा, इसका फैसला मैं करूंगा. इतना ही कहना चाहूंगा कि अभी भी बूथ कैप्चरिंग हो रही है.
फतेहाबाद का कथित वीडियो वायरल
इसी बीच फतेहाबाद ब्लॉक में भी बूथ कैप्चरिंग का तथाकथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है. मामले को लेकर मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि मुझे शिकायत प्राप्त हुई है और वायरल हो रहे वीडियो की जांच हो रही है. जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.