आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रियल हीरो: पलटी कार, दरवाजे जाम... सिपाही और पत्नी ने 5 लोगों को दिया जीवन दान
Agra Lucknow Expressway Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कन्नौज क्षेत्र में बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा होने से टल गया. उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही और उनकी पत्नी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कार में फंसी 5 जिंदगियों को सकुशल बाहर निकाल लिया.
Agra Lucknow Expressway Accident/ प्रवीण पांडे (कानपुर): तेज बारिश, फिसलन भरी सड़क और पलक झपकते ही बेकाबू होकर पलटती एक तेज रफ्तार कार... आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के कन्नौज में कुछ ही पलों के भीतर एक भीषण हादसा खौफनाक मोड़ ले चुका था. हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार के सभी दरवाजे जाम हो गए थे और भीतर फंसे 5 यात्रियों की सांसें अटक चुकी थीं, लेकिन ठीक उसी वक्त वहां से गुजर रहे खाकी वर्दी के एक देवदूत और उनकी जीवनसंगिनी की एंट्री हुई, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और अदम्य साहस से एक बड़े हादसे को टाल दिया.
तेज बारिश में पलटी कार, जाम हुए दरवाजे
जानकारी के अनुसार, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बारिश के कारण गीली सड़क पर एक सफेद रंग की कार अचानक अनियंत्रित हो गई. कार सड़क किनारे बने डिवाइडर और लोहे की सेफ्टी रेलिंग से टकराते हुए बीच सड़क पर पलट गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों दरवाजे लॉक हो गए. जिसके चलते कार के भीतर मौजूद 5 लोग अंदर ही फंस गए.
सिपाही अमित तेवतिया और पत्नी अर्चना ने दिखाई सूझबूझ
इसी बीच वहां से उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही अमित तेवतिया अपनी पत्नी अर्चना सिंह के साथ गुजर रहे थे. जैसे ही उनकी नजर क्षतिग्रस्त और पलटी हुई कार पर पड़ी, अमित ने बिना एक सेकेंड गंवाए अपनी गाड़ी साइड में रोकी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिपाही दंपति तुरंत फंसी हुई कार की तरफ भागे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. कार के दरवाजे न खुलने पर सिपाही अमित तेवतिया ने अपनी सर्विस राइफल के बट से कार का शीशा तोड़ा.
पत्नी अर्चना सिंह ने भी बिना किसी झिझक के मोर्चे पर डटकर अमित का साथ दिया. दोनों ने वहां मौजूद कुछ अन्य राहगीरों को आवाज देकर मदद के लिए बुलाया. इसके बाद एक-एक कर कार में फंसे सभी 5 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
वर्दी के फर्ज की हो रही सराहना
अगर सिपाही अमित तेवतिया और उनकी पत्नी अर्चना सिंह वक्त रहते मौके पर न पहुंचते, तो कार में आग लगने या गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो सकता था. अपनी जान की परवाह किए बिना खाकी के फर्ज और इंसानियत को सर्वोपरि रखने वाले इस दंपती की त्वरित कार्रवाई से सभी 5 जानें सुरक्षित बच गईं. अब सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय प्रशासन तक, सिपाही अमित तेवतिया और उनकी पत्नी अर्चना सिंह के इस साहसिक कदम की जमकर तारीफ हो रही है. लोग कह रहे हैं कि असली हीरो वे ही हैं, जो खाकी का मान और इंसानियत का धर्म एक साथ निभाते हैं.