)
लखनऊ के शिवा शर्मा केस में फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. तीनों को पकड़ने के लिए लखनऊ पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी. आखिरकार मंगलवार शाम पुलिस को सफलता मिल गई. एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने गिरफ्तारी की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि फरारी के दौरान आरोपी बेहद शातिर तरीके से पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे.
एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि फरारी के दौरान श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे बुर्का पहनकर यात्रा करती थीं. दोनों ऐसी जगहों पर ठहरती थीं, जहां पहचान से जुड़ी ज्यादा पूछताछ न पूछते हो. इसके लिए वे छोटे होटलों में रुकती थीं और किसी भी जगह पर ज्यादा समय तक नहीं ठहरती थीं.
वहीं, पुलिस से बचने के लिए वे मोबाइल और सोशल मीडिया का इस्तेमाल कम करती थीं. इससे पुलिस को उनकी लोकेशन का पता लगाने में परेशानी हो रही थी. एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि श्रद्धा दुबे पुलिस से करीब 10 से 12 घंटे आगे चल रही थी. यानी पुलिस जिस जगह पहुंचने की तैयारी करती, आरोपी उससे पहले ही उस जगह को छोड़कर फरार हो जाते. यही वजह रही कि पुलिस को तीनों को गिरफ्तार करने में समय लग गया.
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी पहले नेपाल गए थे. इसके बाद वे वापस लखनऊ आ गए, ताकि पुलिस को लगे कि वे अभी भी नेपाल में हैं, फिर श्रद्धा दुबे लखनऊ आई और एक चैनल को बाइट देने के बाद तत्काल उत्तर प्रदेश से बाहर चली गई.
नागपुर पहुंचने के लिए आरोपियों ने टैक्सी का इस्तेमाल किया. एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि तीनों सफर के दौरान गाड़ियां भी बदलते रहते थे. एक टैक्सी छोड़कर दूसरी गाड़ी से आगे निकल जाते थे, ताकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपना ठिकाना बदल सकें. लगातार बदलती लोकेशन, बुर्के में सफर, छोटे होटलों में ठहरने जैसे तरकीब अपनाते थे. पुलिस ने तीनों को नागपुर से लखनऊ ला रही है.
(लखनऊ से तुषार श्रीवास्तव की रिपोर्ट)