17 नवंबर को दुनिया में छा जाएगा अंधेरा? 'द सिम्पसंस' की वायरल भविष्यवाणी से मची हलचल, जानिए क्या है सच
क्या आज 17 नवंबर को पूरी दुनिया की बिजली गुल हो जाएगी? क्या इंटरनेट से लेकर बैंकिंग तक सबकुछ ठप पड़ जाएगा? सोशल मीडिया पर इस समय अमेरिकी कार्टून शो 'द सिम्पसंस' के एक पुराने एपिसोड को लेकर ऐसी ही चर्चा हो रही है. वायरल वीडियो में 17 नवंबर की तारीख दिखाई देती है, जिसके बाद लोग इसे साल 2026 में होने वाले ग्लोबल ब्लैकआउट से जोड़ रहे हैं. लेकिन इस दावे की हकीकत कुछ और है.
द सिम्पसंस कार्टून के बारे में आपने कभी न कभी कहीं से जरूर सुना होगा. जब भी कोई बड़ी घटना होती है या होने वाली होती है, तब इस कार्टून की कोई क्लिप उससे रिलेट कर सोशल मीडिया पर शेयर की जाने लगती है. उस वीडियो के साथ दावा किया जाता है कि 'द सिम्पसंस' ने इस घटना की पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी. ऐसे ही इस बार एक बार फिर अमेरिकी एनिमेटेड शो 'द सिम्पसंस' की चर्चा हो रही है. इस शो के कई पुराने सीन को लोग आज की दुनिया में होने वाली घटनाओं से जोड़ रहे हैं.
अब जो क्लिप वायरल हो रही है, उसमें दुनिया में एक बड़े ब्लैकआउट का जिक्र बताया जा रहा है. वीडियो में 17 नवंबर की तारीख दिखाई देती है. बस इसी तारीख को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि 17 नवंबर 2026 को पूरी दुनिया में बिजली और इंटरनेट बंद हो सकते हैं. अब इसमें क्या सच है, यही हम यहां जानने की कोशिश कर रहे हैं.
2023 के एपिसोड में दिखा था ब्लैकआउट
वायरल वीडियो 'द सिम्पसंस' के सीजन 35 के एपिसोड 'इट्स अ ब्लंडरफुल लाइफ' से है. यह एपिसोड नवंबर 2023 में टेलिकास्ट हुआ था. इसकी कहानी में शो का काल्पनिक शहर स्प्रिंगफील्ड भविष्य के करीब 60 साल आगे पहुंच जाता है. इस दौरान लीजा सिम्पसन को एक डायरी में पुराने ब्लैकआउट के बारे में लिखते हुए दिखाया जाता है. डायरी के पन्ने पर 17 नवंबर की तारीख भी नजर आती है. इसी सीन को सोशल मीडिया यूजर्स ने मौजूदा साल से जोड़ दिया. हालांकि, एपिसोड में कहीं यह नहीं बताया गया है कि यह घटना 17 नवंबर 2026 को होगी. न ही इसमें पूरी दुनिया की बिजली गुल होने की भविष्यवाणी की गई है. कहानी एक काल्पनिक शहर और वहां हुई घटना के इर्द-गिर्द घूमती है.
सोशल मीडिया पर किसी ने कहा भविष्यवाणी, तो किसी ने बताया अफवाह
क्लिप वायरल होने के बाद एक्स समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग अपनी-अपनी राय देने लगे. कुछ यूजर्स ने हैरानी जताई कि 'द सिम्पसंस' की कहानियां बार-बार असली घटनाओं से मिलती-जुलती कैसे दिखाई देती हैं. एक यूजर ने लिखा कि उसे समझ नहीं आता कि इस शो में ऐसा क्या है कि इसकी बातें बार-बार चर्चा में आ जाती हैं. वहीं, कुछ लोगों ने इस घटना को किसी बड़ी साजिश से जोड़ने की कोशिश की. दूसरी तरफ, कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर एपिसोड में साल 2026 का जिक्र ही नहीं है तो फिर इसे इस साल होने वाली घटना की भविष्यवाणी कैसे माना जा सकता है. एक्स के एआई असिस्टेंट ग्रोक ने भी इसे कुछ वास्तविक घटनाओं और काल्पनिक कहानी को मिलाकर फैलाई गई अफवाह बताया.
17 नवंबर को अमेरिका में क्या होने वाला है?
इस अफवाह को हवा मिलने की एक बड़ी वजह अमेरिका में 17 नवंबर को होने वाला इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का टेस्ट भी है. अमेरिकी आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (FEMA) और फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) ने इस दिन देशभर में अलर्ट सिस्टम की जांच करने की योजना बनाई है. इस टेस्ट के दौरान अमेरिका में रेडियो और टेलीविजन प्रसारण के जरिए एक टेस्ट मैसेज भेजा जाएगा. केबल और सैटेलाइट टीवी सर्विसेज पर भी सामान्य कार्यक्रम कुछ समय के लिए रुक सकते हैं. यह जांच दोपहर 2:20 बजे ईस्टर्न टाइम पर तय की गई है. इसका मकसद यह देखना है कि किसी असली आपात स्थिति में सरकार लोगों तक जरूरी सूचना कितनी आसानी से पहुंचा सकती है. मैसेज में साफ बताया जाएगा कि यह सिर्फ एक टेस्ट है और लोगों को कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है. मतलब यह बिजली काटने का अभ्यास नहीं, बल्कि वार्निंग मैसेज भेजने वाले सिस्टम की जांच है.
क्या सच में बंद हो सकती है बिजली और इंटरनेट?
सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि 17 नवंबर को बिजली, इंटरनेट और बैंकिंग सेवाएं बंद हो सकती हैं. कुछ दावों में तो कई दिनों तक दुनिया के अंधेरे में रहने की बात भी कही जा रही है. लेकिन इन दावों के समर्थन में कोई भरोसेमंद सबूत सामने नहीं आया है. अमेरिका में होने वाला इमरजेंसी अलर्ट टेस्ट भी किसी संभावित बिजली संकट या ग्लोबल ब्लैकआउट की वार्निंग नहीं है. यह एक तय प्रक्रिया के तहत किया जा रहा सामान्य टेस्ट है. इसलिए सिर्फ एक कार्टून एपिसोड में दिखाई गई तारीख और अमेरिका में होने वाले अलर्ट टेस्ट को जोड़कर दुनिया भर में बिजली बंद होने की बात कहना सही नहीं होगा.
पहले भी भविष्यवाणियों को लेकर चर्चा में रहा है शो
'द सिम्पसंस' को लेकर ऐसी चर्चाएं नई नहीं हैं. इससे पहले भी शो के कई सीन को राजनीति, टेक्नोलॉजी और दुनिया की बड़ी घटनाओं से जोड़कर देखा गया है. इसी साल इसके एक पुराने एपिसोड को जेफरी एपस्टीन से जुड़े विवाद के साथ जोड़कर भी सोशल मीडिया पर चर्चा हुई थी. यह एपिसोड साल 2000 में टेलिकास्ट हुआ था. इसमें होमर इंटरनेट पर एक गॉसिप ब्लॉग शुरू करता है और 'मिस्टर एक्स' नाम से पोस्ट लिखता है. एक पोस्ट में एक द्वीप पर दुनिया को चलाने वाले रहस्यमयी लोगों का जिक्र आता है. बाद में सोशल मीडिया यूजर्स ने इसकी तुलना एपस्टीन के निजी द्वीप से करनी शुरू कर दी. हालांकि, ऐसी समानताओं को किसी असली घटना की पक्की भविष्यवाणी नहीं माना जा सकता.
17 नवंबर की तारीख का सच क्या है?
फिलहाल वायरल ब्लैकआउट की कहानी को सच मानने की कोई वजह नहीं है. 'द सिम्पसंस' के एपिसोड में 17 नवंबर की तारीख जरूर दिखाई देती है, लेकिन साल 2026 में पूरी दुनिया की बिजली बंद होने की बात नहीं कही गई है. अमेरिका में होने वाला अलर्ट टेस्ट भी एक सामान्य सरकारी प्रक्रिया है. ऐसे में घबराने या किसी अफवाह के आधार पर जरूरी सामान जमा करने की जरूरत नहीं है. इंटरनेट पर वायरल हो रही हर भविष्यवाणी को सच मानने के बजाय उसकी असली जानकारी के बारे में पता करना ज्यादा जरूरी है.
यह भी पढ़ें:- कैंसर को हराकर बजाई जीत की घंटी: 3 साल की बच्ची के स्वागत में तालियों से गूंज उठा अस्पताल; VIDEO देख भर आएंगी आंखें
यह भी पढ़ें:- इजरायल में जन्म, भारत में गुरुकुल की पढ़ाई: 12 साल वैदिक शिक्षा लेकर अब दुनिया को सिखा रहा सनातन धर्म; VIDEO वायरल