महा माइग्रेशन: एक साथ निकली 'करोड़ों लाल केकड़ों की आर्मी', सड़कों पर लग गया जाम; इंसानों के आने-जाने पर BAN!
ऑस्ट्रेलिया के क्रिसमस आइलैंड पर करीब 10 करोड़ लाल केकड़ों का सालाना माइग्रेशन शुरू हो गया है. जंगल से समुद्र की ओर बढ़ते इन केकड़ों की वजह से सड़कों पर लाल नदी जैसा नजारा दिख रहा है.
दुनिया में प्रकृति के कई ऐसे करिश्मे हैं, जिन्हें देखकर इंसान दंग रह जाता है. ऐसा ही एक अद्भुत नजारा इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के पर्थ से करीब 2,600 किलोमीटर दूर स्थित क्रिसमस आइलैंड पर देखने को मिल रहा है. यहां मानसून की पहली बारिश होते ही करीब 10 करोड़ लाल केकड़े जंगल छोड़कर समुद्र की तरफ निकल पड़े हैं. इस नजारे को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे पूरे द्वीप पर कोई लाल रंग की नदी बह रही हो.
गाड़ी चलाने के लिए लोग लेते हैं दोस्तों की मदद
एबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, हर साल बारिश का मौसम शुरू होते ही ये करोड़ों केकड़े प्रजनन और अंडे देने के लिए जंगल के अंदरूनी हिस्सों से समुद्र तट की ओर सफर शुरू करते हैं. इस वजह से द्वीप पर रहने वाले लोगों के लिए कई हफ्तों तक रोजमर्रा का सफर एक बड़ी चुनौती बन जाता है. स्थानीय फार्मासिस्ट ग्रेस ओर-यंग बताती हैं कि इस दौरान लोगों को बेहद सावधानी से और बहुत धीमी गति में गाड़ी चलानी पड़ती है, ताकि एक भी केकड़ा टायर के नीचे न आए.
ग्रेस के अनुसार, कई बार जब कहीं जाना जरूरी होता है तो वह अपने साथ किसी दोस्त को ले जाती हैं. एक व्यक्ति गाड़ी चलाता है और दूसरा आगे-आगे हाथ में रेक लेकर सड़क से केकड़ों को हटाता चलता है, ताकि वे पहियों में न फंसें.
पहली बार घर बैठे लाइव देख सकेंगे यह नजारा
क्रिसमस आइलैंड पर केकड़ों के इस सफर को देखना दुनिया भर के प्रकृति प्रेमियों की बकेट लिस्ट में शामिल होता है. इस साल पहली बार 'पार्क्स ऑस्ट्रेलिया' ने इस अनोखी घटना की लाइव स्ट्रीमिंग शुरू की है, ताकि दुनिया भर के लोग अपने घर बैठे ऑनलाइन इस अद्भुत नजारे का आनंद ले सकें.
क्रिसमस आइलैंड नेशनल पार्क के प्रोग्राम मैनेजर मार्क बेनेट का कहना है कि ये केकड़े अपनी यात्रा की प्लानिंग करने में माहिर होते हैं. वे तारीखों का उल्टा हिसाब लगाकर बिल्कुल सही समय पर समुद्र तक पहुंचते हैं, ताकि चांद की आखिरी तिमाही और उतरते हुए हाई टाइड के बीच सुबह होने से पहले समुद्र में अपने अंडे दे सकें. केकड़ों की सुरक्षा के लिए यहां कई सड़कें बंद कर दी जाती हैं और खास 'क्रैब ब्रिज' भी बनाए गए हैं, जिससे केकड़े बिना किसी नुकसान के सड़क पार कर सकें.
सूरज या धरती के चुंबकीय क्षेत्र से पहचानते हैं रास्ता?
इस साल इस अद्भुत घटना को करीब से समझने के लिए स्वीडन की लुंड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर मैरी डैके और एरिक वारंट भी क्रिसमस आइलैंड पहुंचे हैं. एबीसी पिलबरा से बातचीत में डॉ. डैके ने कहा कि यह जानवरों के व्यवहार का सबसे हैरान करने वाला नजारा है, जिसे देखकर लगता है मानो जंगल के बीच से कोई लाल नदी बह रही हो.
वहीं डॉ. वारंट के मुताबिक, वैज्ञानिक अभी तक इस बात का सटीक पता नहीं लगा पाए हैं कि ये केकड़े हर साल बिना भटके सही रास्ता कैसे ढूंढ लेते हैं. उनका मानना है कि शायद ये केकड़े सूरज, धरती के चुंबकीय क्षेत्र या किसी खास तरह की रोशनी का इस्तेमाल एक कंपास की तरह करते हैं.
यह भी पढ़ें: '15 साल से खरीद रहा था लॉटरी...' 500 रुपये के टिकट ने ट्रक ड्राइवर को रातोंरात बना दिया 12 करोड़ का मालिक