'इंसानों के चेहरों में दिखती है बिल्ली और बिल्ली में इंसान': ब्रेन सर्जरी के बाद बदल गई 28 साल के कार्ल की दुनिया; जानें क्या है बीमारी
अगर आप किसी दोस्त से बात कर रहे हों और अचानक उसके चेहरे पर अपनी पालतू बिल्ली की आंखें और चेहरे की धारियां दिखाई देने लगें. सुनने में यह किसी डरावनी फिल्म जैसा लग सकता है, लेकिन 28 साल के एक शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हो रहा है. दिमाग की सर्जरी के बाद उसे लोगों के चेहरों में अपनी बिल्ली लूना के फीचर्स नजर आने लगे हैं. यह दुर्लभ मामला अब वैज्ञानिकों के लिए भी दिलचस्प बना हुआ है.
आमतौर पर हम किसी को देखते हैं तो उसका चेहरा पहचानने में हमें ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती. दिमाग आंखों से मिली जानकारी के आधार पर तुरंत बता देता है कि सामने कौन है. लेकिन जरा सोचिए, अगर किसी का चेहरा देखते समय आपको उसमें किसी दूसरे इंसान या जानवर की शक्ल दिखाई देने लगे तो कैसा लगेगा?
अमेरिका के एक 28 वर्षीय युवक के साथ कुछ ऐसा ही हो रहा है. रिसर्च में उसकी पहचान कार्ल के नाम से बताई गई है. वह जब कुछ लोगों के चेहरे देखता है तो कई बार उनमें अपनी पालतू बिल्ली लूना की आंखें और चेहरे के दूसरे निशान दिखाई देने लगते हैं. यह बदलाव कुछ मिनटों तक नहीं, बल्कि कई बार घंटों तक बना रहता है. कभी-कभी तो उसे पूरे दिन ऐसे ही चेहरे नजर आते हैं.
अपनी बिल्ली की आंखें और धारियां दिखने लगती हैं
न्यूजवीक की रिपोर्ट के अनुसार, कार्ल की बिल्ली का नाम लूना है. उसके चेहरे की कुछ खास पहचान हैं, जैसे बादाम के आकार की आंखें, बड़ी पुतलियां और शरीर पर बनी धारियों जैसे निशान. कार्ल को कई बार दूसरे लोगों के चेहरे पर भी यही खूबियां दिखाई देती हैं. मामला सिर्फ इतना ही नहीं है. कभी-कभी इसका उल्टा भी होता है. जब कार्ल अपनी बिल्ली लूना को देखता है तो उसे उसके चेहरे पर किसी परिचित इंसान की आंखें या चेहरे के दूसरे फीचर्स नजर आने लगते हैं. इसका मतलब है कि उसके लिए इंसान और बिल्ली के चेहरे की पहचान आपस में गड़बड़ाने लगती है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि उसे हर समय हर चेहरे पर बदलाव दिखाई देता है. ये अनुभव अलग-अलग मौकों पर होते हैं और कई घंटे तक रह सकते हैं.
दिमाग की सर्जरी के बाद शुरू हुई परेशानी
कॉर्टेक्स जर्नल में छपे एक रिसर्च पेपर के अनुसार, कार्ल के साथ यह समस्या करीब दो साल पहले शुरू हुई थी. इससे पहले उसके दिमाग के दाहिने हिस्से में खून की नसों से जुड़ी एक असामान्य समस्या थी. इसे मेडिकल भाषा में आर्टेरियोवेनस मालफॉर्मेशन (AVM) कहा जाता है. इस स्थिति में धमनियों और नसों के बीच खून का बहाव सामान्य तरीके से नहीं होता और नसों का एक असामान्य गुच्छा बन जाता है. कार्ल के मामले में यह समस्या दिमाग के दाहिने पोस्टीरियर टेम्पोरल लोब में थी. यह हिस्सा चेहरों को पहचानने और उनसे जुड़ी जानकारी समझने में अहम भूमिका निभाता है. डॉक्टरों ने इस समस्या को हटाने के लिए उसकी सर्जरी की. इसके बाद ही उसे लोगों और अपनी बिल्ली के चेहरों में एक-दूसरे के फीचर्स दिखाई देने लगे.
क्या है प्रोसोपोमेटामॉर्फोप्सिया (PMO)?
कार्ल जिस परेशानी से जूझ रहा है, उसे प्रोसोपोमेटामॉर्फोप्सिया (PMO) कहा जाता है. यह एक दुर्लभ विजुअल कंडीशन है, जिसमें इंसान को दूसरे लोगों के चेहरे सामान्य दिखाई नहीं देते. इस समस्या में किसी का चेहरा खिंचा हुआ, टेढ़ा या असामान्य रूप से बड़ा-छोटा नजर आ सकता है. कई बार आंख, नाक और मुंह जैसी चीजें अपनी सही जगह से हटी हुई दिखाई देती हैं. कुछ लोगों को चेहरे की त्वचा का रंग और बनावट भी बदली हुई लग सकती है. हालांकि, हर मरीज में इसके लक्षण एक जैसे नहीं होते. किसी को चेहरे के कुछ हिस्सों में बदलाव दिखता है, तो किसी के लिए पूरा चेहरा ही अलग नजर आने लगता है. कार्ल का मामला इसलिए खास है क्योंकि उसके अनुभव में इंसानों के चेहरे पर उसकी पालतू बिल्ली के फीचर्स दिखाई देते हैं.
दिमाग का कौन सा हिस्सा करता है चेहरा पहचानने का काम?
हमारा दिमाग किसी चेहरे को पहचानने के लिए सिर्फ आंखों से मिली तस्वीर पर निर्भर नहीं रहता. वह पहले से मौजूद यादों और अनुभवों की भी मदद लेता है. हम जिन लोगों को जानते हैं, उनके चेहरों की जानकारी दिमाग में एक तरह से सुरक्षित रहती है. डार्टमाउथ कॉलेज के प्रोफेसर ब्रैड डुशेन ने कार्ल के इस मामले को समझने में मदद की है. उनके अनुसार, दिमाग पहले से परिचित चेहरों की बारीक जानकारी याद रखता है. कार्ल के मामले में ऐसा लग रहा है कि इन यादों से जुड़े चेहरे के फीचर्स दूसरे चेहरों को देखते समय भी सामने आने लगते हैं. यही वजह है कि उसे कभी किसी इंसान में अपनी बिल्ली की आंखें दिखाई देती हैं तो कभी बिल्ली के चेहरे पर किसी परिचित व्यक्ति के फीचर्स नजर आते हैं.
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
कॉर्टेक्स जर्नल में छपे एक रिसर्च पेपर में 1986 में सामने आए एक दूसरे मामले का भी जिक्र किया गया है. उस समय एक महिला को स्ट्रोक आया था. इसके करीब नौ महीने बाद एक दिन वह बस में सफर कर रही थी. बस में एक यात्री की गोद में पूडल नस्ल का कुत्ता बैठा था. महिला ने जब उस कुत्ते को देखा तो उसे उसके चेहरे के फीचर्स दूसरे यात्रियों के चेहरों पर भी दिखाई देने लगे. वह जहां भी नजर घुमाती, लोगों के चेहरों में कुत्ते की शक्ल के कुछ हिस्से नजर आते. बताया गया कि बस से उतरने के बाद भी करीब 30 मिनट तक उसे यह अनुभव होता रहा. कार्ल का मामला भी इसी तरह की दुर्लभ स्थिति को समझने में मदद कर रहा है. दोनों घटनाओं में जानवरों के चेहरों की कुछ खास बातें इंसानों के चेहरों पर दिखाई देने लगी थीं.
इलाज को लेकर अभी साफ जानकारी नहीं
प्रोसोपोमेटामॉर्फोप्सिया के लिए फिलहाल कोई ऐसा तय इलाज नहीं है, जो हर मरीज पर एक जैसा असर करे. इसके लक्षण भी अलग-अलग लोगों में अलग समय तक बने रह सकते हैं. कुछ लोगों को यह परेशानी कुछ दिनों या हफ्तों तक होती है, जबकि कुछ मामलों में यह लंबे समय तक रह सकती है. डॉक्टरों और रिसर्चर्स के लिए ऐसे मामले यह समझने का मौका देते हैं कि हमारा दिमाग चेहरों को कैसे पहचानता है और यादों का इसमें कितना बड़ा योगदान होता है. कार्ल के अनुभव ने एक बार फिर दिखाया है कि दिमाग का काम कितना जटिल है. जिस चेहरे को हम रोज देखते हैं, उसे पहचानने के पीछे कई प्रक्रियाएं एक साथ काम करती हैं. इनमें से किसी एक हिस्से में बदलाव आ जाए तो हमारे देखने का तरीका भी पूरी तरह बदल सकता है.
यह भी पढ़ें:- लोगों का चहेता बना 1000 किलो का सील: ऑस्ट्रेलिया में 'नील' को मिली कानूनी सुरक्षा; अब 30 मीटर दूर से ही कर सकेंगे दीदार
यह भी पढ़ें:- 10 साल की शादी टूटी, तो सूअर को बना लिया हमसफर: तलाक के बाद महिला ने शुरू की नई जिंदगी; बोली- 'यही मेरा सपना था'