SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ऐसा लंगर कभी नहीं देखा होगा: अपनी कमाई से 60 हजार रुपये निकालकर शख्स ने लोगों की गाड़ियों में फ्री में भरवाया पेट्रोल-डीजल

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर फ्री पेट्रोल और डीजल का अनोखा लंगर लगाया गया, जिसमें गाड़ियों की लंबी कतार लग गई.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Nov 25, 2026, 14:28 IST | Updated: Nov 25, 2026, 14:37 IST
Image Credit: लुधियाना के पंकज कुमार ने अपनी सेविंग्स से लोगों को बांटा फ्री पेट्रोल और डीजल (instagram/briefo.in)
Join

लंगर का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में गर्मागर्म रोटी, दाल और खीर की तस्वीर आती है, लेकिन पंजाब के लुधियाना में एक ऐसा लंगर लगा जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के खास मौके पर यहां खाने का नहीं, बल्कि फ्री पेट्रोल और डीजल का लंगर लगाया गया. इस अनोखी पहल ने न सिर्फ लोगों की गाड़ियों की टंकी भरी, बल्कि इंसानियत और सेवा का एक बेहद खूबसूरत संदेश भी दिया.

गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन मौके पर लुधियाना में सेवा का एक ऐसा ही अनोखा रंग देखने को मिला, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है. शहर के ताजपुर रोड पर मौजूद एक पेट्रोल पंप पर लोगों के लिए फ्री पेट्रोल और डीजल का लंगर लगाया गया. जैसे ही आसपास के लोगों को इस बारे में पता चला, वहां अपनी गाड़ियों में तेल भरवाने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई.

अपनी बचत के 60 हजार रुपये लगाकर शुरू की पहल

वायरल वीडियो briefo के मुताबिक, अनोखी पहल की शुरुआत लुधियाना के रहने वाले पंकज कुमार ने की है. उन्होंने अपनी निजी बचत यानी पर्सनल सेविंग्स से करीब 50,000 से 60,000 रुपये इस नेक काम के लिए निकाले. सिख परंपरा में अपनी कमाई का एक हिस्सा समाज की भलाई और सेवा में लगाने को 'दसवंध' कहा जाता है, और पंकज कुमार ने इसी भावना के साथ यह कदम उठाया. उनका मानना था कि आज के समय में आम आदमी के लिए पेट्रोल और डीजल का खर्च काफी मायने रखता है, इसलिए प्रकाश पर्व पर इस तरह की मदद लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है.

 

 

एक घंटे का था प्लान, भीड़ देख बढ़ानी पड़ी टाइमिंग

शुरुआत में इस फ्री फ्यूल लंगर को सिर्फ एक घंटे के लिए चलाने की योजना बनाई गई थी. लेकिन जैसे ही लंगर शुरू हुआ, ताजपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के बाहर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं. लोगों का उत्साह और भारी भीड़ को देखते हुए आयोजकों ने सेवा का समय आगे बढ़ा दिया ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद लोगों को इसका फायदा मिल सके. वहां मौजूद हर शख्स पंकज कुमार की इस सोच और दरियादिली की दिल खोलकर तारीफ करता नजर आया.

बाबा नानक की सीख को दिया असली रूप

गुरु नानक देव जी ने हमेशा 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' यानी मेहनत से कमाने और मिल-बांटकर खाने का संदेश दिया है. पंकज कुमार की यह पहल सीधे तौर पर इन्हीं शिक्षाओं से प्रेरित रही. इस आयोजन ने यह दिखा दिया कि सेवा करने का तरीका चाहे जो भी हो, अगर नीयत साफ हो तो वह सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचती है. सोशल मीडिया पर भी लुधियाना के इस अनोखे पेट्रोल-डीजल लंगर की जमकर सराहना हो रही है और लोग इसे इंसानियत की बेहतरीन मिसाल बता रहे हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES