डॉलर में कमाई, डॉलर में महंगाई: 1 करोड़ तक सैलरी के बाद भी खुद को मिडिल क्लास मानती है महिला; बताया हर महीने का खर्च
भारत में अच्छी सैलरी मिलने पर अक्सर लोग बेहतर जिंदगी और ज्यादा बचत के सपने देखने लगते हैं. लेकिन अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला का कहना है कि करीब एक करोड़ रुपये सालाना कमाने के बाद भी वह खुद को मिडिल क्लास ही मानती हैं. महिला ने अपनी हर महीने की कमाई और खर्च का हिसाब सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इसमें टैक्स, घर की किस्त, खाने-पीने और इंश्योरेंस पर होने वाला खर्च शामिल है.
विदेश में नौकरी करने वाले भारतीयों की कमाई सुनकर अक्सर लगता है कि उनकी जिंदगी काफी आरामदायक होगी. डॉलर में मिलने वाली सैलरी जब भारतीय रुपये में बदली जाती है तो रकम और भी बड़ी दिखाई देती है. लेकिन अमेरिका में रहने वाली महिमा राठी की कहानी इस सोच से थोड़ी अलग है.
महिमा ने बताया कि वह हर महीने करीब 8,000 डॉलर यानी लगभग 7.5 लाख रुपये कमाती हैं. इस हिसाब से उनकी सालाना कमाई करीब 96,000 डॉलर बैठती है, जो भारतीय रुपये में लगभग एक करोड़ रुपये के आसपास है. इतनी अच्छी कमाई के बावजूद उनका कहना है कि अमेरिका में रहने का खर्च इतना ज्यादा है कि वह खुद को मिडिल क्लास ही मानती हैं.
सबसे पहले टैक्स और घर की किस्त में जाता है बड़ा हिस्सा
महिमा की कमाई का एक बड़ा हिस्सा टैक्स और घर की किस्त चुकाने में निकल जाता है. उन्होंने बताया कि हर महीने करीब 1,500 डॉलर यानी लगभग 1.4 लाख रुपये टैक्स में देने पड़ते हैं. इसके अलावा घर के मॉर्गेज यानी होम लोन की किस्त पर करीब 2,500 डॉलर खर्च होते हैं. भारतीय रुपये में यह रकम लगभग 2.34 लाख रुपये है. यानी सिर्फ टैक्स और घर की किस्त मिलाकर उनकी कमाई का 4 लाख रुपये से ज्यादा हिस्सा हर महीने निकल जाता है.
खाने-पीने पर खर्च होते हैं करीब 94 हजार रुपये
घर चलाने का खर्च भी कम नहीं है. महिमा के अनुसार, हर महीने खाने-पीने और राशन पर करीब 1,000 डॉलर यानी लगभग 94 हजार रुपये खर्च हो जाते हैं. इसके अलावा मेडिकल इंश्योरेंस के लिए 500 डॉलर देने पड़ते हैं. अमेरिका में स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च काफी ज्यादा हो सकता है. ऐसे में मेडिकल इंश्योरेंस को जरूरी खर्चों में गिना जाता है. महिमा की लिस्ट में कार का इंश्योरेंस और पेट्रोल भी शामिल है, जिस पर हर महीने करीब 500 डॉलर खर्च होते हैं.
फोन, इंटरनेट और बच्चों पर भी खर्च
महिमा ने अपने बाकी खर्चों का हिसाब भी बताया. फोन, इंटरनेट और घर के दूसरे बिलों पर करीब 500 डॉलर यानी 47 हजार रुपये खर्च होते हैं. वहीं बच्चों से जुड़े खर्चों के लिए हर महीने करीब 300 डॉलर अलग रखने पड़ते हैं. इसके अलावा छोटे-मोटे और अचानक आने वाले खर्चों के लिए करीब 200 डॉलर यानी 19 हजार रुपये खर्च होते हैं. इस तरह उनके बताए सभी खर्चों को जोड़ें तो हर महीने करीब 7,000 डॉलर निकल जाते हैं.
महीने के अंत में बचते हैं सिर्फ 94 हजार रुपये
महिमा के हिसाब से 8,000 डॉलर की मासिक कमाई में से करीब 7,000 डॉलर जरूरी खर्चों में चले जाते हैं. इसके बाद उनके पास लगभग 1,000 डॉलर यानी करीब 94 हजार रुपये बचते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि इस हिसाब में उनके अपने पर्सनल खर्च शामिल नहीं हैं. यानी बाहर घूमना, शॉपिंग या दूसरी पर्सनल जरूरतों पर होने वाला खर्च इस रकम से अलग हो सकता है. ऐसे में बचत के लिए बचने वाली रकम और कम हो सकती है.
भारत में 15 लाख कमाकर भी कर लेती थीं अच्छी बचत
महिमा ने अमेरिका में अपनी मौजूदा आर्थिक स्थिति की तुलना भारत में बिताए दिनों से भी की. उन्होंने बताया कि भारत में रहते हुए उनकी सालाना कमाई करीब 15 लाख रुपये थी. इसके बावजूद वह अपनी कमाई का अच्छा हिस्सा बचा लेती थीं. उनकी इस बात ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. लोगों का कहना है कि किसी देश में ज्यादा सैलरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि वहां रहने वाला व्यक्ति ज्यादा पैसे बचा भी पाएगा. असल फर्क वहां के खर्च, टैक्स, घर की कीमत और रोजमर्रा की जरूरतों पर निर्भर करता है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
महिमा की कमाई और खर्च का वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने अपनी जिंदगी से जुड़े अनुभव भी शेयर किए. एक यूजर ने लिखा कि उनके घर में दो लोग कमाते हैं, लेकिन ज्यादा खर्चों की वजह से बचत करना मुश्किल हो जाता है. वहीं एक दूसरे यूजर ने अमेरिका में मिडिल क्लास जिंदगी के कुछ दूसरे पहलुओं की ओर ध्यान दिलाया. उसने कहा कि वहां घर और कार होने के साथ साफ हवा-पानी, अच्छे पार्क, फुटपाथ और बेहतर सुविधाएं भी मिलती हैं. लोगों के पास अपनी जरूरतों और पसंद की चीजों पर खर्च करने के मौके होते हैं.
डॉलर की कमाई देखकर नहीं समझी जा सकती पूरी जिंदगी
महिमा की कहानी यह दिखाती है कि विदेश में रहने वाले किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति को सिर्फ उसकी सैलरी देखकर नहीं समझा जा सकता. भारतीय रुपये में एक करोड़ की कमाई बहुत बड़ी लग सकती है, लेकिन उस देश में घर, टैक्स, इंश्योरेंस और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च भी उसी हिसाब से होता है. इसलिए अमेरिका में ज्यादा कमाने के बावजूद किसी परिवार के लिए बचत करना आसान नहीं होता. महिमा के खर्चों का हिसाब सामने आने के बाद लोग यही चर्चा कर रहे हैं कि अच्छी कमाई के साथ-साथ यह देखना भी जरूरी है कि महीने के आखिर में हाथ में कितना पैसा बचता है.
यह भी पढ़ें:- न कॉपी-किताब, न पेन का खर्च: जमीन पर रेत बिछाकर डंडी से बच्चों को पढ़ाती हैं केरल की दादी; वायरल क्लास ने जीता करोड़ों का दिल
यह भी पढ़ें:- प्यार में घर-गाड़ी सबकुछ बेच दिया: गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए 1900 KM का सफर किया तय; असलियत जानकर उड़ गए होश