SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

प्यार, पैसा और नौकरी के लिए ऑनलाइन जादू-टोना: युवा खरीद रहे चुड़ैलों के लव और गुड लक स्पेल; Etsy पर तेजी से बढ़ा ट्रेंड

किसी को अपना प्यार वापस चाहिए, कोई अच्छी नौकरी की तलाश में है तो किसी को अचानक किस्मत चमकने की उम्मीद है. इन इच्छाओं को पूरा करने के लिए अब कुछ लोग इंटरनेट पर ऑनलाइन चुड़ैलों यानी विचेज की मदद ले रहे हैं. वे पैसे देकर लव स्पेल, जॉब स्पेल और गुड लक जैसे जादुई उपाय खरीद रहे हैं. ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म Etsy पर इस तरह की सर्विसेज की मांग बढ़ने लगी है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 02, 2026, 11:22 AM IST | Updated: Nov 02, 2026, 11:28 AM IST
Image Credit: प्रतीकात्मक AI इमेज | इंटरनेट पर जादू-टोना करवा रहे युवा!
Join

इंटरनेट ने हमारी जिंदगी को काफी बदल दिया है. पहले किसी परेशानी में लोग दोस्तों, परिवार या जान-पहचान वालों के पास जाते थे, उनसे बात करते थे और सलाह लेते थे. लेकिन अब लोग ज्यादातर सवालों के जवाब अपने मोबाइल पर तलाश लेते हैं. नौकरी नहीं मिल रही तो ऑनलाइन सलाह, रिश्ते में परेशानी है तो रिलेशनशिप टिप्स और पैसों की तंगी है तो कमाई के नए तरीके खोजे जाते हैं. AI के आ जाने से इसकी डिमांड और बढ़ गई है.

लेकिन अब इंटरनेट पर एक अलग ही ट्रेंड देखने को मिल रहा है. कुछ युवा अपनी जिंदगी की परेशानियों का हल खोजने के लिए ऑनलाइन चुड़ैलों से संपर्क कर रहे हैं. ये महिलाएं खुद को विच यानी जादुई और आध्यात्मिक शक्तियों से जुड़ा बताती हैं. इनका दावा है कि खास तरह के मंत्र, स्पेल और आध्यात्मिक प्रक्रियाओं के जरिए लोगों की जिंदगी में प्यार, पैसा और सफलता लाई जा सकती है. BBC की रिपोर्ट के अनुसार, Etsy पर ऐसी सर्विस को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. यह वही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां आमतौर पर हाथ से बनी चीजें, गहने और सजावट का सामान खरीदा-बेचा जाता है. लेकिन अब यहां जादू-टोने से जुड़ी सर्विस भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं.

लव स्पेल से लेकर नौकरी दिलाने तक के दावे

इन ऑनलाइन चुड़ैलों को 'Etsy Witches' कहा जा रहा है. इनके पास अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से कई तरह के स्पेल मौजूद हैं. किसी को अपना पुराना रिश्ता वापस चाहिए तो उसके लिए लव स्पेल है. कोई पैसों की परेशानी से निकलना चाहता है तो उसके लिए अबंडेंस स्पेल बेचा जा रहा है. इन सर्विसेज में गुड लक स्पेल भी शामिल है, जिसके जरिए अच्छी किस्मत और नए मौके मिलने का दावा किया जाता है. वहीं, जॉब स्पेल के जरिए मनचाही नौकरी और करियर में तरक्की दिलाने की बात कही जाती है. कुछ लोग तो शादी जैसे खास मौकों पर बारिश रोकने या अच्छी धूप निकलवाने के लिए भी स्पेल खरीद रहे हैं. इसका मतलब अब लोगों की उम्मीदें सिर्फ प्यार और पैसे तक सीमित नहीं हैं. वे अपनी जिंदगी के छोटे-बड़े मौकों को बेहतर बनाने के लिए भी इस सर्विस का सहारा ले रहे हैं.

24 साल की एलेशिया ने 2 हजार से ज्यादा लोगों को दी सर्विस

BBC की रिपोर्ट में स्कॉटलैंड के एर्स्किन की रहने वाली 24 साल की एलेशिया काहिल का जिक्र किया गया है. वह खुद को मिस्टिक यानी रहस्यमयी और आध्यात्मिक दुनिया से जुड़ी महिला बताती हैं. एलेशिया ऑनलाइन रीडिंग, क्रिस्टल, ताबीज और खास मैसेज जैसी चीजें बेचती हैं. उनकी सर्विस में चैनल्ड लेटर्स भी शामिल हैं. इनके बारे में दावा किया जाता है कि ये दुनिया से जा चुके लोगों की ओर से भेजे गए संदेश होते हैं. एलेशिया अब तक अपनी सर्विस के जरिए 2 हजार से ज्यादा बिक्री कर चुकी हैं. उनके अनुसार, लोगों को लगता है कि सबसे ज्यादा मांग लव स्पेल की होगी, लेकिन उनके पास पैसा और सफलता पाने की इच्छा रखने वाले ग्राहक भी बड़ी संख्या में आते हैं. उन्होंने एक ग्राहक का उदाहरण भी दिया. उनके अनुसार, मोनाको के एक टेक इनवेस्टर ने उनसे अबंडेंस ताबीज खरीदा था. इसके बाद उस ग्राहक की संपत्ति में काफी बढ़ोतरी हुई. ध्यान रहे, यह एलेशिया का अपना दावा है.

शादी में बारिश रोकने के लिए भी खरीद रहे जादू

इस ट्रेंड की एक दिलचस्प बात यह है कि लोग अब शादी जैसे खास मौकों के लिए भी स्पेल खरीद रहे हैं. Etsy के अनुसार, शादी के दिन धूप निकलने और बारिश न होने से जुड़े स्पेल की खोज में 206 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, शादी से जुड़े स्पेल और चुड़ैलों की सामान्य खोज में 105 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया है. प्लेटफॉर्म के एक प्रवक्ता ने भी बताया कि शादी जैसे खास मौकों पर इस तरह की चीजों में लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. सोचिए, जिस दिन किसी की शादी हो और मौसम खराब होने की आशंका हो, तो वह इंटरनेट पर ऐसी चुड़ैल तलाशने लगे जो बारिश रोकने का दावा करती हो. सुनने में यह अजीब लग सकता है, लेकिन ऑनलाइन दुनिया में इस तरह की सर्विस के लिए ग्राहक मौजूद हैं.

अकेलापन और भविष्य की चिंता भी बन रही वजह

सवाल यह है कि आज के पढ़े-लिखे युवा इस तरह की सर्विस की तरफ क्यों जा रहे हैं? जब इंटरनेट पर नौकरी खोजने से लेकर पढ़ाई और करियर बनाने तक के तमाम रास्ते मौजूद हैं, तो फिर जादू-टोने पर पैसे खर्च करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? एलेशिया काहिल का मानना है कि इसके पीछे सिर्फ जादू के प्रति आकर्षण नहीं है. कई युवा अकेलापन महसूस करते हैं और चाहते हैं कि कोई उनकी बात सुने. उन्हें लगता है कि किसी रहस्यमयी या आध्यात्मिक प्रक्रिया के जरिए उन्हें अपनी परेशानियों से थोड़ी राहत मिल सकती है. उनके अनुसार, कई बार लोगों को अपने सवालों के जवाब खुद भी पता होते हैं, लेकिन वे किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश में रहते हैं जो उनकी बात सुने और उन्हें भरोसा दिलाए. एलेशिया खुद को ऐसे लोगों के लिए एक सुरक्षित जगह बनाने की कोशिश करती हैं.

नौकरी के लिए खरीदा स्पेल, पुराने प्यार के लिए भी किया खर्च

BBC की रिपोर्ट में स्कॉटलैंड की 29 साल की अभिनेत्री लॉरा ब्लेयर का भी जिक्र है. उन्होंने अपने करियर में अच्छे मौके पाने के लिए जॉब स्पेल खरीदा था. पैसे देने के बाद उन्हें एक चुड़ैल से जोड़ा गया. उस महिला ने उनका पूरा नाम और कुछ दूसरी जानकारियां मांगीं. इसके बाद जादू करने का एक वीडियो भी भेजा. लॉरा को ठीक वैसी नौकरी नहीं मिली, जैसी उन्हें उम्मीद थी. हालांकि, उनका कहना है कि इसके बाद उन्हें एक्टिंग के कई काम मिले और उनका करियर पहले से ज्यादा व्यस्त हो गया. दूसरी तरफ, ग्लासगो की 22 साल की क्लो का अनुभव अच्छा नहीं रहा. उन्होंने अपने पुराने प्रेमी को वापस पाने के लिए लव स्पेल खरीदा था, लेकिन उनका रिश्ता वापस नहीं लौटा. क्लो ने इसे अपना समय और पैसा बर्बाद करना बताया. हालांकि, बाद में उन्हें लगा कि शायद पुराना रिश्ता खत्म होना ही बेहतर था. इन दोनों अनुभवों से पता चलता है कि स्पेल खरीदने वाले हर व्यक्ति को मनचाहा नतीजा नहीं मिलता.

धर्म से अलग अपनी आध्यात्मिक दुनिया तलाश रहे युवा

लीड्स बेकेट यूनिवर्सिटी की धर्म और समाज से जुड़ी शोधकर्ता एलेक्जेंड्रिया आर्थर-हैस्टी ने BBC को बताया कि ऑनलाइन चुड़ैलों की लोकप्रियता को युवाओं में बदलती आध्यात्मिक सोच से भी जोड़कर देखा जा सकता है. उनका मानना है कि कुछ युवा ट्रेडिशनल धर्म से अलग अपनी पसंद के हिसाब से आध्यात्मिक रास्ते तलाश रहे हैं. पहले जादू और चुड़ैलों की दुनिया को लोग किताबों, फिल्मों और टीवी शोज के जरिए जानते थे. 'सबरीना द टीनएज विच' और 'चार्म्ड' जैसे शो ने भी इस दुनिया को लोकप्रिय बनाने में भूमिका निभाई. अब सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने ऐसे लोगों तक पहुंचना आसान कर दिया है, जो खुद को चुड़ैल या आध्यात्मिक गुरु बताते हैं. इस तरह आस्था और आध्यात्मिकता से जुड़ी चीजें भी ऑनलाइन कारोबार का हिस्सा बन रही हैं.

क्या सच में स्पेल से बदल सकती है किस्मत?

ऑनलाइन जादू-टोने की बढ़ती लोकप्रियता के बीच एक बात समझना जरूरी है. किसी स्पेल, ताबीज या जादुई प्रक्रिया से नौकरी मिलने, पैसा बढ़ने या किसी का प्यार वापस आने का कोई भरोसेमंद वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. हां, किसी व्यक्ति को ऐसी चीजें खरीदकर थोड़ी उम्मीद या मानसिक राहत जरूर महसूस हो सकती है. लेकिन इसे मनचाहा नतीजा मिलने की गारंटी नहीं समझना चाहिए. खासकर तब सावधान रहने की जरूरत है, जब कोई व्यक्ति पक्का प्यार वापस दिलाने, नौकरी लगवाने, बीमारी ठीक करने या अमीर बनाने का दावा करके मोटा पैसा मांगे. इमोशन में इंसान जल्दी भरोसा कर सकता है और इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग उसे ठग भी सकते हैं.

उम्मीद की तलाश में बढ़ रहा नया ऑनलाइन कारोबार

कुल मिलाकर, इंटरनेट पर चुड़ैलों और जादुई स्पेल की बढ़ती मांग सिर्फ रहस्य और रोमांच की कहानी नहीं है. इसके पीछे प्यार पाने की इच्छा, नौकरी की चिंता, पैसों की जरूरत और अकेलेपन जैसी भावनाएं भी जुड़ी हैं. आज जब जिंदगी में अनिश्चितता बढ़ रही है, तब कुछ युवा ऐसे रास्तों की तरफ जा रहे हैं जहां उन्हें उम्मीद और भरोसा मिलता है. फर्क सिर्फ इतना है कि अब इस उम्मीद का बाजार भी ऑनलाइन सज गया है. कोई प्यार के लिए स्पेल खरीद रहा है, कोई नौकरी के लिए और कोई अपनी किस्मत बदलने की उम्मीद में ताबीज मंगवा रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES