'यह कोई मजाक नहीं, अपराध है...' डोर किक चैलेंज पर पुलिस की सख्त वार्निंग; घरों के दरवाजों पर लात मारकर भाग रहे बच्चे
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले चैलेंज के चक्कर में बच्चे कई बार ऐसी हरकत कर बैठते हैं, जिसका अंजाम उन्हें भी नहीं पता होता. अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक बार फिर डोर किक चैलेंज चर्चा में है. इसमें बच्चे अनजान लोगों के घरों के दरवाजों पर पूरी ताकत से लात मारते हैं और वीडियो बनाकर भाग जाते हैं. अब इरविन पुलिस ने बच्चों के माता-पिता को चेतावनी देते हुए कहा है कि इसे मजाक समझने की गलती न करें.
सोशल मीडिया पर कुछ नया करने और ज्यादा से ज्यादा लाइक्स पाने की चाह में युवा कई बार अपनी हद पार कर जाते हैं. कभी किसी अनजान व्यक्ति को परेशान करना तो कभी पब्लिक प्लेस पर अजीब हरकतें करना, ऐसे वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं. अब अमेरिका में एक ऐसा ही चैलेंज फिर चर्चा में है, जिसे लेकर पुलिस ने लोगों को सावधान किया है.
कैलिफोर्निया के इरविन पुलिस डिपार्टमेंट ने माता-पिता से अपील की है कि वे अपने बच्चों को 'डोर किक चैलेंज' से दूर रखें. इस ट्रेंड में बच्चे किसी अनजान घर के दरवाजे पर जोरदार लात मारते हैं, उसका वीडियो रिकॉर्ड करते हैं और घर के अंदर से कोई बाहर आए, उससे पहले ही वहां से भाग जाते हैं.
दरवाजे पर लात मारकर बनाते हैं वीडियो
इस चैलेंज का तरीका सुनने में भले ही कुछ सेकंड का लगे, लेकिन इससे घर में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है. बच्चे किसी भी अनजान घर को निशाना बनाते हैं. फिर दरवाजे पर इतनी जोर से लात मारते हैं कि कई बार दरवाजा या उसका फ्रेम तक टूट जाता है. इस पूरी हरकत को कैमरे में रिकॉर्ड किया जाता है. इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया जाता है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग उसे देखें और उस पर प्रतिक्रिया दें. लेकिन वीडियो बनाने वालों को शायद यह अंदाजा नहीं होता कि घर के अंदर मौजूद लोगों पर उस समय क्या गुजरती होगी.
पुलिस बोली- यह प्रैंक नहीं, सीधे तौर पर बर्बरता है
इरविन पुलिस ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इस ट्रेंड को लेकर साफ शब्दों में चेतावनी जारी की है. पुलिस का कहना है कि किसी के घर के दरवाजे पर पूरी ताकत से लात मारना कोई मजेदार प्रैंक नहीं है. यह तोड़फोड़ की कैटेगरी में आता है और इसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं. पुलिस ने बताया कि ऐसी हरकत से घर का दरवाजा टूट सकता है, अंदर मौजूद लोग डर सकते हैं और मामला अचानक हिंसक टकराव में बदल सकता है. इसके अलावा ऐसा करने वालों पर आपराधिक मामला भी दर्ज हो सकता है. पुलिस ने माता-पिता को सलाह दी है कि वे बच्चों से इस बारे में बात करें और उन्हें समझाएं कि ऑनलाइन लाइक्स के लिए किसी दूसरे की सुरक्षा और संपत्ति को खतरे में डालना सही नहीं है.
पहले भी टूट चुके हैं घरों के दरवाजे
यह चैलेंज पहले भी अमेरिका के कुछ इलाकों में लोगों के लिए मुसीबत बन चुका है. पिछले साल कैलिफोर्निया के एल्क ग्रोव में इस ट्रेंड के कारण एक घर का दरवाजा और उसका फ्रेम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. उसे ठीक कराने में 900 डॉलर से ज्यादा खर्च आने का अनुमान लगाया गया था. इस मामले में कम से कम पांच बच्चों को गिरफ्तार भी किया गया था. यानी जिस हरकत को कुछ बच्चे वीडियो बनाने और दोस्तों के बीच मजाक करने का तरीका समझ रहे थे, उसके कारण उन्हें पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा.
घर के अंदर मौजूद लोग भी डर जाते हैं
इस तरह की घटना का असर सिर्फ टूटे हुए दरवाजे तक सीमित नहीं रहता. किसी के घर के बाहर अचानक जोरदार धमाका हो तो अंदर मौजूद लोगों को लग सकता है कि कोई दरवाजा तोड़कर घर में घुसने की कोशिश कर रहा है. पिछले साल इस ट्रेंड का शिकार हुए रॉनी मुनरो ने CBS13 से बातचीत में बताया था कि ऐसी हरकत से परिवार के लोग बुरी तरह डर सकते हैं. उन्होंने कहा था कि किसी को नहीं पता कि घर के अंदर मौजूद व्यक्ति कैसे प्रतिक्रिया देगा. ऐसे में किसी छोटी-सी शरारत का अंजाम जानलेवा भी हो सकता है. मुनरो के अनुसार, उनके परिवार की बच्ची भी इस घटना के बाद घबराकर घर के अंदर पहुंची थी. उनके लिए यह किसी मजाक जैसा बिल्कुल नहीं था, बल्कि ऐसा लगा जैसे कोई उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने के इरादे से दरवाजा तोड़ने आया हो.
एक वीडियो के चक्कर में जेल तक पहुंच सकते हैं बच्चे
पुलिस की चिंता इसलिए भी बढ़ी हुई है क्योंकि ऐसे चैलेंज में शामिल बच्चे अक्सर खतरे को समझे बिना दूसरों की नकल करने लगते हैं. उन्हें लगता है कि कुछ सेकंड का वीडियो बनाने से सोशल मीडिया पर लोकप्रियता मिल जाएगी. लेकिन किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और उसे डराना कानून की नजर में गंभीर मामला हो सकता है. इसके अलावा घर का मालिक अचानक बाहर आ जाए तो बच्चों और उसके बीच झगड़ा भी हो सकता है. कई घरों में सुरक्षा के लिए हथियार रखे जाते हैं. ऐसे में दरवाजे पर लात मारकर भागने वाला व्यक्ति खुद को भी बड़े खतरे में डाल सकता है.
माता-पिता से बच्चों पर नजर रखने की अपील
इरविन पुलिस ने साफ किया है कि इंटरनेट पर वायरल होने वाला हर चैलेंज आजमाने लायक नहीं होता. बच्चों को यह समझना जरूरी है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले कुछ लाइक्स किसी की सुरक्षा और मानसिक शांति से ज्यादा अहम नहीं हो सकते. पुलिस की अपील है कि माता-पिता अपने बच्चों की ऑनलाइन एक्टिविटी पर ध्यान दें. अगर वे इस तरह के वीडियो देखते हैं या दोस्तों के साथ ऐसा करने की योजना बना रहे हैं तो उन्हें समय रहते रोकें. दरवाजे पर लात मारकर भागने का यह ट्रेंड भले ही कुछ लोगों को मजेदार लगे, लेकिन जिस परिवार को इसका सामना करना पड़ता है, उसके लिए यह डराने वाला अनुभव हो सकता है. यही वजह है कि पुलिस इसे शरारत नहीं, बल्कि अपराध मानकर देख रही है.
यह भी पढ़ें:- इजरायल में जन्म, भारत में गुरुकुल की पढ़ाई: 12 साल वैदिक शिक्षा लेकर अब दुनिया को सिखा रहा सनातन धर्म; VIDEO वायरल
यह भी पढ़ें:- खूबसूरत सफेद गाउन में निकली थी दुल्हन, कीचड़ में सनकर बाहर आई... रास्ते में ऐसा क्या हुआ कि हर कोई रह गया हैरान?