चीनी लड़की पर चढ़ा भारतीय रंग: साड़ी पहनकर बीजिंग यूनिवर्सिटी में पढ़ाया इंडियन आर्ट का पाठ; VIDEO वायरल
चीन की 22 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर मीरा कौरवाकी इन दिनों अपने एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. बीजिंग की एक यूनिवर्सिटी में वह साड़ी पहनकर भारतीय कला के बारे में छात्रों को बताती नजर आईं. क्लास के बाद उन्होंने छात्रों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य के कुछ स्टेप्स भी सिखाए. मीरा का कहना है कि कला, भाषा और दोस्ती की कोई सीमा नहीं होती.
किसी दूसरे देश में जाकर अपनी संस्कृति और कला के बारे में लोगों को बताना अपने आप में खास अनुभव होता है. लेकिन अगर कोई दुसरी कला और संस्कृति का व्याक्ति आपके कल्चर के बारे में बताए तो और भी अच्छा लगता है. चीन की कंटेंट क्रिएटर मीरा कौरवाकी के लिए भी बीजिंग की एक यूनिवर्सिटी में बिताया गया दिन कुछ ऐसा ही रहा. मीरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह साड़ी पहने यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच नजर आ रही हैं.
वीडियो में उन्होंने छात्रों को भारतीय कला के बारे में बताया. उनका अंदाज देखकर वहां मौजूद छात्र भी काफी उत्साहित दिखाई दिए. मीरा ने इस अनुभव को अपने लिए खास बताते हुए लिखा कि उन्हें लगता है कि अब बदलाव आ गया है. चीनी भाषा सीख रहे भारतीय छात्रों के साथ बिताए ये पल उन्हें हमेशा याद रहेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि कला, भाषा और दोस्ती ऐसी चीजें हैं, जो देशों की सीमाओं से आगे निकल जाती हैं.
क्लास के बाद छात्रों के साथ मंदिर पहुंचीं
यूनिवर्सिटी में क्लास खत्म होने के बाद भी मीरा और छात्रों का साथ जारी रहा. वीडियो में दिखाया गया है कि सभी लोग बस से फयुआन मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने चीनी बौद्ध संस्कृति को करीब से देखा और इस जगह के बारे में जाना. मंदिर में मीरा ने छात्रों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य के कुछ स्टेप्स भी सिखाए. अलग-अलग संस्कृतियों से जुड़े लोगों का एक साथ इस तरह कला को समझना वीडियो को बेहद खास बनाता है. इसके बाद सभी पोप लैंड घूमने पहुंचे. वहां मीरा ने अपने भारतीय दोस्तों के साथ स्काई ट्रेन का मजा लिया. उन्होंने योग के कुछ पोज में तस्वीरें भी खिंचवाईं. दिन के अंत में सभी ने ग्रुप फोटो ली और फिर अपने-अपने घर लौट गए.
भारत आए बिना सीख रहीं भारतीय शास्त्रीय नृत्य
मीरा का भारतीय कला से जुड़ाव सिर्फ एक दिन की क्लास तक सीमित नहीं है. वह खुद भी भारतीय शास्त्रीय नृत्य सीख रही हैं. खास बात यह है कि इसके लिए उन्हें अब तक भारत आने की जरूरत नहीं पड़ी. वह ऑनलाइन क्लासेज के जरिए इसकी ट्रेनिंग ले रही हैं. एक दूसरे वीडियो में मीरा ने बताया कि उन्होंने भारतीय शास्त्रीय नृत्य को क्यों चुना. उनके अनुसार, यह दूसरी डांस फॉर्म से काफी अलग है. इसमें लगन, अनुशासन और पवित्रता का खास महत्व है. मीरा को इस नृत्य की सबसे अच्छी बात यह लगती है कि इसमें भावनाओं को कला के जरिए व्यक्त किया जाता है. उन्होंने कहा कि यह डांस उन्हें सुकून देता है और उन्हें ऐसा महसूस होता है, जैसे यह लोगों को हील करने का काम करता है.
भारतीय संस्कृति से जुड़ाव ने जीता लोगों का दिल
मीरा के दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं. लोग उनके साड़ी पहनने, भारतीय कला में दिलचस्पी लेने और दूसरे देश के छात्रों के साथ अपने अनुभव शेयर करने की तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि मीरा का डांस, मेकअप और कपड़े, सब कुछ उन पर बहुत अच्छा लगता है. इस यूजर ने बताया कि वह खुद भरतनाट्यम डांसर हैं और उन्हें कुचिपुड़ी भी पसंद है. मीरा की इस जर्नी को देखकर उन्हें खुशी हो रही है. एक दूसरे यूजर ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की तारीफ करते हुए लिखा कि इसमें हाव-भाव के जरिए मन की भावनाओं को व्यक्त किया जाता है. मीरा इसे इतनी गंभीरता से सीख रही हैं, यह देखकर अच्छा लगता है. वहीं, एक अन्य यूजर ने उन्हें बेहद प्यारा बताया. एक कमेंट में मजाकिया अंदाज में लिखा गया कि मीरा चीनी लड़की नहीं, बल्कि भारतीय लग रही हैं.