App

खरगोश नहीं, गिनी पिग्स की हुई दौड़: बोलीविया में हुआ अनोखा ब्यूटी कॉन्टेस्ट; सबसे भारी और स्टाइलिश गिनी पिग को मिला इनाम

दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में एक ऐसा फेस्टिवल आयोजित किया गया, जहां न घोड़ों की रेस हुई और न कुत्तों का शो. यहां गिनी पिग यानी छोटे चूहे जैसे दिखने वाले जानवरों ने रैंप पर कैटवॉक किया, दौड़ लगाई और वजन के मुकाबले में भी हिस्सा लिया. इसमें सबसे भारी गिनी पिग का वजन 2.5 किलो निकला. यह कार्यक्रम बोलीविया के एल आल्टो शहर में आयोजित किया गया था.

खरगोश नहीं, गिनी पिग्स की हुई दौड़: बोलीविया में हुआ अनोखा ब्यूटी कॉन्टेस्ट; सबसे भारी और स्टाइलिश गिनी पिग को मिला इनाम
Image Credit: X- @Santosh_misraa | बोलीविया में आयोजित हुआ गिनी पिग फेस्टिवल!

आमतौर पर गिनी पिग को लोग घरों में पाले जाने वाले छोटे पालतू जानवर के तौर पर जानते हैं. लेकिन बोलीविया में इन्हें लेकर एक ऐसा आयोजन हुआ, जो इस समय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां गिनी पिग्स के लिए बाकायदा रेस, ब्यूटी कॉन्टेस्ट और वजन का कॉम्पिटिशन रखा गया था.

इस फेस्टिवल में कुछ गिनी पिग तेजी से दौड़ते नजर आए, तो कुछ को उनके वजन के आधार पर परखा गया. इतना ही नहीं, इसमें एक रैंप शो भी आयोजित किया गया, जिसमें सबसे स्टाइलिश गिनी पिग को चुना गया. इस अनोखे आयोजन में स्टूडेंट्स के साथ बोलीविया के लोकल किसान भी शामिल हुए.

2.5 किलो का गिनी पिग बना सबसे भारी

AP की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्यक्रम बोलीविया के एल आल्टो शहर में आयोजित किया गया. यहां की पब्लिक यूनिवर्सिटी ऑफ एल आल्टो के एनिमल साइंस और लाइवस्टॉक प्रोग्राम से जुड़े स्टूडेंट्स ने इसे आयोजित किया था. कॉम्पिटिशन में सबसे ज्यादा चर्चा उस गिनी पिग की रही, जिसका वजन 2.5 किलो था. यह गिनी पिग एल आल्टो के कल्लुटाका फार्म से लाया गया था. उसे सबसे भारी गिनी पिग का खिताब मिला. वहीं, रेस में दूसरे फार्म से आए एक गिनी पिग ने सबसे तेज दौड़कर पहला स्थान हासिल किया.

हजारों साल पुराना है गिनी पिग पालने का चलन

बोलीविया और एंडीज क्षेत्र के दूसरे इलाकों में गिनी पिग को 'कुई' कहा जाता है. यहां इसे पालने की परंपरा हजारों साल पुरानी है. पुराने समय में एंडीज की सभ्यताओं के लोग इसे सिर्फ खाने के लिए ही नहीं, बल्कि धार्मिक और पारंपरिक आयोजनों में भी इस्तेमाल करते थे. कई समुदायों में कुई को खास जगह दी जाती थी. इसे सामूहिक दावतों में परोसा जाता था और मेहमानों के सामने रखना सम्मान और मेहमाननवाजी का प्रतीक माना जाता था. कुछ पारंपरिक मान्यताओं में इसका इस्तेमाल शरीर की परेशानियों और ऊर्जा से जुड़ी समस्याओं का पता लगाने के लिए भी किया जाता रहा है.

 

 

खाने में भी कई तरह से इस्तेमाल होता है 'कुई'

फेस्टिवल में सिर्फ अलग-अलग कॉम्पिटिशन ही नहीं हुए, बल्कि खाने-पीने का भी खास इंतजाम था. यहां पहुंचे लोगों को गिनी पिग से बने कई तरह के ट्रेडिशनल पकवान चखने का मौका मिला. फूड कोर्ट में भुना हुआ और बेक किया हुआ गिनी पिग परोसा गया. इसके अलावा सींक पर पकाए गए कुई, इसके मांस से बने बर्गर और सॉसेज भी लोगों के लिए रखे गए थे. आयोजन के जरिए स्टूडेंट्स यह बताना चाहते थे कि गिनी पिग का पालन स्थानीय परिवारों के लिए खाने के साथ कमाई का जरिया भी बन सकता है.

आखिर क्यों कम हो गया गिनी पिग पालने का चलन?

एनिमल साइंस प्रोग्राम के इंस्ट्रक्टर सीजर क्विस्पे के अनुसार, गिनी पिग का मांस पोषण से भरपूर और फैट में कम होता है. उनके पूर्वज सदियों से इसे खाने और पारंपरिक रस्मों के लिए पालते आए हैं. हालांकि, समय के साथ बोलीविया में इसका पालन और इस्तेमाल कम होता चला गया. क्विस्पे ने बताया कि इस गिरावट की शुरुआत औपनिवेशिक दौर में हुई थी. बाद के वर्षों में लोगों के खानपान में दूसरे तरह के मांस की जगह बढ़ती गई और गिनी पिग पालने की पुरानी परंपरा पीछे छूटने लगी. आज बोलीविया में प्रति व्यक्ति गिनी पिग के मांस की खपत काफी कम है. ऐसे में इस तरह के आयोजन के जरिए लोगों को फिर से इसकी तरफ आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है.

किसानों की कमाई बढ़ाने की भी कोशिश

इस फेस्टिवल के पीछे एक बड़ा मकसद स्थानीय किसानों को गिनी पिग पालन के लिए प्रोत्साहित करना भी था. आयोजकों का मानना है कि अगर लोग इसे खाने और पालने में फिर से दिलचस्पी दिखाएं, तो ग्रामीण परिवारों के लिए कमाई का एक नया रास्ता खुल सकता है. क्विस्पे ने AP को बताया कि गिनी पिग पालन में अच्छी संभावनाएं हैं. यही वजह है कि स्टूडेंट्स ने रेस और ब्यूटी कॉन्टेस्ट जैसे मजेदार कार्यक्रमों के जरिए लोगों को इस जानवर के बारे में जानकारी देने की कोशिश की.

पचामामा से भी जुड़ी है इसकी परंपरा

बोलीविया की पुरानी परंपराओं में गिनी पिग का संबंध 'पचामामा' यानी धरती मां से भी रहा है. क्विस्पे के अनुसार, पुराने समय में लोग इसे पचामामा को दी जाने वाली भेंट में शामिल करते थे. आज भी कुछ स्थानीय समुदाय पारंपरिक चिकित्सा और धार्मिक मान्यताओं में इसका इस्तेमाल करते हैं. एल आल्टो में हुआ यह फेस्टिवल इसी पुरानी परंपरा को फिर से लोगों के सामने लाने की कोशिश था. यहां गिनी पिग्स की रेस और कैटवॉक ने लोगों का मनोरंजन किया, वहीं किसानों और स्टूडेंट्स को इसके पालन से जुड़ी संभावनाओं पर चर्चा करने का मौका भी मिला. कुल मिलाकर, बोलीविया का यह अनोखा आयोजन दिखाता है कि किसी इलाके की पुरानी परंपरा को बचाने के लिए उसे नए अंदाज में लोगों के सामने कैसे पेश किया जा सकता है. यहां छोटे-छोटे गिनी पिग्स ने अपनी रेस और स्टाइल से खूब सुर्खियां बटोरीं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More