'इस सफर को कभी नहीं भूल पाएंगे': भारतीय ट्रेन में पहली बार बैठे अमेरिकी कपल ने शेयर किया अपना अनुभव, VIDEO वायरल
अमेरिकी ट्रैवल ब्लॉगर टोनी और सारा इन दिनों भारत घूमने आए हैं. दोनों अपने सफर के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. इसी बीच सारा ने भारतीय ट्रेन में अपनी पहली यात्रा का अनुभव बताया, जिसे देखकर लोग भी अपनी ट्रेन यात्राओं को याद करने लगे. मुंबई से औरंगाबाद तक वंदे भारत ट्रेन में करीब छह घंटे के सफर के दौरान उन्हें सीट से लेकर खाने-पीने तक की सुविधाएं पसंद आईं.
किसी भी देश में घूमने के दौरान वहां की ट्रेन से सफर करना आम बात है, लेकिन हर देश की ट्रेन का अनुभव अलग होता है. अमेरिकी ट्रैवल ब्लॉगर टोनी और सारा इन दिनों भारत में हैं. दोनों यहां की जगहों, खानपान और रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से देख रहे हैं. इसी दौरान सारा को भारतीय ट्रेन में पहली बार सफर करने का मौका मिला.
कपल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट 'thedetour_duo' पर इस यात्रा का वीडियो शेयर किया. सारा ने बताया कि उन्हें मुंबई से छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) जाना था और इस सफर में करीब छह घंटे लगने वाले थे. उन्होंने कहा कि इससे पहले वे दूसरे देशों में कई बार ट्रेन से सफर कर चुके हैं, लेकिन भारत की ट्रेन को लेकर उनके मन में कोई खास उम्मीद नहीं थी.
वंदे भारत में मिली आरामदायक सीट
सारा ने वीडियो की शुरुआत कुछ इस अंदाज में की कि कॉलेज या ट्रेन का पहला दिन उनका नहीं, बल्कि भारतीय ट्रेन में सफर का पहला अनुभव था. इसके बाद उन्होंने बताया कि दोनों वंदे भारत ट्रेन में सवार हुए और उन्हें अपनी सीट ढूंढने में भी कोई परेशानी नहीं हुई. वीडियो में सारा ने कहा कि सीट पर बैठने के बाद उन्हें पर्याप्त जगह मिली. सफर शुरू होने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि यात्रा उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा अच्छी रहने वाली थी. सारा ने ट्रेन के अंदर की सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि शुरुआत से ही सफर काफी खास और आरामदायक लग रहा था.
हर दो घंटे में कुछ खाने को मिला
सारा को भारतीय ट्रेन यात्रा में खाने-पीने की व्यवस्था भी पसंद आई. उन्होंने बताया कि सफर शुरू होने के करीब दो घंटे बाद उन्हें खाना दिया गया. इसके लगभग दो घंटे बाद स्नैक्स की एक छोटी ट्रे भी मिली. इसके अलावा पानी, चाय या कॉफी और अखबार जैसी चीजें भी समय-समय पर मिलती रहीं. सारा ने अपने अनुभव में इन छोटी-छोटी बातों का खास तौर पर जिक्र किया. उनके लिए यह केवल एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का सफर नहीं था, बल्कि भारत में ट्रेन यात्रा को समझने का भी मौका था. उन्होंने यात्रियों को एक सलाह भी दी कि सफर पर निकलने से पहले अपने पसंदीदा शो या फिल्में डाउनलोड कर लेना बेहतर रहेगा. उन्होंने बताया कि ट्रेन के वाई-फाई पर अंग्रेजी फिल्मों के ऑप्शन ही मिले थे.
वीडियो देखने के लिए यहा क्लिक करें...
मुंबई के स्ट्रीट फूड ने भी जीता दिल
भारत में टोनी और सारा का अनुभव सिर्फ ट्रेन तक सीमित नहीं रहा. कपल ने मुंबई के स्ट्रीट फूड की भी खूब तारीफ की. उन्होंने बताया कि थाई और मैक्सिकन खाना उनके पसंदीदा व्यंजनों में शामिल रहा है, लेकिन अब भारतीय खाने को भी इस लिस्ट में जगह मिलती दिख रही है. दोनों ने पहले भी भारतीय खाना खाया था, लेकिन तब वे ज्यादातर उन्हीं चीजों को चुनते थे, जिनसे पहले से परिचित थे. भारत आने के बाद उन्हें नए व्यंजन चखने का मौका मिल रहा है. सारा ने बताया कि मुंबई पहुंचने के बाद वे यहां के स्ट्रीट फूड को आजमाने के लिए काफी उत्साहित थे. नए स्वाद और अलग-अलग तरह के खानों ने उनके सफर को और दिलचस्प बना दिया.
एलोरा की गुफाएं देखकर रह गए हैरान
छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) पहुंचने के बाद कपल एलोरा की गुफाएं देखने भी गया. वहां की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि करीब 600 रुपये के टिकट में इस ऐतिहासिक जगह को देखना उनके लिए शानदार अनुभव रहा. सारा और टोनी ने कहा कि भारत आने से पहले उन्हें इस जगह के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी. यहां पहुंचकर उन्हें पता चला कि एलोरा में चट्टानों को काटकर बनाए गए मंदिरों और गुफाओं का विशाल परिसर है. यहां बौद्ध, हिंदू और जैन धर्म से जुड़ी कई ऐतिहासिक संरचना मौजूद हैं. एलोरा की गुफाएं अपनी बारीक नक्काशी और चट्टानों को काटकर बनाई गई संरचनाओं के लिए जानी जाती हैं. कपल के लिए यह जगह इसलिए भी खास रही, क्योंकि उन्होंने यहां आकर भारतीय इतिहास और पुरानी वास्तुकला की एक अलग झलक देखी.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
टोनी और सारा के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने उनके ट्रेन यात्रा के अनुभव को पसंद किया, तो कुछ ने उन्हें भारत की दूसरी जगहों पर घूमने की सलाह दी. एक यूजर ने लिखा कि औरंगाबाद अब छत्रपति संभाजीनगर है. एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि आखिरकार कोई ऐसा यात्री मिला, जिसका बजट 10 डॉलर से ज्यादा है. वहीं, एक यूजर ने एलोरा की गुफाओं को शानदार बताया. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि भारत में घूमने के लिए इतनी जगहें हैं कि यहां रहने या बार-बार आने के बाद भी नई जगहों की लिस्ट खत्म नहीं होती.
भारत में अभी कई जगहें घूमने का है प्लान
टोनी और सारा की इंस्टाग्राम प्रोफाइल के अनुसार, भारत आने का उनका प्लान अचानक बना था. वे यहां कुछ हफ्ते बिताने और मुंबई से लेकर केरल तक अलग-अलग शहरों, मंदिरों, बाजारों और पार्कों को देखने का प्लान बना रहे हैं. उनकी पहली ट्रेन यात्रा ने इस सफर को एक यादगार शुरुआत दी है. सारा ने जिस उत्साह के साथ अपना अनुभव शेयर किया, उससे साफ है कि भारत में उनके लिए घूमने-फिरने के साथ नए अनुभव जुटाना भी अहम है. फिलहाल, वंदे भारत ट्रेन का सफर और एलोरा की गुफाओं की सैर उनके भारत दौरे के खास पलों में शामिल हो गए हैं. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में टोनी और सारा भारत की किन दूसरी जगहों और अनुभवों को अपने वीडियो में शामिल करते हैं.