SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Meta के दफ्तर में घुसे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता, गमले तोड़े और दे दिया 7 दिन का अल्टीमेटम: जानिए क्यों भड़का पूरा विवाद

यूथ कांग्रेस नेताओं के अकाउंट सस्पेंड होने पर हैदराबाद में Meta दफ्तर में तोड़फोड़ और मुंबई में प्रदर्शन हुआ. जानिए 7 दिन का अल्टीमेटम और सियासी बयानबाजी.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 21, 2026, 12:19 IST | Updated: Nov 21, 2026, 12:24 IST
Image Credit: यूथ कांग्रेस नेताओं के अकाउंट सस्पेंड होने पर हैदराबाद में Meta दफ्तर में तोड़फोड़.
Join

जब किसी नेता का अकाउंट सस्पेंड होता है या पोस्ट पर पाबंदी लगती है, तो अक्सर बहस ऑनलाइन ही शुरू होती है और ऑनलाइन ही खत्म हो जाती है. लेकिन इस बार यह डिजिटल टकराव सीधे जमीन पर उतर आया है और टेक दिग्गज कंपनी Meta के दफ्तर तक पहुंच गया है. शुक्रवार को तेलंगाना के हैदराबाद स्थित Meta के ऑफिस में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हंगामे और तोड़फोड़ के बाद देश की राजनीति में नया बवाल खड़ा हो गया है. एक तरफ इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) इसे सोशल मीडिया पर अपनी आवाज दबाने की कोशिश बता रही है और Meta को 7 दिन का अल्टीमेटम दे रही है, तो दूसरी तरफ BJP और BRS ने इस तोड़फोड़ को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस विवाद में एंट्री लेते हुए Meta और सरकार को नसीहत दी है.

 

 

हैदराबाद में Meta के दफ्तर में क्या हुआ
शुक्रवार को तेलंगाना यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में Meta के ऑफिस परिसर में घुसकर विरोध प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ की. इस प्रदर्शन की अगुवाई तेलंगाना यूथ कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष जक्किडी शिवचरण रेड्डी (Jakkidi Shivacharan Reddy) कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने Meta और BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियोज में प्रदर्शनकारी दफ्तर के कॉरिडोर और कैफेटेरिया एरिया के पास दौड़ते हुए नजर आए. इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने वहां रखे गमले भी तोड़ दिए. यूथ कांग्रेस का आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर राजनीतिक दखलअंदाजी हो रही है, और वे कुछ पोस्ट्स को बहाल करने की मांग कर रहे थे.

किन नेताओं के अकाउंट पर लगी पाबंदी और क्या है 7 दिन का अल्टीमेटम
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब Meta ने कथित तौर पर इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब (Uday Bhanu Chib) और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा (Manish Sharma) के सोशल मीडिया हैंडल्स पर पाबंदियां (restrictions) लगा दीं.

इस कार्रवाई के बाद इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट जारी कर Meta पर तीखा हमला बोला. संगठन ने Meta से "रीढ़ दिखाने" (grow a spine) की बात कहते हुए 7 दिन का अल्टीमेटम जारी किया है कि वह प्रतिबंधित अकाउंट्स और पोस्ट्स को बहाल करे. यूथ कांग्रेस ने यह भी चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे कोर्ट से लेकर सड़कों और दफ्तरों तक अपना विरोध तेज करेंगे.

मुंबई के BKC में भी फूटा गुस्सा, जलाया गया पोस्टर
हैदराबाद के साथ-साथ मुंबई में भी यूथ कांग्रेस का विरोध देखने को मिला. मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन (Zeenat Shabrin) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित वर्ल्ड वन में Meta के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस नेताओं के अकाउंट सस्पेंड करने की कार्रवाई BJP और RSS की आलोचना करने वाली आवाजों को दबाने के मकसद से की गई है. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने Meta पर BJP का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया.

 

 

 

अखिलेश यादव ने Meta और सरकार को दी नसीहत
इस पूरे सियासी घटनाक्रम के बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी X पर पोस्ट लिखकर Meta पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा कि विदेशी कंपनियों को हमारे देश में बिजनेस करना चाहिए, राजनीति नहीं. अखिलेश ने आगे कहा कि सभी के साथ समान व्यवहार करना ही एक अच्छी और समावेशी कंपनी की पहचान होती है. इसके साथ ही उन्होंने केंद्र की ओर इशारा करते हुए लिखा कि सरकार को भी विदेशी कंपनियों पर अनुचित दबाव डालकर उनके बिजनेस का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए.

BJP ने बोला तीखा हमला, बताया 'गुंडों की पार्टी'
हैदराबाद में Meta के दफ्तर में हुई तोड़फोड़ के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया है. BJP प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को "गुंडों की पार्टी" करार दिया. भंडारी ने कहा कि इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ हैदराबाद में Meta के ऑफिस में तोड़फोड़ की है, बल्कि सोशल मीडिया पर इसका दिखावा भी कर रहे हैं.

 

 

 

प्रदीप भंडारी ने वर्ल्ड AI समिट की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यही "कांग्रेस मॉडल" है, जिसमें प्राइवेट कंपनियों के दफ्तरों में तोड़फोड़ की जाती है. लोगों से इस तरह की तोड़फोड़ का विरोध करने की अपील करते हुए भंडारी ने आरोप लगाया कि इसी वजह से जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब भारत एक 'फ्रैजाइल फाइव' (कमजोर पांच) इकोनॉमी में गिना जाता था.

BRS नेता केटीआर बोले- इस हरकत से टूटा 'ब्रांड हैदराबाद' का भरोसा
तेलंगाना की मुख्य विपक्षी पार्टी भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आड़े हाथों लिया. केटीआर ने राहुल गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या कंपनियों को भारत लाने का उनका यही तरीका है.

 

 

 

केटीआर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'ब्रांड हैदराबाद' देश भर के लाखों परिवारों का पेट पालता है और इसे दशकों की मेहनत और बिजनेस-फ्रेंडली नीतियों से बनाया गया है. उन्होंने कहा कि Meta का भारत में सबसे बड़ा कैंपस हैदराबाद में है और कंपनी ने इस शहर को इसलिए चुना था क्योंकि उन्हें सुरक्षित माहौल का भरोसा दिया गया था. केटीआर ने कहा कि इस हरकत से सिर्फ कांच नहीं टूटा है, बल्कि 'ब्रांड हैदराबाद' का भरोसा भी टूटा है. फिलहाल, इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया कंटेंट मॉडरेशन, अभिव्यक्ति की आजादी और कॉर्पोरेट दफ्तरों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ दी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES