Xiaomi 18 Pro की भारत में एंट्री पक्की, BIS सर्टिफिकेशन से मिली हरी झंडी, पर Pro Max पर लगा ब्रेक
शाओमी के फ्लैगशिप स्मार्टफोन Xiaomi 18 Pro के भारतीय वेरिएंट को BIS सर्टिफिकेशन मिल गया है, जिससे इसके दिसंबर में भारत लॉन्च होने की उम्मीदें तेज हो गई हैं.
शाओमी के नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन का इंतजार कर रहे भारतीय यूजर्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. कंपनी के Xiaomi 18 Pro के भारतीय वेरिएंट को भारत में जरूरी BIS सर्टिफिकेशन मिल गया है.
किसी भी नए स्मार्टफोन को देश में लॉन्च करने से पहले ये सर्टिफिकेशन लेना जरूरी होता है. इस सर्टिफिकेशन के मिलने के बाद ये बात लगभग पक्की हो गई है कि शाओमी का ये दमदार फोन जल्द ही इंडियन मार्केट में देखने को मिलेगा.
मॉडल नंबर की हो गई पुष्टि
रिपोर्ट्स के मुताबिक, BIS की वेबसाइट पर इस फोन को मॉडल नंबर 2609BPN61I के साथ लिस्ट किया गया है. यहां I अक्षर इस बात की ओर इशारा करता है कि ये खास तौर पर इंडियन मार्केट के लिए तैयार किया गया वेरिएंट है.
वैसे इस सर्टिफिकेशन लिस्टिंग में फोन के किसी भी हार्डवेयर या फीचर्स की जानकारी सामने नहीं आई है. ये लिस्टिंग सिर्फ इस बात को कनफर्म करती है कि कंपनी ने भारत में फोन उतारने की अपनी तैयारी कर ली है.
दिसंबर में हो सकती है एंट्री
मार्केट में बात फैली है कि Xiaomi 18 Pro को भारत में दिसंबर महीने के दौरान लॉन्च किया जा सकता है. लेकिन कंपनी की तरफ से अभी तक किसी पक्की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है.
जो लोग बड़े स्क्रीन वाले फोन चलाने के शौकीन हैं, उनके लिए थोड़ी बुरी खबर है. ताजा लीक्स के हिसाब से शाओमी अपने बड़े मॉडल Xiaomi 18 Pro Max को भारत में लॉन्च करने का प्लान नहीं बना रही है.
माना जा रहा है कि प्रो मैक्स मॉडल के अधिक कीमत की वजह से कंपनी भारतीय ग्राहकों के लिए सिर्फ स्टैंडर्ड प्रो मॉडल ही लॉन्च करेगी.
चीन के बाद अब ग्लोबल मार्केट में लॉन्च की तैयारी
शाओमी ने इस सीरीज को सितंबर के आखिरी हफ्ते में ही चीन के मार्केट में लॉन्च कर दिया था. अब कंपनी इसे दुनिया के बाकी देशों में उतारने की तैयारी कर रही है.
इस सीरीज का ग्लोबल लॉन्च 17 नवंबर को होने जा रहा है. ऐसे में ग्लोबल मार्केट में आने के बाद इसे कुछ ही हफ्तों में भारत लॉन्च होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.
दमदार डिस्प्ले और पीछे भी मिलेगी एक छोटी स्क्रीन
अगर इसके स्पेसिफिकेशन्स पर नजर डालें, तो चीन में लॉन्च हुए मॉडल के हिसाब से इसमें अच्छे फीचर्स दिए गए हैं. फोन में आगे की तरफ 6.4-इंच का LTPO AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है.
इस फोन की सबसे अच्छी बात इसके पिछले हिस्से में दी गई 2.7-इंच की सेकेंडरी स्क्रीन है. ये फोन लेटेस्ट Android 17 पर आधारित HyperOS 4 पर काम करता है.
तेज रफ्तार परफॉर्मेंस के लिए इसमें क्वालकॉम का ताकतवर Snapdragon 8 Elite Gen 6 प्रोसेसर लगाया गया है.
200MP के दो कैमरे और धूल-पानी से सुरक्षा
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए इस फोन में कैमरा सेटअप काफी तगड़ा रखा गया है. इसमें OIS सपोर्ट के साथ 200 मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 3.2x जूम वाला 200 मेगापिक्सल का ही पेरिस्कोप कैमरा दिया गया है.
इसके साथ ही 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड लेंस और सेल्फी के लिए भी 50 मेगापिक्सल का ऑटोफोकस कैमरा मिलता है.
धूल और पानी से बचाव के लिए फोन को IP68 रेटिंग मिली है. फिलहाल भारतीय ग्राहकों को दिसंबर के लॉन्च और कंपनी के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा.
ये भी पढे़ं: सैमसंग का नया धमाका: जल्द आ रहा है Galaxy A18 का 5G अवतार, सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर दिखी पहली झलक