कॉलेज छोड़ा, OpenAI की नौकरी छोड़ी और खड़ा कर दिया ₹40,000 करोड़ का साम्राज्य! मिलिए 23 साल के यश पाटिल से
23 साल के Stanford ड्रॉपआउट यश पाटिल ने 40,000 करोड़ रुपये में बेचा अपना AI स्टार्टअप Applied Compute. जानिए कौन हैं यश और कैसे रचा ये इतिहास.
भारतीय मूल के 23 साल के यश पाटिल ने इस उम्र में वो कर दिखाया है, जिसका सपना बड़े-बड़े दिग्गज एंटरप्रेन्योर्स भी देखते हैं. यश ने सिर्फ 18 महीने पहले शुरू किए अपने AI स्टार्टअप 'Applied Compute' को 4.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 40,000 करोड़ रुपये में बेचने की डील साइन की है.
दुनिया की सबसे बड़ी साइबर सिक्योरिटी कंपनियों में से एक 'Palo Alto Networks' ने उनकी कंपनी को खरीदने का फैसला किया है. और कहानी यहीं खत्म नहीं होती. इस डील के पूरा होने के बाद यश पाटिल Palo Alto Networks में Co-Chief AI Officer की बड़ी जिम्मेदारी संभालने वाले हैं. आखिर कौन हैं यश पाटिल और उन्होंने इतनी कम उम्र में ये करिश्मा कैसे कर दिखाया, आइए बताते हैं....
क्या है 40,000 करोड़ रुपये की ये मेगा डील
19 नवंबर को Applied Compute के को-फाउंडर और सीईओ यश पाटिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बड़ी खबर की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ने Palo Alto Networks के साथ 4.5 बिलियन डॉलर के ऑल-स्टॉक ट्रांजैक्शन के लिए एक पक्का एग्रीमेंट साइन किया है.
यश ने लिखा कि उन्होंने अपने साथियों रिदम गर्ग (Rhythm Garg) और लिंडेन ली (Linden Li) के साथ मिलकर इस सोच के साथ कंपनी शुरू की थी कि आने वाले समय में हर कंपनी के पास खुद की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षमता होनी चाहिए. उनके मुताबिक, अपने खुद के प्रॉपराइटरी मॉडल्स को ट्रेन करना और सुधारना भविष्य में किसी भी बिजनेस को चलाने का एक नॉर्मल हिस्सा बन जाएगा. यह डील रेगुलेटरी अप्रूवल मिलने के बाद कंपनी के फिस्कल थर्ड क्वार्टर 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है.
बचपन से ही कोडिंग और टेक का कीड़ा
यश पाटिल की परवरिश अमेरिका के टेक्सास स्थित ऑस्टिन में हुई है. उनके माता-पिता भारत से अमेरिका जाकर बसे थे. सितंबर 2026 की फोर्ब्स की एक प्रोफाइल के मुताबिक, यश की मां एक पीडियाट्रिशियन (बच्चों की डॉक्टर) हैं, जबकि उनके पिता एक हार्डवेयर इंजीनियर हैं जिन्होंने Qualcomm और ARM जैसी बड़ी सेमीकंडक्टर कंपनियों के साथ सर्किट डिजाइन और पावर आर्किटेक्चर पर काम किया है. जाहिर है, टेक्नोलॉजी की समझ उन्हें घर से ही मिली थी.
यश का टैलेंट हाई स्कूल के दिनों में ही दिखने लगा था. जब पूरी दुनिया कोविड-19 महामारी से जूझ रही थी, तब यश और उनके बड़े भाई नील ने मिलकर 'Helping Hands' नाम का एक प्रोग्राम शुरू किया. इस पहल के जरिए उन लोगों को वॉलंटियर्स से जोड़ा गया जिन्हें ग्रॉसरी का सामान लाने या दवाइयां मंगवाने जैसे रोजमर्रा के कामों में मदद की जरूरत थी.
स्टैनफोर्ड से OpenAI तक का सफर
हाई स्कूल के बाद यश कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करने के लिए मशहूर स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी पहुंचे. यहीं उनकी मुलाकात रिदम गर्ग और लिंडेन ली से हुई, जो आगे चलकर उनके बिजनेस पार्टनर बने. लेकिन यश की जिंदगी में असली टर्निंग पॉइंट तब आया जब स्टैनफोर्ड के इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स के लिए रखे गए एक डिनर में उनकी मुलाकात OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन से हुई.
उस वक्त ChatGPT नया-नया लॉन्च हुआ था और यश इस टेक्नोलॉजी पर काम करने के लिए बेहद एक्साइटेड थे. उन्होंने सीधे सैम ऑल्टमैन से संपर्क किया. इसके बाद उन्हें OpenAI के रेजिडेंसी प्रोग्राम के लिए अप्लाई करने का न्योता मिला और महज 20 साल की उम्र में यश ने OpenAI जॉइन कर लिया. वहां उन्होंने पोस्ट-ट्रेनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और 'Codex' (कंपनी का AI कोडिंग एजेंट) पर काम किया. उनके दोनों दोस्त रिदम और लिंडेन भी OpenAI में ही काम कर रहे थे, जहां रिदम रीजनिंग मॉडल्स और लिंडेन मशीन लर्निंग सिस्टम्स संभाल रहे थे.
DeepSeek के एक मॉडल से आया 40,000 करोड़ का आइडिया
अक्सर बड़े स्टार्टअप्स के पीछे कोई न कोई खास मोमेंट होता है. यश और उनके दोस्तों के लिए वह मोमेंट जनवरी 2025 में आया, जब चीनी AI स्टार्टअप DeepSeek ने अपना R1 रीजनिंग मॉडल लॉन्च किया. इस मॉडल ने दुनिया की उस पुरानी सोच को तोड़ दिया कि तगड़े AI सिस्टम सिर्फ वही कंपनियां बना सकती हैं जिनके पास बेहिसाब कंप्यूटिंग रिसोर्सेज और पैसा है.
यश और उनकी टीम को समझ आ गया कि बाजार में एक और जनरल-पर्पज AI मॉडल बनाने के बजाय एक बड़ा मौका कहीं और छिपा है. उन्होंने महसूस किया कि बड़ी कंपनियां हमेशा OpenAI या Anthropic जैसे बाहरी सिस्टम्स पर निर्भर नहीं रहना चाहेंगी. कंपनियां चाहेंगी कि वे अपने खुद के डेटा का इस्तेमाल करके अपने हिसाब से AI मॉडल्स को ट्रेन करें और चलाएं. इसी आइडिया को हकीकत में बदलने के लिए यश, रिदम और लिंडेन ने OpenAI की शानदार नौकरी छोड़ी और 2025 में Applied Compute की नींव रखी.
18 महीने में जीरो से 100 मिलियन डॉलर तक की रफ्तार
Applied Compute का बिजनेस मॉडल एकदम साफ था. यह कंपनी बड़े एंटरप्राइजेज को उनके खुद के डेटा की मदद से ओपन-वेट AI मॉडल्स को ट्रेन करने, कस्टमाइज करने और डिप्लॉय करने में मदद करती है.
कंपनी की ग्रोथ इतनी तेज थी कि इन्वेस्टर्स भी हैरान रह गए. सिर्फ कुछ दर्जन लोगों की एक छोटी सी टीम ने कंपनी को जीरो रेवेन्यू से 100 मिलियन डॉलर के एनुअलाइज्ड रेवेन्यू रन-रेट तक पहुंचा दिया, और वो भी स्थापना के 18 महीने से कम समय में. कंपनी के क्लाइंट्स की लिस्ट में Microsoft, Nvidia, DoorDash, Shopify, Harvey, Cognition और Mercor जैसे बड़े नाम शामिल हो गए.
- फंडिंग के मामले में भी Applied Compute ने रिकॉर्ड बनाए:
- जून 2025 में कंपनी ने 20 मिलियन डॉलर का सीड राउंड जुटाया.
- अप्रैल 2026 में 80 मिलियन डॉलर की फंडिंग के साथ कंपनी की वैल्यूएशन करीब 1.3 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई.
- नवंबर 2026 की शुरुआत में ही कंपनी ने मशहूर इन्वेस्टर एलाद गिल की अगुवाई में 350 मिलियन डॉलर जुटाए, जिससे इसकी वैल्यूएशन 3.25 बिलियन डॉलर हो गई थी.
निकेश अरोड़ा की कंपनी के साथ नई शुरुआत
अब Palo Alto Networks के साथ जुड़ने के बाद यश पाटिल का मिशन और बड़ा होने वाला है. दिलचस्प बात यह है कि Palo Alto Networks की कमान भी भारतीय मूल के दिग्गज एग्जीक्यूटिव निकेश अरोड़ा के हाथों में है. यह कंपनी चाहती है कि जब बड़े बिजनेस AI को अपनाएं, तो उनके सिस्टम, डेटा और मॉडल्स पूरी तरह सुरक्षित रहें.
यश का मानना है कि Palo Alto Networks के साथ मिलकर वे एंटरप्राइज AI के सेंटर में सिक्योरिटी को रखकर अपने मिशन को और तेजी से आगे बढ़ा पाएंगे.