Vivo X Fold 7 में बदल सकता है प्रोसेसर का पूरा खेल! MediaTek या Qualcomm, जानें किस चिपसेट पर दांव लगाएगी कंपनी
वीवो अपने अगले फोल्डेबल फोन वीवो एक्स फोल्ड 7 के लिए 2nm टेक्नोलॉजी वाले नए प्रोसेसर की टेस्टिंग कर रही है. लीक की मानें तो कंपनी मीडियाटेक Dimensity 9600 प्रो और क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8 Elite जेन 6 प्रोसेसर की जांच कर रही है. इन दोनों में से जो सस्ता पड़ेगा, कंपनी उसी को चुनेगी.
वीवो ने अभी पिछले महीने ही भारत में अपना महंगा फोल्डेबल फोन वीवो X फोल्ड 6 उतारा है. लेकिन मार्केट में इस फोन के आने के तुरंत बाद ही कंपनी ने अगले मॉडल की तैयारी तेज कर दी है.
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक अब वीवो X फोल्ड 7 से जुड़ी शुरुआती जानकारी इंटरनेट पर सामने आने लगी है. बताया जा रहा है कि कंपनी अपने इस आने वाले बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन के लिए नए और बेहद ताकतवर प्रोसेसर की टेस्टिंग कर रही है.
तीन नए 2nm चिपसेट पर चल रही टेस्टिंग
चीन के मशहूर टिप्स्टर डिजिटल चैट स्टेशन ने वीबो पर इस अपकमिंग फोन के प्रोसेसर को लेकर बड़ा खुलासा किया है. लीक के अनुसार कंपनी फोल्डेबल फोन के लिए मीडियाटेक Dimensity 9600 प्रो और क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8 Elite जेन 6 प्रोसेसर की जांच कर रही है.
इनमें मीडियाटेक का Dimensity 9600 Pro और क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 8 Elite जेन 6 के साथ स्नैपड्रैगन 8 Elite एक्सट्रीम जेन 6 शामिल हैं. खास बात ये है कि ये तीनों ही अनअनाउंस्ड प्रोसेसर एडवांस 2nm टेक्नोलॉजी पर बनाए जाएंगे.
कीमत तय करेगी फोन का असली प्रोसेसर
वीवो इस बार किस कंपनी का प्रोसेसर चुनेगी, ये पूरी तरह से चिपसेट की कीमतों पर निर्भर करेगा. टिप्स्टर ने पोस्ट के कमेंट में बताया है कि फिलहाल मीडियाटेक का Dimensity 9600 Pro चिपसेट क्वालकॉम के प्रोसेसर के मुकाबले ज्यादा महंगा पड़ रहा है.
अगर वीवो इस बार क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन चिप चुनती है, तो ये कंपनी की रणनीति में एक बड़ा बदलाव होगा. इससे पहले कंपनी ने एक्स फोल्ड 6 में 3nm वाला मीडिया Dimensity 9500 सुपर प्रोसेसर इस्तेमाल किया था, जबकि पुराने एक्स फोल्ड 5 में स्नैपड्रैगन 8 जेन 3 और एक्स फोल्ड 3 में स्नैपड्रैगन 8 जेन 2 दिया गया था.
डिजाइन और डिस्प्ले में नहीं होगा बड़ा बदलाव
प्रोसेसर के अलावा फोन के डिजाइन और स्क्रीन को लेकर भी जरूरी जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक वीवो एक्स फोल्ड 7 में पहले जैसा ही बुक-स्टाइल फोल्डेबल डिजाइन और नॉर्मल स्क्रीन आस्पेक्ट रेशियो बरकरार रखा जाएगा.
यानी वीवो फिलहाल चौड़े डिस्प्ले वाले फॉर्मेट की तरफ नहीं जा रही है, जैसा कि मौजूदा एक्स फोल्ड 6 में 20:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली कवर स्क्रीन मिलती है. वहीं दूसरी तरफ शाओमी आने वाले समय में सिर्फ चौड़े फोल्डेबल डिस्प्ले वाले फोन लाने का प्लान बना रही है.
भारत में इतनी है मौजूदा मॉडल की कीमत
नए फोन की चर्चा के बीच मौजूदा वीवो एक्स फोल्ड 6 के फीचर्स और कीमत को समझना भी जरूरी है. वीवो ने इस फोन को जून में चीन में पेश करने के बाद अक्टूबर में भारत में 2,19,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया था.
ये कीमत फोन के 12GB रैम और 512GB स्टोरेज वेरिएंट की है. इसमें अंदर की तरफ 8.02-इंच का फोल्डेबल AMOLED डिस्प्ले और बाहर की तरफ 6.51-इंच की AMOLED कवर स्क्रीन दी गई है.
दमदार बैटरी और 200MP का कैमरा
मौजूदा वीवो X फोल्ड 6 में कंपनी ने कई प्रीमियम फीचर्स शामिल किए हैं. पावर देने के लिए इसमें 6,900mAh की बड़ी बैटरी मिलती है, जो 80W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है.
धूल और पानी से सुरक्षा के लिए इसे IP58 और IP59 दोनों रेटिंग दी गई हैं. फोटोग्राफी के लिए फोन के पीछे Zeiss ट्यून्ड ट्रिपल कैमरा सेटअप है.
जिसमें 200-मेगापिक्सल का मुख्य सेंसर, 50-मेगापिक्सल अल्ट्रावाइड और 50-मेगापिक्सल पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस शामिल है, जबकि सेल्फी के लिए दोनों स्क्रीन पर 20-मेगापिक्सल के कैमरे मिलते हैं.