ना बोलना होगा, ना कीबोर्ड छूना पड़ेगा! सिर्फ होंठ हिलाते ही टाइप होंगे 200 की स्पीड से मैसेज, आ गया कमाल का AI चश्मा
अब मैसेज लिखने या ईमेल टाइप करने के लिए कीबोर्ड पर उंगलियां चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. एक नया AI स्मार्ट चश्मा सिर्फ आपके होंठों की हलचल पहचानकर शब्दों को टेक्स्ट में बदल सकता है. कंपनी का दावा है कि इसकी स्पीड 200 शब्द प्रति मिनट से ज्यादा है.
क्या आप भी कुछ भी मैसेज भेजना हो या ऑफिस का जरूरी ईमेल टाइप करना हो, कीबोर्ड पर उंगलियां चला-चलाकर परेशान हो चुके हैं? जवाब अगर हां है तो आपकी परेशानी दूर होने वाली है! टेक जगत में कुछ ऐसा कमाल हुआ है, जो आपकी डेलीलाइफ की इस समस्या को पूरी तरह से दूर कर सकता है. दो टेक फाउंडर्स ने एक ऐसा अनोखा गैजेट तैयार किया है, जो आपकी आवाज सुने बिना और कीबोर्ड को छुए बिना, सिर्फ आपके होठों की खामोश हरकत से पलक झपकते ही लंबे-लंबे ईमेल और मैसेज टाइप कर देगा. आइए जानते हैं क्या है यह अनोखी तकनीक और कैसे काम करती है यह स्मार्ट ऐनक.
इस तकनीक को The Subvocal Company नाम के स्टार्टअप ने तैयार किया है. इसकी शुरुआत आरुष यादव और अर्नव कुमार ने मिलकर की है. दोनों ने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए Y Combinator और एफोर कैपिटल से 1.3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 11 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई है. कंपनी का मकसद कंप्यूटर पर काम करने के तरीके को आसान बनाना है. इसके लिए यूजर को न तो कीबोर्ड पर टाइप करना होगा और न ही बोलकर कुछ लिखवाना पड़ेगा.
कैसे काम करेगा यह AI स्मार्ट चश्मा?
आमतौर पर फोन या कंप्यूटर में वॉइस टाइपिंग के लिए माइक्रोफोन आपकी आवाज सुनता है. लेकिन Subvocal का तरीका पूरी तरह से अलग है. यह चश्मा आपके चेहरे और बोलने वाली मांसपेशियों में होने वाली बहुत हल्की हलचल को पहचानने के लिए तैयार किया जा रहा है. जब कोई व्यक्ति बिना आवाज निकाले अपने होंठों से शब्द बनाता है, तो चेहरे पर कुछ छोटे बदलाव होते हैं. चश्मा इन्हीं बदलावों को पकड़कर उन्हें टेक्स्ट में बदलने की कोशिश करता है.
कंपनी इस तकनीक को नॉन-कॉन्टैक्ट सेंसिंग बताती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें रेडियो फ्रीक्वेंसी सिग्नल का इस्तेमाल किया जाता है, जो मुंह की हलचल से होने वाले बदलावों को पहचानते हैं. लेकिन, कंपनी ने अभी अपनी तकनीक की पूरी जानकारी पब्लिक नहीं की है.
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि यह चश्मा आपके मन में चल रहे विचारों को नहीं पढ़ता. शब्दों को टेक्स्ट में बदलने के लिए यूजर को अपने होंठों से उन्हें बनाना होगा. फर्क सिर्फ इतना है कि इसके लिए आवाज निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कंपनी का दावा है कि यह चश्मा कैमरा और माइक्रोफोन के बिना भी साइलेंट स्पीच इनपुट दे सकता है.
200 शब्द प्रति मिनट से ज्यादा होगी स्पीड
स्टार्टअप के मुताबिक, इस चश्मे की मदद से यूजर मैसेज लिख सकेंगे, नोट्स बना सकेंगे और AI असिस्टेंट के साथ बातचीत कर सकेंगे. कंपनी का दावा है कि इसके प्रोटोटाइप में यह तकनीक 200 से ज्यादा शब्द प्रति मिनट की रफ्तार से टेक्स्ट तैयार कर सकती है.
(ये भी पढ़ेः iPhone Duo की स्क्रीन टूटने पर क्या करेगा Apple? कंपनी ने अपने सर्विस सेंटर्स के लिए जारी किए नए निर्देश)
कितनी है कीमत और कब होगी बिक्री?
कंपनी ने अमेरिका में इस चश्मे की बुकिंग शुरू कर दी है. इसकी शुरुआती कीमत 699 डॉलर यानी लगभग 62 हजार रुपये रखी गई है. शुरुआती कस्टमर्स के लिए इसे 499 डॉलर यानी लगभग 44 हजार रुपये में रिजर्व करने का ऑप्शन दिया गया है. इसके लिए 199 डॉलर यानी करीब 18 हजार रुपये की वापसी योग्य जमा राशि देनी होगी. बाकी पैसे बाद में देने होंगे. अगर किसी को चश्मे में नंबर वाले लेंस चाहिए तो उसके लिए अलग से पैसे देने होंगे.
कंपनी का अनुमान है कि इसकी डिलीवरी 2027 की पहली तिमाही में शुरू हो सकती है. लेकिन, अभी यह प्रोडक्ट तैयार होने की प्रक्रिया में है और इसके फीचर्स में बदलाव भी हो सकते हैं. डिलीवरी के लिए जरूरी मंजूरियां मिलना भी बाकी है.
(ये भी पढ़ेंः अंतरिक्ष में पहुंचा गूगल का AI: स्पेस से लिखी खूबसूरत कविता, लेकिन एक बड़ी समस्या ने बढ़ाई Google की टेंशन!)