SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मिडिल क्लास की बढ़ी टेंशन! दिवाली के तुरंत बाद Samsung और Xiaomi ने चुपचाप 41 स्मार्टफोन्स के रेट बढ़ाकर सबको चौंकाया

दिवाली के बाद Samsung और Xiaomi ने 41 स्मार्टफोन्स के दाम 19% तक बढ़ा दिए हैं. जानिए 16 नवंबर से लागू हुई नई कीमतें और किन फोन्स पर पड़ा असर.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 16, 2026, 10:44 IST | Updated: Nov 16, 2026, 10:54 IST
Image Credit: Samsung और Xiaomi ने 41 स्मार्टफोन्स के दाम 19% तक बढ़ा दिए हैं.
Join

अगर आप दिवाली की भीड़भाड़ से बचकर अब एक नया स्मार्टफोन खरीदने का प्लान बना रहे थे, तो यह खबर आपकी जेब का पूरा गणित बिगाड़ सकती है. दो स्मार्टफोन कंपनियों Samsung और Xiaomi ने एक साथ अपने 41 स्मार्टफोन वेरिएंट्स की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है. 16 नवंबर से लागू हुई इन नई कीमतों के बाद फोन खरीदना सीधा 1,000 रुपये से लेकर 4,000 रुपये तक महंगा हो गया है.

आमतौर पर दिवाली के बाद बाजार में सन्नाटा रहता है और कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफर्स निकालती हैं. लेकिन इस बार उल्टी गंगा बहती दिख रही है. कंपनियों ने बिना किसी शोर-शराबे के चुपचाप रेट लिस्ट अपडेट कर दी है. सबसे ज्यादा मार उन युवाओं और स्टूडेंट्स पर पड़ी है जिनका बजट 15,000 से 25,000 रुपये के बीच रहता है.

Samsung के 22 मॉडल्स हुए महंगे, 20 हजार से नीचे 5G फोन का सूखा

मनीकंट्रोल ने रिटेल मार्केट से मिली जानकारी के हवाला देते हुए बताया कि Samsung ने अपनी पॉपुलर Galaxy A और Galaxy F सीरीज के कुल 22 वेरिएंट्स के दाम बढ़ा दिए हैं. कंपनी ने इन फोन्स की कीमतों में 3.13 प्रतिशत से लेकर 9.52 प्रतिशत तक का इजाफा किया है. इसका सीधा मतलब यह है कि अब ऑफलाइन दुकानों पर Samsung का कोई भी नया 5G फोन 20,000 रुपये से कम में मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है.

अगर मॉडल्स की बात करें तो Galaxy A07 5G के दोनों वेरिएंट्स 2,000 रुपये महंगे हो गए हैं. इसका 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला बेस मॉडल जो पहले 20,999 रुपये में मिलता था, अब उसके लिए 22,999 रुपये खर्च करने होंगे. इसी तरह Galaxy F17 5G और Galaxy A17 5G की कीमतों में भी 2,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.

कंपनी ने मिड-रेंज सेगमेंट को भी नहीं बख्शा है. Galaxy A57 के कुछ चुनिंदा वेरिएंट्स सीधा 4,000 रुपये महंगे कर दिए गए हैं. वहीं Galaxy A36, A56 और A37 सीरीज के फोन्स पर भी 2,000 रुपये का बोझ बढ़ा दिया गया है. हालांकि Galaxy A06 अभी भी 20,000 रुपये से कम की रेंज में लिस्टेड है, लेकिन दुकानदारों का कहना है कि सितंबर से ही इस फोन की सप्लाई काफी कम है. ऐसे में बजट ग्राहकों के पास Samsung के ऑप्शन लगभग खत्म हो गए हैं.

Xiaomi ने भी दिया झटका, Redmi A7 Pro 5G पर 18.75% का उछाल

Samsung के साथ-साथ Xiaomi ने भी अपने 19 स्मार्टफोन वेरिएंट्स के दाम बढ़ाकर ग्राहकों को चौंका दिया है. Xiaomi के फोन्स में यह बढ़ोतरी 4.26 प्रतिशत से लेकर 18.75 प्रतिशत तक हुई है. अगर सभी 19 वेरिएंट्स का औसत निकाला जाए, तो फोन करीब 10.02 प्रतिशत महंगे हो गए हैं.

सबसे बड़ा झटका बजट सेगमेंट के किंग माने जाने वाले Redmi A7 Pro 5G पर लगा है. इसके 4GB+128GB वेरिएंट की कीमत 15,999 रुपये से बढ़कर सीधे 18,999 रुपये हो गई है. यानी एक ही झटके में 3,000 रुपये और 18.75 प्रतिशत की बढ़ोतरी. इसके अलावा युवाओं के पसंदीदा Redmi Note 17 5G के वेरिएंट्स 3,000 रुपये तक महंगे हुए हैं, जबकि Redmi Note 17 Pro 5G के मॉडल्स की कीमत में 4,000 रुपये का इजाफा किया गया है.

अभी भी पुराने रेट पर फोन खरीदने का एक आखिरी मौका

इस महंगाई के बीच एक छोटी सी राहत की बात भी है. इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि Xiaomi ने दिवाली की बिक्री को बनाए रखने के लिए त्योहारों से पहले कीमतें नहीं बढ़ाई थीं. इसी वजह से अभी भी देश भर के ऑफलाइन स्टोर्स और रिटेल दुकानों पर पुराने स्टॉक की अच्छी-खासी खेप मौजूद है. अगर आप तुरंत मार्केट जाकर दुकानदार से बात करते हैं, तो हो सकता है कि आपको पुराना स्टॉक पुरानी कीमत पर ही मिल जाए. लेकिन यह मौका सिर्फ तभी तक है जब तक दुकानों में पुराना माल रखा हुआ है.

अब Oppo, Vivo और Realme की बारी

स्मार्टफोन इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि यह सिर्फ शुरुआत है. मोबाइल बनाने में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप और दूसरे जरूरी पार्ट्स की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी बढ़ गई हैं. इसी बढ़ती लागत का बोझ कम करने के लिए कंपनियां अब ग्राहकों की जेब काट रही हैं. उम्मीद की जा रही है कि आने वाले कुछ ही दिनों में Oppo, Vivo और Realme जैसी कंपनियां भी अपने स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर सकती हैं.

दिवाली सेल रही फीकी, दुकानदारों की बढ़ी चिंता

हैरानी की बात यह है कि कीमतें ऐसे समय में बढ़ाई गई हैं जब स्मार्टफोन बाजार पहले से ही मंदी से जूझ रहा है. रिटेलर्स के आंकड़ों के मुताबिक, इस बार दिवाली के चार दिनों में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ तो दिखी, लेकिन असल बिक्री पिछले साल के मुकाबले 18 से 20 प्रतिशत कम रही. धनतेरस और दिवाली से पहले के सात दिनों में तो हालत और भी खराब थी, जहां बिक्री में करीब 40 प्रतिशत तक की भारी गिरावट दर्ज की गई.

इस त्योहारी सीजन में 30,000 से 60,000 रुपये वाले प्रीमियम फोन्स की मांग सबसे ज्यादा रही. Apple और Motorola ने बाजार में अच्छा प्रदर्शन किया और Xiaomi की बिक्री भी ठीक-ठाक रही. लेकिन Realme की बिक्री में 50 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट देखी गई.

ऑनलाइन और ऑफलाइन के खेल से परेशान हैं दुकानदार

ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) के फाउंडर चेयरमैन कैलाश लख्यानी ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताई है. उनका कहना है कि एक तरफ कंपनियां पार्ट्स महंगे होने का हवाला देकर रेट बढ़ा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ ऑफलाइन दुकानदारों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के डिस्काउंट और ई-कॉमर्स के खेल से जूझना पड़ रहा है. रिटेलर्स की मांग है कि कंपनियां ऑनलाइन और ऑफलाइन मार्केट में एक समान कीमत रखें और ग्राहकों को आसान और लंबी अवधि वाली EMI के ऑप्शन दें.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES