कड़ाके की ठंड में भी चलेगी बैटरी: खारे झील के पानी से बनी खास जिंक बैटरी 58°F पर भी देगी दम; जानें क्या है ये टेक्नोलॉजी?
वैज्ञानिकों ने खारे झील के पानी में एंटीफ्रीज और खास अलॉय कोटिंग का इस्तेमाल कर एक ऐसी रिचार्जेबल जिंक बैटरी तैयार की है, जो -58°F की जमा देने वाली ठंड में भी नहीं जमती है.
पानी वाली बैटरियां पावर बैकअप या बिजली स्टोर करने का एक आसान ऑप्शन मानी जाती हैं. लेकिन बहुत ज्यादा ठंड पड़ने पर इनकी क्षमता कमजोर पड़ जाती है. बहुत ज्यादा ठंड में इसका लिक्विड जम सकता है और करंट ले जाने वाले कण धीमे हो जाते हैं. जिससे बिजली सप्लाई में दिक्कत आती है.
अब वैज्ञानिकों ने एक ऐसी रिचार्जेबल जिंक बैटरी तैयार की है, जो -58°F के जमा देने वाले ठंड में भी काम कर सकती है और इसे बनाने के लिए खारे झील के पानी का इस्तेमाल किया गया है. इतनी ज्यादा ठंड में 900 बार चार्ज होने और चलने के बाद भी इस बैटरी की 80 फीसदी क्षमता बची रही थी.
ये रिसर्च नॉर्थ चाइना इलेक्ट्रिक पावर यूनिवर्सिटी के हुआजुन तियान और उनकी टीम ने क्विंगहाई मिंजू यूनिवर्सिटी व बीजिंग यूनिवर्सिटी ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर किया है. जिसे जर्नल ऑफ द अमेरिकन केमिकल सोसाइटी में प्रकाशित किया गया है.
खारे पानी के फायदे और उससे जुड़ी चुनौतियां
आम तौर पर पानी पर चलने वाले जिंक बैटरियों में डीआयनाइज्ड पानी का इस्तेमाल होता है. जिससे घुले हुए खनिज आयन हटा दिए जाते हैं. जिससे इलेक्ट्रोलाइट के केमिकल रिएक्शन पर बेहतर कंट्रोल रहे.
वहीं नेचुरल खारे झील के पानी में पहले से ही घुले हुए आयन मौजूद होते हैं, जो बिजली का चार्ज ले जाने में मदद कर सकते हैं. इसके नमक की वजह से पानी के अणुओं का बर्फ में जमना थोड़ा मुश्किल हो जाता है.
जिससे कम तापमान में भी लिक्विड बने रहने में मदद मिल सकती है. लेकिन इसमें मौजूद कुछ तत्व, खासकर क्लोराइड, जिंक इलेक्ट्रोड पर जंग और बेकार की गड़बड़ को बढ़ा सकते हैं.
इसके अलावा असमान रूप से जमा होने वाला जिंक डेंड्राइट्स नाम की शाखाएं बना सकता है, जिनसे आगे चलकर शॉर्ट सर्किट का खतरा रहता है.
एंटीफ्रीज और खास कोटिंग
इन समस्याओं से निपटने के लिए शोधकर्ताओं ने झील के पानी और एंटीफ्रीज तत्व प्रोपलीन ग्लाइकॉल को बराबर मात्रा में मिलाया और फिर उसमें जिंक सॉल्ट डाला.
लैब टेस्ट और सिमुलेशन से पता चला कि इस मिश्रण ने पानी के अणुओं और जिंक आयन के बीच होने वाले रिएक्शन को बदल दिया. जिससे ये जमा नहीं और पानी से होने वाले अनचाहे रिएक्शन भी रुक गए.
टीम ने जिंक इलेक्ट्रोड पर इंडियम, टिन और जिंक वाले अलॉय की परत भी चढ़ाई. इसकी बारीक, मूंगे जैसी बनावट चार्जिंग के दौरान जिंक को एक बराबर जमने में मदद करती है.
माइक्रोस्कोप से देखने पर पाया गया कि बिना कोटिंग वाले जिंक पर शाखाएं बनती हैं और हाइड्रोजन गैस निकलती है, जबकि अलॉय कोटिंग वाले इलेक्ट्रोड की सतह ज्यादा चिकनी रहती है और गैस भी कम बनी रहती है.
-58°F तापमान पर बैटरी की दमदार परफॉर्मेंस
पहले दो इलेक्ट्रोड के बीच जिंक को बार-बार चलाकर ये देखा गया कि कोटिंग वाला जिंक कितना टिकाऊ है. -58°F तापमान पर ये सिस्टम कम करंट में भी 3200 घंटे से ज्यादा चला.
ये टेस्ट पूरी बैटरी की लाइफ देखने के बजाय ये समझने के लिए था कि इलेक्ट्रोड कितनी देर तक सही काम करता है.
पूरी बैटरी के लिए टीम ने सुरक्षित जिंक इलेक्ट्रोड को पॉलीएनिलीन वाले दूसरे हिस्से से जोड़ा. इससे तैयार बैटरी का फिर दोबारा इस्तेमाल हुआ तो, -58°F ठंड में 900 चार्ज-डिस्चार्ज के बाद भी उसमें 80 प्रतिशत ताकत बची मिली.
क्या होंगी आगे की चुनौतियां?
इस टेक्नोलॉजी के लिए अभी कुछ चुनौतियां भी हैं. झील के पानी में पहले से मौजूद कुछ कण पॉलीएनिलीन वाले हिस्से के अंदर जगह के लिए जिंक कणों से टक्कर लेते हैं. इससे बैटरी में चार्जिंग की क्षमता थोड़ी घट जाती है.
इसे बड़े पैमाने पर तैयार करने के लिए वैज्ञानिकों को लागत का अंदाजा लगाना होगा, जिसमें एंटीफ्रीज मिलाने और खास कोटिंग करने का खर्च शामिल है.
अभी लैब के नतीजे बताते हैं कि पानी को बिना ज्यादा छाने-साफ किए खारे झील के पानी से बेहद ठंडे इलाकों के लिए रिचार्जेबल बैटरी बनाई जा सकती है.
भविष्य के लिए क्यों जरूरी है ये खोज?
जिन इलाकों में तापमान काफी नीचे चला जाता है, वहां भरोसेमंद पावर बैकअप की मांग बढ़ रही है. पुरानी या आम बैटरियां ऐसी ठंड में धीमी पड़ जाती हैं या खराब होने लगती हैं.
खारे पानी और सरल बचाव के तरीकों से तैयार ये जिंक बैटरी कम खर्चे और बेहतर सुरक्षा देती है. आने वाले समय में अगर इसकी कीमत से जुड़ी परेशानी ठीक हो जाए, तो ये टेक्नोलॉजी ठंडे मौसम के लिए एक बढ़िया ऑप्शन बन सकती है.