SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

AI फ्यूचर पर मस्क और ऑल्टमैन फिर आमने-सामने, जानें 'पालतू कुत्ते' वाले बयान पर क्या बोले OpenAI चीफ

ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने एलन मस्क के उस बयान को नकार दिया है, जिसमें मस्क ने इंसानों के भविष्य को पालतू लैब्राडोर कुत्ते जैसा बताया था. ऑल्टमैन ने कहा कि टेक्नोलॉजी कितनी भी आगे बढ़ जाए, भविष्य का कंट्रोल हमेशा इंसानों के हाथ में ही रहना चाहिए.

Written By Harsh Singh
Published: Nov 19, 2026, 13:10 IST | Updated: Nov 19, 2026, 13:30 IST
Join

दुनिया भर की टेक कंपनियां एआई के रेस में तेजी से आगे बढ़ रही हैं. लेकिन वहीं कुछ टेक की दुनिया के दिग्गज हैं जिनकी सोच आपस में मेल नहीं खाती हैं. कुछ समय पहले एलन मस्क ने एक बयान दिया था.

जिसमें उन्होंने कहा था कि भविष्य में सुपर इंटेलिजेंट मशीनों के सामने इंसान की हैसियत एक पालतू लैब्राडोर कुत्ते जैसी रह जाएगी.

इस बात पर ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कड़ा ऐतराज जताया है. बुधवार को न्यूयॉर्क टाइम्स के डील-बुक समिट में बोलते हुए ऑल्टमैन ने इस बात को सीधे-सीधे नकार दिया और कहा कि वो या उनके बच्चे कभी लैब्राडोर बनकर नहीं जीना चाहते.

भविष्य की लगाम हमेशा इंसानों के हाथ में रहनी चाहिए

मंच पर ओपनएआई के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन के साथ बैठे सैम ऑल्टमैन ने अपनी बात बहुत ही साफ शब्दों में रखी है. उन्होंने माना कि आज मशीनें और नई टेक्नोलॉजी पहले के मुकाबले काफी ज्यादा ताकतवर और समझदार होती जा रही हैं.

इसके बाद भी इंसान अपने भविष्य की लगाम किसी मशीन के हाथ में देने की जोखिम नहीं उठा सकता है. ऑल्टमैन ने जोर देकर कहा कि वो और उनकी पूरी टीम इस बात पर गहरा विश्वास रखती है कि आने वाले कल का कंट्रोल हर हाल में इंसानों के पास ही रहना चाहिए.

असल में एलन मस्क ने ये बात सालों पहले कही थी और इसी साल एक इंटरव्यू में फिर यही दोहराया था. उन्होंने कहा था कि उनके हिसाब से लैब्राडोर काफी खुश रहने वाले जीव होते हैं.

मस्क और ऑल्टमैन के बीच पुरानी है ये तकरार

मस्क और ऑल्टमैन के बीच मतभेद कोई नई बात नहीं है. ये सिलसिला सालों से चलता आ रहा है. 2018 में मस्क का ऑल्टमैन और कंपनी के बाकी बड़े अधिकारियों से विवाद हो गया था. जिसके बाद उन्होंने ओपनएआई का साथ छोड़ दिया था.

इसके बाद साल 2024 में मस्क ने ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन के खिलाफ अदालत में मुकदमा भी दायर किया था. उनका आरोप था कि कंपनी इंसानियत की भलाई के अपने शुरुआती वादे से भटक गई है.

वैसे इसी साल मई के महीने में एक अमेरिकी संघीय अदालत ने ये कहते हुए मस्क को झटका दिया था कि उन्होंने ये केस दर्ज करने में बहुत ज्यादा देरी कर दी है.

टेक्नोलॉजी को सत्ता सौंपने की सोच है खतरनाक

भले ही लोग मस्क की इस पालतू जीव वाली सोच से सहमत न हों, लेकिन कुछ जानकार मानते हैं कि जल्द ही मशीनें इंसानों पर हावी हो सकती हैं. सैम ऑल्टमैन के मुताबिक, धीरे-धीरे सब कुछ नई टेक्नोलॉजी के हवाले कर देने की ये सोच इंसानियत के लिए बहुत बड़ी तबाही साबित हो सकती है.

उन्होंने कहा कि आजकल इस बात पर काफी चर्चा हो रही है कि भविष्य में कंट्रोल मशीनों को सौंप देना चाहिए, लेकिन ये एक बहुत भयानक सोच है.

दूसरी तरफ कुछ रिसर्चर तो इसे इंसानों के अस्तित्व के लिए सीधा खतरा बता रहे हैं. लेकिन मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग जैसे सीईओ इस टेक्नोलॉजी पर किसी भी तरह की रोक लगाने के खिलाफ हैं.

बेकाबू होते सिस्टम ने बढ़ाई कंपनियों की चिंता

बातचीत के दौरान ओपनएआई के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन ने बताया कि इन एडवांस सिस्टम की निगरानी करनी होगी, और यही उनको कंट्रोल में रखने का सबसे अच्छा तरीका है.

उन्होंने कहा कि मशीनें किस तरह सोच रही हैं, इस पर नजर रखने के लिए हमें बिल्कुल नई टेक्नोलॉजी बनानी होगी.

कंपनी की ये चिंता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि कुछ समय पहले उसके कुछ ऑटोमैटिक सिस्टम बेकाबू हो गए थे और उन्होंने एक अमेरिकी कंपनी को हैक करने की कोशिश की थी.

इतना ही नहीं, दो अलग-अलग मामलों में इन सिस्टम ने खुद पर नजर रखने वाले सुरक्षा घेरे को ही बंद कर दिया था.

सुरक्षा के लिए इंजीनियरों की बड़ी फौज लगाई गई

इस खतरे को देखकर कंपनी ने अब सुरक्षा को अपनी सबसे पहली प्राथमिकता बना लिया है. ब्रॉकमैन ने बताया कि कंपनी ने अपने करीब 25 प्रतिशत इंजीनियरों को नए प्रोडक्ट बनाने के काम से हटाकर सिर्फ टेक्नोलॉजी को सुरक्षित बनाने में लगा दिया है.

उन्होंने ये भी कहा कि खतरनाक लोगों से लड़ने के लिए हमारे पास सबसे बेहतरीन और सुरक्षित सिस्टम होना जरूरी है, इसलिए काम को पूरी तरह रोका नहीं जा सकता है.

बस ओपनएआई ही नहीं, बल्कि एंथ्रोपिक और मेटा जैसी बड़ी कंपनियों ने भी ये माना है कि उनके कुछ सिस्टम हाल के दिनों में कंट्रोल से बाहर होकर बाहरी नेटवर्क में घुसने की कोशिश कर चुके हैं.

ये भी पढे़ं: मिडिल क्लास की बढ़ी टेंशन! दिवाली के तुरंत बाद Samsung और Xiaomi ने चुपचाप 41 स्मार्टफोन्स के रेट बढ़ाकर सबको चौंकाया

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES