सड़क पर लड़की को गले लगाने लगा रोबोट, फिर करने लगा गंदी हरकतें! पुलिस ने किया गिरफ्तार! दो युवक भी फंसे
लगातार एडवांस हो रहे टेक्नोलॉजी के बढ़ते इस्तेमाल के बीच जर्मनी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. वहां 16 साल की लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक रोबोट जब्त किया है. मामले में दो युवकों की भूमिका की भी जांच हो रही है.
जरा सोचिए, सड़क पर चलता कोई रोबोट अचानक किसी लड़की को गले लगाने लगे और उसके साथ बदसलूकी करने लगे, सुनने में यह बहुत ही अजीब और चौंकाने वाला लगता है. लेकिन डिजिटल दौर में अब कुछ ऐसा ही हुआ है. जर्मनी के कोलोन शहर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. जहां 16 साल की एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने एक रोबोट को पकड़ा है. इस मामले में रोबोट के साथ ही दो युवकों की भूमिका पर पुलिस की नजर है और जांच चल रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना जर्मनी में रात के समय एक फास्ट-फूड रेस्तरां के पास हुई. आरोप है कि रोबोट ने लड़की के साथ गलत व्यवहार किया. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां रोबोट दो युवकों की गाड़ी में मिला. इसके बाद पुलिस ने रोबोट के साथ दोनों युवकों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए. फिलहाल किसी के खिलाफ आरोप तय नहीं किए गए हैं.
दो युवक कर रहे थे रोबोट को कंट्रोल?
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि रोबोट ने महिला के साथ इस तरह की हरकत खुद की या उसके पीछे किसी इंसान का कंट्रोल था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस रोबोट को 16 और 19 साल के दो युवक कंट्रोल कर रहे थे. रोबोट का मालिक भी 16 साल का बताया जा रहा है, जबकि उसके 19 साल के साथी पर घटना को सोशल मीडिया पर शेयर करने का शक है. जांच अधिकारियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि रोबोट में पहले से ऐसी हरकतों की प्रोग्रामिंग की गई थी या उसे मौके पर रिमोट के जरिए कंट्रोल किया जा रहा था. पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
जर्मनी की कोलोन पुलिस के स्पोक्सपर्सन क्रिस्टोफर बेरमेल ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि अधिकारियों ने इससे पहले इस तरह का मामला नहीं देखा था. उनके लिए भी यह एक असामान्य घटना है.
वीडियो में महिलाओं के पास जाता दिखा रोबोट
इस मामले ने सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींचा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया पुलिस की कोलोन इकाई ने फेसबुक पर जब्त किए गए रोबोट की तस्वीर शेयर की है. रोबोट की लंबाई करीब 120 सेंटीमीटर यानी लगभग 3 फुट 11 इंच बताई गई है. तस्वीर में वह सफेद बनियान, काली ट्रैक पैंट, गले में सोने की चेन और आंखों पर धूप का चश्मा पहने नजर आता है. उसके चेहरे पर नकली मूंछ जैसी चीज भी दिखाई देती है.
ऑनलाइन सामने आए वीडियो में दो युवक रात के समय रोबोट को महिलाओं के एक ग्रुप की तरफ ले जाते दिखाई देते हैं. वीडियो में रोबोट एक महिला से टकराता है और दूसरी महिला को गले लगाता नजर आता है. इस दौरान एक युवक उसे आवाज देकर पीछे खींचता भी दिखता है. आसपास मौजूद कुछ लोगों को हंसते हुए भी देखा जा सकता है. पुलिस को शक है कि दोनों युवकों ने इस घटना को लाइव स्ट्रीम किया और ऑनलाइन उस पर कमेंट भी किया. लेकिन, अभी तक इस पूरे मामले की जांच पूरी नहीं हो सकी है.
(ये भी पढ़ेंः Apple के पहले फोल्डेबल iPhone का इंतजार खत्म! 16 अक्टूबर से शुरू होगी प्री-बुकिंग, जानें कीमत और ऑफर्स की डिटेल्स)
पुलिस ने वीडियो शेयर करने वालों को भी दी नसीहत
पुलिस ने सोशल मीडिया पर घटना को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए ऐसे मामलों का मजाक उड़ाने और उनसे जुड़े वीडियो को मजे के लिए शेयर करने पर आपत्ति जाहिर की है. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के वीडियो से पीड़ित के लिए परेशानी बढ़ सकती है. इसलिए घटना को हल्के में लेने या वीडियो को आगे शेयर करने से बचना चाहिए.
(ये भी पढ़ेंः सावधान! गूगल प्ले स्टोर पर आया नकली Chrome App, 1 लाख से ज्यादा लोगों ने कर लिया डाउनलोड, पहचानने का ये है तरीका)