SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'यह कोई साइबर हमला नहीं'... Microsoft Outage पर कंपनी ने जारी किया बयान, करोड़ों यूजर्स से मांगी माफी

Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं 16 घंटे से अधिक समय तक ठप रहीं. अब कंपनी ने इसे लेकर माफी मांगी है और बताया कि आखिर कहां दिक्कत आई थी.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 13, 2026, 22:47 IST | Updated: Nov 13, 2026, 22:50 IST
Image Credit: Microsoft Outage पर कंपनी ने मांगी माफी...
Join

माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की ईमेल सर्विस और टीम्स (Teams) समेत कई ऐप्स में आए बड़े आउटेज के बाद अब धीरे-धीरे सिचुएशन कंट्रोल में आ रही है. कंपनी ने एशिया-पैसिफिक रीजन में प्रभावित हुए सिस्टम के कई हिस्सों को फिक्स कर लिया है और वहां सर्विसेज को रीस्टोर करने का काम शुरू हो गया है. हालांकि, सभी सर्विसेज अभी पूरी तरह से स्मूद नहीं हुई हैं, इसलिए कुछ यूजर्स को बीच-बीच में दिक्कत आ सकती है. इस बीच माइक्रोसॉफ्ट इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट पुनीत चंडोक ने इस तकनीकी खराबी से यूजर्स को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी है.

यूजर्स को हुई परेशानी पर दक्षिण एशिया के अध्यक्ष पुनीत चंडोक ने दुख जताया. उन्होंने लिंक्डइन पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि इस गड़बड़ी के कारण ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए कंपनी को अफसोस है. उन्होंने यह भी बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक टीमें समस्या को जल्द से जल्द हल करने के लिए लगातार काम कर रही हैं.

साइबर हमले की आशंका से कंपनी का साफ इनकार

कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने भी साफ किया है कि इस समस्या के पीछे किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं. यानी यह सुरक्षा से जुड़ा हमला नहीं, बल्कि कंपनी के अपने इंफ्रास्ट्रक्चर और कॉन्फिगरेशन से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी थी.

कंपनी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'हमें रिकवरी में अच्छे सुधार देखने को मिल रहे हैं. प्रभावित हुए बड़े हिस्से में अब सर्विस की उपलब्धता और ईमेल डिलीवरी की रफ्तार बेहतर हो रही है. हम जानते हैं कि हमारे ग्राहक अपने रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए हमारी सेवाओं पर निर्भर रहते हैं, और इस रुकावट से उन्हें जो भी परेशानी हुई है, उसके लिए हमें खेद है. जैसे-जैसे आगे की जानकारी मिलेगी, हम साझा करते रहेंगे. फिलहाल हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि इस समस्या के पीछे किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के कोई संकेत नहीं मिले हैं. हमारी टीमें इस बात की जांच कर रही हैं कि यह तकनीकी खराबी कैसे हुई और भविष्य में ऐसी दिक्कतों को कैसे रोका जा सकता है.'

कब शुरू हुई थी गड़बड़ी और किन सेवाओं पर पड़ा असर?

दरअसल, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी 12 नवंबर की रात करीब 9:47 बजे शुरू हुई थी. जिसका असर भारत समेत 74 देशों में देखने को मिला. डाउनडिटेक्टर पर आउटलुक से जुड़ी करीब 1.30 लाख शिकायतें दर्ज की गईं. इस दौरान यूजर्स को ईमेल भेजने और प्राप्त करने के साथ टीम्स, वनड्राइव और अन्य सेवाओं के इस्तेमाल में भी परेशानी हुई.

एयरलाइंस से लेकर सरकारी दफ्तरों तक का कामकाज प्रभावित

इस गड़बड़ी से कंपनियों, सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और एयरलाइंस का कामकाज भी प्रभावित हुआ. भारत में स्पाइसजेट को दिल्ली से पुणे, लेह और मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. हालांकि, एयर इंडिया ने बताया कि उसके विमान परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा.

74 देशों के 43 करोड़ यूजर्स प्रभावित

दुनियाभर में अफरातफरी के बीच अमेरिकी शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में लगभग दो प्रतिशत की गिरावट देखी गई. एपी ने आउटेज ट्रैकर डाउनडिटेक्टर के हवाले से बताया कि भारत समेत 74 देशों में करीब 43 करोड़ यूजर इस समस्या से प्रभावित हुए. दर्जनों देशों के लगभग 1.30 लाख यूजर्स ने आउटलुक तक पहुंचने में परेशानी की शिकायत की. इस वैश्विक आउटेज से करीब 10 अरब डॉलर यानी 93 हजार करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई गई है.

आखिर क्यों हुई थी माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस डाउन?

शुरुआती जांच में इस आउटेज की वजह सर्वर और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी समस्या सामने आई. रिपोर्ट के मुताबिक, तकनीकी सेटिंग में बदलाव के कारण माइक्रोसॉफ्ट के कुछ सर्वर पर लोड बढ़ गया और वे ठीक से काम करना बंद कर गए. इसके बाद प्रभावित सर्वर का ट्रैफिक दूसरे सर्वर पर भेजा गया, जिससे उन पर भी दबाव बढ़ने लगा.

ये भी पढ़ें: Microsoft Outage: Outlook, Teams और OneDrive अचानक ठप, जानिए कौन-कौन सी सर्विसेज हुईं पूरी तरह बंद

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES