SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कलाई पर बंधी घड़ी ने किया सबसे बड़ा खेल! अपनों के बीच करते हैं सीक्रेट बातें? अब आपकी बातें सुनकर नोट्स बना रहा है AI

अब Apple Watch और Amazon Bee सुन सकते हैं आपकी हर बात. जानिए क्या ये नया AI फीचर हमारी याददाश्त के लिए फायदेमंद है या प्राइवेसी के लिए सबसे बड़ा खतरा.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 17, 2026, 07:08 IST | Updated: Nov 17, 2026, 07:11 IST
Image Credit: अब Apple Watch और Amazon Bee सुन सकते हैं आपकी हर बात.
Join

AI अब सिर्फ हमारे फोन या लैपटॉप तक सीमित नहीं रहा. अब ये हमारी कलाई तक पहुंच गया है. हाल ही में द वॉल स्ट्रीट जर्नल (The Wall Street Journal) की एक बेहद दिलचस्प और थोड़ी डराने वाली रिपोर्ट सामने आई है. इस रिपोर्ट में बताया गया है कि कैसे नए जमाने के वियरेबल गैजेट्स हमारी रोजमर्रा की बातचीत को सुनकर उसे रिकॉर्ड और समराइज कर रहे हैं.

एक हफ्ते का अनोखा एक्सपेरिमेंट

वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक टेक रिपोर्टर ने खुद को 'गिनी पिग' बनाते हुए एक हफ्ते तक दो नए AI गैजेट्स को टेस्ट किया. पहला था 399 डॉलर का Apple Watch Series 12 (नए पब्लिक-बीटा सॉफ्टवेयर के साथ) और दूसरा था अमेजन का 75 डॉलर वाला Bee Frontier ब्रेसलेट. इस टेस्ट का मकसद सिर्फ एक था. यह जानना कि क्या इन गैजेट्स के फायदे इनके 'क्रीपी' यानी डरावने होने के अहसास से ज्यादा बड़े हैं.

इन दोनों डिवाइस का मेन आइडिया बहुत सिंपल है. ये हमारी याददाश्त यानी मेमोरी को सुपरफास्ट बनाना चाहते हैं. हम अक्सर दिन भर में कई बातें करते हैं, कई काम सोचते हैं, लेकिन कैलेंडर या टू-डू लिस्ट में न लिखने की वजह से सब भूल जाते हैं. ये गैजेट्स वादा करते हैं कि अब आपको कुछ याद रखने की टेंशन नहीं लेनी पड़ेगी. सब कुछ आपकी घड़ी या ब्रेसलेट याद रखेगा.

कैसे काम करता है Apple Watch का नया फीचर?

एप्पल ने अपनी नई वॉच में दो खास फीचर्स दिए हैं. पहला है Live Rewind और दूसरा है Siri Recap. अगर आप किसी मीटिंग या लेक्चर में बैठे हैं और आपकी कोई जरूरी बात मिस हो गई है, तो बस घड़ी के डिजिटल क्राउन को दो बार दबाएं. Live Rewind तुरंत पिछले 15 सेकंड की बातचीत का टेक्स्ट आपकी स्क्रीन पर दिखा देगा. हालांकि, इसमें एक कैच है. जब आप इसे ऑन करते हैं, तो वॉच साइलेंट मोड पर होने के बावजूद एक अलर्ट बीप बजाती है, ताकि सामने वाले को पता चल जाए.

दूसरा फीचर Siri Recap और भी ज्यादा स्मार्ट है. जैसे ही वॉच को लगता है कि कोई बातचीत हो रही है, यह एन्क्रिप्टेड ऑडियो आपके आईफोन को भेजती है. आईफोन उसे टेक्स्ट में बदलता है और एप्पल के प्राइवेट क्लाउड सर्वर पर भेजकर उसकी एक छोटी सी समरी तैयार कर देता है. ये समरी कुछ ही मिनटों में आपके सिरी ऐप में दिखने लगती है और एक हफ्ते बाद अपने आप डिलीट भी हो जाती है.

रिपोर्टर ने जब अपने दिन भर के रिकैप देखे, तो उसमें कुछ ऐसी बातें लिखी थीं: "अभी जेब में 40 डॉलर कैश है", "यूपीएस पैकेज पर लेबल लग चुका है", या "ऑफिस के फर्श पर टेप चिपका है". ये सुनने में बड़ा अजीब और बोरिंग लग सकता है, लेकिन दिन के आखिर में अपनी ही बातों को पढ़ना किसी मेमोरी एक्सरसाइज जैसा लगता है.

Amazon Bee: जो पति-पत्नी की लड़ाई भी सुलझा दे

जहां एप्पल की घड़ी सिर्फ मोटी-मोटी बातें नोट करती है, वहीं अमेजन का Bee Frontier ब्रेसलेट एक कदम आगे है. यह आपकी बातचीत का एक-एक शब्द लिखता है और आपके लिए खुद ही टू-डू लिस्ट भी बना देता है.

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में एक बड़ा मजेदार किस्सा शेयर किया गया है. रिपोर्टर और उनके पति के बीच सुबह इस बात पर बहस हो गई कि बच्चों को कौन संभालेगा. दोनों को लग रहा था कि उन्होंने एक-दूसरे को अपने प्लान के बारे में पहले ही बता दिया था. बहस सुलझाने के लिए दोनों ने Bee की ट्रांसक्रिप्ट चेक की. रिकॉर्डिंग के टेक्स्ट से साफ पता चल गया कि पति ने पिछले दिन प्लान का जिक्र तो किया था, लेकिन टाइम नहीं बताया था. यानी गलती किसी की नहीं थी और बात वहीं खत्म हो गई.

इतना ही नहीं, इस ब्रेसलेट ने रिपोर्टर को याद दिलाया कि कार की सीट का कवर धोने के लिए निकालना है. यहां तक कि इसने यह भी एनालाइज कर लिया कि छुट्टियों के आसपास घर के कामों और बच्चों की देखभाल की वजह से रिपोर्टर काफी स्ट्रेस में हैं.

फायदा तो है, लेकिन प्राइवेसी का क्या?

एप्पल और अमेजन दोनों का दावा है कि आपका डेटा पूरी तरह से प्राइवेट है और कंपनी के कर्मचारी भी इसे नहीं देख सकते. लेकिन सोचने वाली बात यह है कि आपकी ऑफिस गॉसिप, हेल्थ इंश्योरेंस की बातें और पर्सनल सीक्रेट्स आपके फोन में जमा हो रहे हैं. अगर कभी फोन हैक हो गया या गलती से कोई डेटा लीक हो गया, तो क्या होगा.

दूसरा बड़ा सवाल दूसरों की प्राइवेसी का है. रिपोर्टर ने बताया कि जब भी वो किसी से मिलती थीं, तो पहले पूछती थीं कि क्या वो उन्हें रिकॉर्ड कर सकती हैं. ज्यादातर लोगों ने मना नहीं किया, शायद शराफत में. लेकिन एक बर्थडे पार्टी में बार-बार सबसे परमिशन मांगते-मांगते वो खुद ही थक गईं और उन्होंने दोनों डिवाइस की रिकॉर्डिंग बंद कर दी. बंद करते ही उन्हें एक अजीब सा सुकून मिला.

क्या कहते हैं कानून के जानकार?

अमेरिका के कई राज्यों (जैसे कैलिफोर्निया) में कानून है कि किसी भी प्राइवेट बातचीत को रिकॉर्ड करने के लिए सामने वाले की मंजूरी लेना जरूरी है. सेंट क्लारा यूनिवर्सिटी के लॉ प्रोफेसर एरिक गोल्डमैन का मानना है कि अगर कोई डिवाइस आपकी बातें सुनकर उससे जानकारी निकाल रहा है, तो यह कानूनी तौर पर रिकॉर्डिंग ही मानी जाएगी, भले ही ऑडियो सेव न हो रहा हो.

प्रोफेसर गोल्डमैन ने एक बहुत गहरी बात कही है. उन्होंने कहा कि अगर कानून बिना पूछे रिकॉर्डिंग की इजाजत दे भी दे, तो भी क्या यह जिंदगी जीने का सही तरीका है. अगर हमें पता होगा कि सामने वाले की घड़ी या चश्मा हमारी हर बात रिकॉर्ड कर रहा है, तो हम कभी भी खुलकर बात नहीं कर पाएंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES