इंस्टाग्राम स्टोरी में गलती हुई तो डिलीट नहीं करनी पड़ेगी, 15 मिनट तक कर सकेंगे एडिट; जानें कैसे करेगा काम
मेटा ने इंस्टाग्राम के करीब 3 अरब यूजर्स के लिए स्टोरी एडिट करने का नया फीचर रोलआउट कर दिया है. अब यूजर्स स्टोरी पोस्ट करने के 15 मिनट के भीतर टेक्स्ट, कैप्शन या म्यूजिक में बदलाव कर सकते हैं.
इंस्टाग्राम को चलाने वाले इस दुनिया में लगभग 3 अरब यूजर्स हैं. उनके लिए एक बड़ी काम की खबर आई है. यूजर्स को एक समस्या बहुत समय से परेशान कर रही थी, जिस पर कंपनी ने अब जाकर जरूरी बदलाव किया है.
पहले अगर आप स्टोरी पोस्ट करते थे और उसमें कुछ दिक्कत या गड़बड़ी हो जाती थी, तो उस स्टोरी को डिलीट करना पड़ता था. क्योंकि तब पोस्ट करने के बाद एडिटिंग करने का ऑप्शन नहीं था.
लेकिन अब ये ऑप्शन आ चुका है. जिसकी वजह से उन्हें छोटी सी गलती सुधारने के लिए पूरी स्टोरी डिलीट नहीं करनी पड़ेगी.
स्टोरी डिलीट किए बिना बदल सकेंगे गाना और कैप्शन
इंस्टाग्राम के हेड एडम मोसेरी ने इस नए फीचर की जानकारी देते हुए बताया कि अब यूजर्स को अपनी गलतियां सुधारने का पूरा मौका मिलेगा. अगर आपसे स्टोरी के टेक्स्ट में कोई स्पेलिंग गलत हो गई है या आप कोई नया कैप्शन लिखना चाहते हैं, तो अब ये आसानी से हो जाएगा.
इसके अलावा आप पोस्ट की गई स्टोरी का बैकग्राउंड म्यूजिक भी बदल सकते हैं. लेकिन इसके लिए कंपनी ने समय सीमा रखा है. कंपनी ने एडिट के लिए यूजर्स को 15 मिनट का समय दिया है.
सबसे खास बात ये है कि स्टोरी एडिट करने पर आपके पुराने व्यूज, लाइक्स और रिप्लाई पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे और उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
क्रिएटर्स और यूजर्स का बचेगा समय और मेहनत
अभी तक स्टोरी में एक छोटी सी गलती होने पर भी उसे डिलीट करके दोबारा अपलोड करना पड़ता था. ये काम सुनने में भले ही आसान लगे, लेकिन जब आप एक के बाद एक कई स्टोरी लगाते हैं तो ये बहुत झंझट भरा हो जाता है.
कहीं बीच के किसी स्टोरी में कुछ गलती आ गई, तो पूरी स्टोरी को डिलीट करना पड़ता है और उसे फिर से लगाना पड़ता है.
सोशल मीडिया मैनेजर और बड़े कंटेंट क्रिएटर्स के लिए तो ये और भी बड़ी सिरदर्दी थी, क्योंकि दोबारा पोस्ट करने से उनकी रीच और आंकड़ों पर बुरा असर पड़ता था. अब 15 मिनट के इस ऑप्शन से लोग तुरंत अपनी गलती पकड़कर उसे ठीक कर सकेंगे.
लंबे समय से यूजर्स कर रहे थे इस खास फीचर की मांग
ये बात तो सबको हैरान करने वाली है कि ये आसान सा फीचर लाने में कंपनी को इतना समय कैसे लग गया. मेटा पहले से ही इंस्टाग्राम पोस्ट को अपलोड करने के बाद एडिट करने की सुविधा देता आ रहा है.
इस नए अपडेट पर एडम मोसेरी ने खुशी जताते हुए कहा कि बहुत सारे लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे, इसलिए इसे सबके सामने लाकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है.
ये छोटा सा बदलाव आम लोगों के इंस्टाग्राम चलाने के अनुभव को पहले से कहीं ज्यादा बेहतर और आसान बना देगा.
कैसे काम करेगा नया फीचर और कहां दिखेगा ऑप्शन?
कुछ समय में ये फीचर सबके फोन पर आ जाएगा. इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए आपको अपने ऐप को अपडेट करना होगा.
ऐप को अपडेट करने के बाद आप स्टोरी के नीचे दिए जाने वाले More मेनू पर क्लिक करके Edit Story का ऑप्शन चुन सकते हैं.
कंपनी ने एक और बात बताई है कि जब भी आप किसी स्टोरी में एडिट करेंगे, तो देखने वाले दूसरे लोगों को उस पर एडिटेड लिखा हुआ दिख जाएगा, जिससे पता चल जाएगा कि इसे बाद में एडिट किया गया है.
बैकग्राउंड कलर और फोटो शेयरिंग में भी हुए नए बदलाव
अब स्टोरी एडिट करने की सुविधा तो मिल गई है. लेकिन इसके साथ-साथ कंपनी ने स्टोरी बनाने के तरीके में भी कुछ अच्छे सुधार किए हैं.
अब यूजर्स को स्टोरी के बैकग्राउंड में लगाने के लिए पहले से ज्यादा रंगों और ग्रेडिएंट इफेक्ट्स के ऑप्शन मिलेंगे.
इसके अलावा, अगर आप एक साथ कई सारी फोटोज अपनी स्टोरी पर लगाना चाहते हैं, तो उन्हें चुनने और सही तरीके से सेट करने का तरीका भी बहुत आसान है.
खुल के बात करें तो ये नया अपडेट कंटेट क्रिएटर के लिए किसी सौगात से कम नहीं है.
ये भी पढे़ं: मिडिल क्लास की बढ़ी टेंशन! दिवाली के तुरंत बाद Samsung और Xiaomi ने चुपचाप 41 स्मार्टफोन्स के रेट बढ़ाकर सबको चौंकाया