SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

यूट्यूब का साम्राज्य खत्म करने निकला इंस्टाग्राम! 15 सेकंड की रील्स भूल जाइए... जल्द चलेंगी पूरी फिल्में!

इंस्टाग्राम रील्स के बाद अब लंबे और वाइडस्क्रीन वीडियो फॉर्मेट 'Features' की टेस्टिंग कर रहा है. यूट्यूब को कड़ी टक्कर देने के लिए मेटा का यह नया कदम वीडियो की दुनिया में भूचाल लाने वाला है.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Oct 27, 2026, 10:19 AM IST | Updated: Oct 27, 2026, 10:22 AM IST
Image Credit: इंस्टाग्राम जल्द लॉन्ग-फॉर्म वीडियो फॉर्मेट बनाने वाला है.
Join

इंस्टाग्राम ने यूट्यूब को सीधी टक्कर देने के लिए एक नए लॉन्ग-फॉर्म वीडियो फॉर्मेट पर काम शुरू कर दिया है. आइए बताते हैं इंस्टाग्राम का यह नया सीक्रेट प्लान क्या है और यह आपके सोशल मीडिया एक्सपीरियंस को कैसे पूरी तरह बदलने वाला है.

लंबी छलांग लगा रहा है इंस्टाग्राम
अब इंस्टाग्राम सिर्फ दोस्तों के साथ फोटो शेयर करने या छोटे-छोटे रील्स देखने वाली ऐप नहीं रह गई है. कंपनी लगातार खुद को बड़ा बना रही है और इसी कड़ी में इंस्टाग्राम ने एक नया कदम उठाया है जो इंटरनेट की दुनिया में तहलका मचा सकता है. मिली जानकारी के मुताबिक, इंस्टाग्राम ने 'Features' नाम के एक बिल्कुल नए वीडियो फॉर्मेट की टेस्टिंग शुरू कर दी है. इस नए फॉर्मेट का खास मकसद प्लेटफॉर्म पर लंबे, वाइडस्क्रीन (Widescreen) वीडियो कंटेंट को सपोर्ट देना है. फिलहाल इस नए फीचर की टेस्टिंग अमेरिका के कुछ चुनिंदा यूजर्स और ब्राजील के कुछ खास क्रिएटर्स के साथ शुरू की गई है. यह कदम साफ दिखाता है कि मेटा अब सिर्फ शॉर्ट-फॉर्म वीडियो तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि वह अपनी पहुंच को और ज्यादा बड़ा बनाना चाहती है.

एडम मोसेरी को क्या था डर और क्यों बदला फैसला?
इंस्टाग्राम के हेड एडम मोसेरी ने प्लेटफॉर्म के वाइस प्रेसिडेंट ऑफ प्रोडक्ट टेसा लायंस के साथ एक वीडियो में इस नए फॉर्मेट पर खुलकर चर्चा की. मोसेरी ने बताया कि शुरुआत में उनके मन में इंस्टाग्राम पर लंबे वीडियो लाने को लेकर काफी हिचकिचाहट और चिंता थी.

पारंपरिक रूप से इंस्टाग्राम को इस तरह डिजाइन किया गया था कि लोग अपने दोस्तों के साथ फोटो, रील्स और कैरोसेल के जरिए जुड़ सकें. मोसेरी का मानना था कि अगर लोग लंबे वीडियो देखने में ज्यादा वक्त बिताएंगे, तो हो सकता है वे उस कंटेंट से कम जुड़ें जिसे वे अपने दोस्तों के साथ शेयर करते हैं.

लेकिन अब इंस्टाग्राम ने एक ऐसा तरीका निकाला है जिससे शॉर्ट-फॉर्म और लॉन्ग-फॉर्म दोनों वीडियो आपस में मुकाबला करने के बजाय एक-दूसरे के पूरक (Complement) बन जाएं. उदाहरण के तौर पर, अगर कोई क्रिएटर कोई लंबा पॉडकास्ट या कॉमेडी स्पेशल बनाता है, तो वह उसे पूरा लंबा वीडियो भी रख सकता है और उसी में से छोटे-छोटे क्लिप्स निकालकर रील्स के रूप में भी शेयर कर सकता है. इससे क्रिएटर्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग तरीकों से ऑडियंस तक पहुंचने का मौका मिलेगा.

अब मोबाइल से निकलकर बड़े टीवी पर भी छा रहा है इंस्टाग्राम
'Features' फॉर्मेट का यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब इंस्टाग्राम पहले ही टेलीविजन स्क्रीन पर अपनी पैठ मजबूत करने में लगा हुआ है. शुरुआत में कंपनी ने अमेजन फायर टीवी (Amazon Fire TV) डिवाइस के यूजर्स के लिए एक पायलट प्रोग्राम के जरिए टीवी पर रील्स-फोकस्ड ऐप पेश की थी.

इस शुरुआत के बाद धीरे-धीरे इस ऐप का दायरा बढ़ाया गया और अब यह गूगल टीवी (Google TVs), सैमसंग टीवी (Samsung TVs) और एप्पल टीवी (Apple TV) पर भी उपलब्ध हो चुका है. इसके अलावा, कंपनी ने टीवी ऐप में स्टोरीज देखने का सपोर्ट भी जोड़ दिया है ताकि बड़ी स्क्रीन पर यूजर्स को ज्यादा से ज्यादा वैरायटी मिल सके.

इंस्टाग्राम का यह नया 'Features' फॉर्मेट इस टीवी स्ट्रैटेजी को और ज्यादा मजबूत करेगा. इससे क्रिएटर्स को ऐसा कंटेंट पब्लिश करने का मौका मिलेगा जो खासतौर पर वाइडस्क्रीन और बड़े डिस्प्ले के लिए डिजाइन किया गया हो.

क्या यह फीचर सभी के लिए आ गया है?
फिलहाल आपको ज्यादा एक्साइटेड होने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह नया फॉर्मेट अभी बहुत ही सीमित टेस्टिंग फेज में है. इंस्टाग्राम ने अभी तक इसकी वाइडर रोलआउट की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है और न ही यह बताया है कि यह आम जनता के लिए कब तक उपलब्ध होगा.

कंपनी अभी इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि लंबे वीडियो उनके मौजूदा सोशल मीडिया एक्सपीरियंस और एल्गोरिदम के साथ कैसे तालमेल बिठाते हैं. जैसे-जैसे इसकी टेस्टिंग सफल होगी, आने वाले समय में हमें इसके बारे में और भी बड़ी अपडेट्स देखने को मिल सकती हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES