गुरुग्राम के डॉक्टरों ने रचा इतिहास, बिना सीना खोले और भारत में बने रोबोट से की दुनिया की पहली अनोखी बाईपास सर्जरी
गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों ने देश में बने एसएसआई मंत्रा रोबोट की मदद से दुनिया की पहली ऐसी बाईपास सर्जरी की है, जिसमें सीने के हड्डी को काटना नहीं पड़ा.
मेडिकल की दुनिया में भारत ने एक बहुत बड़ा इतिहास रच दिया है. गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों ने दुनिया की पहली ऐसी रोबोटिक हार्ट बाईपास सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की है, जो आज से पहले कभी नहीं हुई थी. इस सर्जरी को 18 नवंबर 2026 को किया गया है.
इस ऑपरेशन में एसएसआई मंत्रा रोबोट का इस्तेमाल किया गया है. जो पूरी तरह से भारत में बना है.इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी खासियत ये रही कि इसमें दो डॉक्टर एक साथ शामिल थे.
दोनों डॉक्टर अलग-अलग कंप्यूटर कंसोल पर बैठे थे. उन्होंने मिलकर रोबोट की पांच हाथों को कंट्रोल किया. इस तरह दोनों ने मिलकर धड़कते हुए दिल का ये सफल ऑपरेशन कर के दिखाया.
डॉक्टरों की टीम और नई टेक्नोलॉजी का तालमेल
इस मुश्किल ऑपरेशन को मेदांता के डॉक्टर नितिन कुमार राजपूत और जयपुर के मणिपाल अस्पताल के डॉक्टर ललित मलिक ने मिलकर अंजाम दिया. इसकी देखरेख एसएस इनोवेशंस के मालिक डॉक्टर सुधीर श्रीवास्तव ने की है.
अस्पताल के मुताबिक, दोनों डॉक्टरों ने गजब का तालमेल दिखाते हुए रोबोट के सभी पांच हाथों को एक साथ चलाया. ऑपरेशन के दौरान मरीज का दिल लगातार धड़क रहा था.
इसलिए दिल के उस हिस्से को स्थिर रखने के लिए एक खास मशीन की मदद ली गई. इस नई टेक्नोलॉजी की वजह से दोनों डॉक्टर एक साथ मिलकर काम कर पाए और दूसरे डॉक्टरों को भी इस तरह के जटिल ऑपरेशन सीखने का शानदार मौका मिला.
बिना सीना खोले और बिना मशीन के हुआ ऑपरेशन
आम तौर पर जब किसी की बाईपास सर्जरी होती है, तो डॉक्टर सीने की हड्डी को बीच से काटते हैं, जिसमें ठीक होने में महीनों लग जाते हैं. लेकिन इस एडवांस टेक्नोलॉजी के कारण सीने के हड्डी को बिल्कुल नहीं काटा गया, बल्कि छोटे से रास्ते से रोबोट के औजारों अंदर भेजकर सर्जरी पूरी कर ली गई.
इसके अलावा, दिल के धड़कते रहने के कारण मरीज को दिल-फेफड़े वाली भारी-भरकम मशीन पर रखने की जरूरत भी नहीं पड़ी.
मरीजों के लिए ये तरीका किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि इसमें खून बहुत कम बहता है और संक्रमण का खतरा न के बराबर रहता है.
मरीज की सेहत में सुधार
मेदांता अस्पताल ने जानकारी दी है कि इस अनोखे ऑपरेशन के बाद मरीज की सेहत में तेजी से सुधार देखा जा रहा है और शुरुआती नतीजे बहुत ही अच्छे हैं.
अस्पताल के प्रमुख डॉक्टर नरेश त्रेहन ने इस बड़ी सफलता पर खुशी जताई है. उनका कहना है कि रोबोटिक टेक्नोलॉजी की मदद से अब दिल के सबसे खतरनाक ऑपरेशन भी बहुत आसानी और सुरक्षित तरीके से किए जा सकते हैं.
डॉक्टर नितिन कुमार राजपूत ने भी माना कि दोनों डॉक्टरों की आपसी समझ और सही समय पर लिए गए फैसलों की वजह से ही ये नामुमकिन दिखने वाला ऑपरेशन पूरी तरह कामयाब हो पाया है.
मेड इन इंडिया टेक्नोलॉजी से चमका देश का नाम
इस ऐतिहासिक सफलता ने पूरी दुनिया के सामने भारत की मेडिकल और टेक्नोलॉजी की ताकत का लोहा मनवा दिया है. डॉक्टर सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि ये कामयाबी मेक इन इंडिया के सपने को सच करती है.
उनका मकसद ऐसी एडवांस रोबोटिक टेक्नोलॉजी को तैयार करना है, जो देश के आम लोगों के लिए सस्ती और आसानी से उपलब्ध हो सके.
डॉक्टर ललित मलिक ने भी कहा कि दो कंसोल और पांच हाथों वाले इस रोबोट ने सर्जरी की हर जरूरत को बहुत ही बेहतरीन तरीके से पूरा किया है, जिससे आने वाले समय में दिल के मरीजों का इलाज और आसान हो जाएगा.
ये भी पढे़ं: मिडिल क्लास की बढ़ी टेंशन! दिवाली के तुरंत बाद Samsung और Xiaomi ने चुपचाप 41 स्मार्टफोन्स के रेट बढ़ाकर सबको चौंकाया