App

IIT दिल्ली के पूर्व छात्र ने उड़ाई Apple की नींद, 1500 करोड़ का ठोका दावा, IPhone का ये खास फीचर बना वजह

IIT दिल्ली के पूर्व छात्र गौरव गोयल की कंपनी जीजी टेक्नोलॉजीज ने आई फोन के नेमड्रॉप फीचर पर पेटेंट उल्लंघन का आरोप लगाते हुए एप्पल पर 1500 करोड़ रुपये का मुकदमा किया है. कंपनी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर किया है. जिसमें मुआवजे के साथ-साथ नेमड्रॉप फीचर वाले आई फोन और एप्पल वॉच की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है.

IIT दिल्ली के पूर्व छात्र ने उड़ाई Apple की नींद, 1500 करोड़ का ठोका दावा, IPhone का ये खास फीचर बना वजह

दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में गिनी जाने वाली एप्पल के सामने अब IIT दिल्ली के एक पूर्व छात्र ने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. सैंटा मोनिका स्थित स्टार्टअप जीजी टेक्नोलॉजीज के संस्थापक गौरव गोयल ने भारत में एप्पल के खिलाफ कानूनी लड़ाई छेड़ दी है.

आरोप है कि आईफोन का NameDrop फीचर उनकी पेटेंट टेक्नोलॉजी की नकल करता है. इस फीचर में एक फोन से दुसरे फोन के बीच कॉन्टैक्ट डिटेल की जानकारी साझा की जाती है.  

गौरव की कंपनी StayTouch ऐप बनाती है, जो दो फोन को करीब लाकर नंबर और जानकारी भेजने का काम करती है. इस मामले में कंपनी ने एप्पल से 1500 करोड़ रुपये  यानी करीब 16.18 करोड़ डॉलर का हर्जाना मांगा है और फीचर पर रोक लगाने की अपील भी की है.

भारत में ये मुकदमा अक्टूबर में दर्ज कराया गया. अप्रैल में दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत से मामला सुलझाने की कोशिश शुरू हुई थी, लेकिन सितंबर में ये बातचीत फेल हो गई.

भारत के नियम के मुताबिक, बड़े कारोबारी झगड़ों में सीधे कोर्ट जाने से पहले दोनों पक्षों को आपसी बातचीत से मामला सुलझाने की कोशिश करनी होती है. कंपनी ने अप्रैल में अमेरिका में भी एप्पल पर इसी तरह का केस किया था.

बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर हुई 781 पन्नों की याचिका

गौरव गोयल की कंपनी जीजी टेक्नोलॉजीज ने बॉम्बे हाईकोर्ट में 781 पन्नों की बड़ी याचिका दाखिल की है. इसमें कहा गया है कि आईफोन का NameDrop फीचर उस टेक्नोलॉजी का उल्लंघन करता है, जिसका भारतीय पेटेंट कंपनी के पास मौजूद है.

ये टेक्नोलॉजी पास रखे मोबाइल फोन के बीच बिना किसी मैनुअल पेयरिंग के संपर्क की जानकारी भेजने में मदद करती है. कंपनी ने 2019 में StayTouch ऐप उतारा था और उसी साल अमेरिका में इस टेक्नोलॉजी के पेटेंट के लिए आवेदन किया था.

भारत में कंपनी ने 2021 में पेटेंट की अर्जी दी थी और जुलाई 2024 में इसे पेटेंट मिल गया. दूसरी तरफ एप्पल ने जून 2023 में iOS 17 के साथ NameDrop फीचर पेश किया था, जो उसी साल बाद में आईफोन में आया और अक्टूबर में watchOS 10.1 के जरिए एप्पल एप में भी जोड़ा गया.

आई फोन और एप्पल वॉच की बिक्री रोकने की मांग

जीजी टेक्नोलॉजीज का कहना है कि वह iOS में मौजूद NameDrop फीचर के इस्तेमाल पर रोक चाहती है. याचिका में अदालत से अपील की गई है कि भारत में ऐसे आई फोन और एप्पल वॉच की बिक्री और आयात पर पाबंदी लगाई जाए, जिनमें NameDrop फीचर पहले से डाला गया है.

फिलहाल इस मुकदमे की सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है. इस पूरे विवाद पर एप्पल की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.

अमेरिका में भी जांच के घेरे में आया मामला

ये लड़ाई सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका में भी तेजी से आगे बढ़ रही है. जीजी टेक्नोलॉजीज की शिकायत के बाद अगस्त में अमेरिकी इंटरनेशनल ट्रेड कमीशन ने एप्पल के खिलाफ पेटेंट उल्लंघन की जांच शुरू की है.

वहां भी ये स्टार्टअप ऐसा चाहता है कि पेटेंट नियम तोड़ने वाले एप्पल के फोन और वॉच के बिक्री पर रोक लगाया जाए.

गौरव गोयल ने क्यों और कैसे शुरू किया था ये काम?

इस स्टार्टअप की नींव 2018 में गौरव गोयल ने रखी थी. गौरव IIT दिल्ली से पढ़े हैं और पहले गोल्डमैन सैक्स में इन्वेस्टमेंट बैंकर के तौर पर काम कर चुके हैं.

उन्होंने विजिटिंग कार्ड देने और लेने के पुराने तरीके के ऑप्शन के रूप में StayTouch ऐप तैयार किया था. ये ऐप आज iOS और Android दोनों पर इस्तेमाल के लिए उपलब्ध है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More