SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

एक सर्वर ने दुनिया में कैसे 'डिजिटल लॉकडाउन' लगा दिया? 74 देशों में कामकाज ठप और 5 लाख करोड़ का हुआ नुकसान

दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर 22 घंटे तक ठप रहा. इस वजह से दुनिया के 74 देश और लाखों दफ्तरों में कामकाज बाधित रहा. लोग न ई-मेल भेज पा रहे थे, न वीडियो कॉल कर पा रहे थे. दुनियाभर के लाखों दफ्तरों का काम रुक गया था.

Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 13, 2026, 23:57 IST | Updated: Nov 14, 2026, 00:01 IST
Image Credit: माइक्रोसॉफ्ट सर्वर फेलियर होने से दुनिया में कोहराम कैसे मचा?
Join

सोचिए, एक सर्वर की वजह से 'दफ्तर की दुनिया' ठहर गई. इसीलिए हम इसे डिजिटल लॉकडाउन कह रहे हैं. आज आपको जानना चाहिए, माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होना पूरी दुनिया के लिए इतनी बड़ी आपदा क्यों है? सर्वर डाउन होने की वजह से भारत को और पूरी दुनिया को सिर्फ 22 घंटे में कितना बड़ा नुकसान हुआ? आज आपके लिए ये समझना भी जरूरी है कि दुनिया की डिजिटल अर्थव्यवस्था एक सर्वर पर कैसे इतनी ज्यादा निर्भर हो गई कि उसके ठप हो जाने पर दुनिया का कामकाज प्रभावित होने लगा.

एक सर्वर हुआ ठप और ठहर गई दुनिया

इस खबर को आप इस तरह समझिए. जैसे मान लीजिए आप एक सोसाइटी में रहते हैं. यहां हर घर का पानी एक सेंट्रल पाइपलाइन से जुड़ा है. अचानक उस सेंट्रल पाइपलाइन के खराब हो जाने पर क्या होगा. अलग नल, अलग टंकी होने के बावजूद पानी की सप्लाई हर घर में ठप हो जाएगी. सर्वर, पानी की वही सेंट्रल पाइपलाइन है.

गुरुवार रात 9 बजकर 47 मिनट पर माइक्रोसॉफ्ट की सेंट्रल पाइपलाइन यानी सर्वर में खराबी आई और दुनियाभर में उसकी सेवाएं ठप हो गईं. लेकिन यहां मामला किसी सोसायटी के कुछ हजार घरों का नहीं है बल्कि दुनियाभर के लाखों करोड़ों लोगों और अरबों डॉलर से जुड़ा है.

सबसे पहले बीती रात अमेरिका से सर्वर डाउन होने की खबरें सामने आईं. लोगों ने सोशल मीडिया पर माइक्रोसॉफ्ट की ई-मेल सर्विस..आउटलुक के ठप होने के स्क्रीनशॉट शेयर किए. इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऐप, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स के बंद पड़ने की खबरें आईं. और फिर एक के बाद एक दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बंद होती चली गईं.

माइक्रोसॉफ्ट की ई-मेल सर्विस आउटलुक हुई बंद

माइक्रोसॉफ्ट की ई-मेल सर्विस - आउटलुक बंद हो गई. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप- टीम्स ने काम करना बंद कर दिया. AI सर्विस- को पायलट ने काम करना बंद कर दिया. ऑनलाइन स्टोरेज प्लेटफॉर्म- वन ड्राइव का एक्सेस ब्लॉक हो गया. इसके साथ साथ माइक्रोसॉफ्ट की एक दर्जन से ज्यादा सेवाएं बंद पड़ गईं. ये समस्या कितनी बड़ी है और दुनिया इस पर कितनी ज्यादा निर्भर है. आपको कुछ आंकड़ों के जरिये समझना चाहिए.

माइक्रोसॉफ्ट की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 45 करोड़ लोग 'माइक्रोसॉफ्ट 365' एप का इस्तेमाल करते हैं. माइक्रोसॉफ्ट की AI सर्विस को-पायलट के 3 करोड़ से ज्यादा यूजर हैं. दुनिया में डेढ़ अरब से ज्यादा लोग माइक्रोसॉफ्ट विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम वाला कंप्यूटर चलाते हैं. माइक्रोसॉफ्ट टीम्स पर 32 करोड़ से ज्यादा एक्टिव यूजर हैं.

सोचिए, इतने बड़े नेटवर्क का सेंट्रल सर्वर डाउन हो जाए. यानी खराब हो जाए तो असर कितना बड़ा होगा. लोग आउटलुक से न मेल भेज पाए. न ही कोई ईमेल रिसीव कर पाए. ऑफिस की मीटिंग के लिए Teams खोला... तो मीटिंग नहीं अटेंड कर पाए. OneDrive से अपनी किसी पुरानी फाइल को नहीं खोल पाए. इंटरनेट ब्राउजिंग के लिए माइक्रोसॉफ्ट EDGE ब्राउजर खोला तो वो नहीं खुला. ये समस्या किसी एक दफ्तर, एक शहर या एक देश की नहीं थी बल्कि दुनियाभर की थी.

Outlook.com पर हर मिनट साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा ईमेल भेजे जाते हैं. हर दिन अगर माइक्रोसॉफ्ट टीम्स पर ग्लोबल वीडियोकॉल का आंकड़ा निकाला जाए तो कुल मिलाकर 7 करोड़ घंटे का वीडियो कॉल होता है. 7 करोड़ घंटे का वीडियो कॉल एक दिन में. माइक्रोसॉफ्ट के AI प्लेटफॉर्म को-पायलट से हर दिन करीब 110 करोड़ सवाल पूछे जाते हैं.

दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों में आई दिक्कत

माइक्रोसॉफ्ट के ऑनलाइन सर्वर वन-ड्राइव पर करीब करीब 2 लाख फाइल्स यानी करीब 20 हजार TB फाइल हर दिन अपलोड होती हैं. 20 हजार TB यानी तीन घंटे की 4 हजार फिल्में. माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होने की वजह से सिर्फ दफ्तर ही प्रभावित नहीं हुए बल्कि आम आदमी पर इसका सीधा असर भी पड़ा.

सबसे पहले भारत में इसके असर की बात कर लेते हैं. दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की तीन उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि दो उड़ानें देरी से चलीं. इंडिगो की ई-मेल सपोर्ट सेवा प्रभावित हो गई. अकासा एयर और एयर इंडिया की भी ई-मेल से जुड़ी सेवाओं में देरी हुई. यानी माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होने का भारतीय एयरलाइंस पर असर पड़ा.

माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होने की वजह से जापान के IT इंडस्ट्री पर बुरा असर पड़ा. यहां सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. ऑस्ट्रेलिया में कारोबार, सरकारी विभाग और कई संस्थाएं प्रभावित हुई. कुछ दुकानों को ईमेल से मिलने वाले ऑर्डर और बिल प्रोसेस करने में परेशानी हुई. कई स्कूलों में भी तकनीकी मुश्किलों की खबरें सामने आईं. ब्रिटेन की सरकारी स्वास्थ्य सेवा NHS प्रभावित हो गई.

ऐसा नहीं है कि माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होने की वजह से सिर्फ माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं प्रभावित हुईं बल्कि ओपन-एआई और चैट-जीपीटी के कुछ फीचर भी काम नहीं कर रहे थे. यानी एक सर्वर ने पूरी दुनिया के कामकाज को प्रभावित कर दिया. एक तरह से डिजिटल लॉकडाउन लग गया. इस डिजिटल लॉकडाउन का दुनिया के डिजिटल अर्थतंत्र पर भी बहुत बुरा असर पड़ा.

दुनिया में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान

माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन होने के बाद नुकसान के आंकड़े अभी तक नहीं आए हैं. लेकिन हमने DNA शोधशाला में कुछ अनुमानित आंकड़े निकाले हैं. अगर सर्वर डाउन होने की वजह से दुनियाभर में दफ्तरों का 50 प्रतिशत काम प्रभावित हुआ तो एक दिन में करीब करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो जाएगा. ये सिर्फ अनुमानित आंकड़े हैं. असल नुकसान इससे कहीं ज्यादा भी हो सकता है.

ये भी पढ़ें- एनवीडिया के 50 हजार चिप कहां गायब हो गए? अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को सता रहा ये डर, चीन कनेक्शन में घिरे ट्रंप 

इससे पहले 19 जुलाई 2024 को भी एक गलत अपडेट की वजह से माइक्रोसॉफ्ट ऑपरेटिंग सिस्टम क्रैश कर गए थे. इससे दुनियाभर के 85 लाख कम्प्यूटर प्रभावित हुए थे..उस वक्त 51 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. अब इस नुकसान की असल वजह भी आपको जाननी चाहिए. आपको जानना चाहिए कि दुनिया जिस सर्वर पर निर्भर है. वो खराब कैसे हो गया.

माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर बीच बीच में खुद का हेल्थ चेक करते हैं. ये जांचा जाता है कि सर्वर सही से चल रहे हैं या नहीं. हेल्थ चेक में एक गलती की वजह से कई सही सर्वर्स को जांच में फेल कर दिया गया. इसके बाद बड़ी मात्रा में कई सर्वर Unavailable हो गए. यानी काम करना बंद कर दिया. नतीजा ये हुआ कि बचे हुए सर्वर्स पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया और ओवरलोड की वजह से बचे हुए सर्वर्स ठप पड़ गए.

दुनिया के 74 देशों में डिजिटल लॉकडाउन की स्थिति

यानी किसी चेन रिएक्शन की तरह एक के बाद एक सर्वर फेल होते गए और दुनिया के 74 देशों में डिजिटल लॉकडाउन की स्थिति आ गई. माइक्रोसॉफ्ट इस ग्लोबल डिजिटल ल़ॉकडाउन को खत्म करने के लिए कई स्तरों पर लगा हुआ है. प्रभावित सर्वर को अलग किया जा रहा है, ताकि वो बिना अतिरिक्त दबाव के दोबारा स्थिर हो सकें.
उन सर्वर को रिस्टार्ट किया जा रहा है ताकि उनकी स्थिरता जांचने के बाद धीरे-धीरे उन्हें मेन सर्वर से जोड़ा जा सके.

माइक्रोसॉफ्ट की कोशिश है कि सेवाओं को एक साथ पूरी तरह चालू करने के बजाय धीरे-धीरे और नियंत्रित तरीके से बहाल किया जाए. लेकिन सर्वर डाउन होने के करीब 22 घंटे तक इसकी सारी सेवाएं लगभग ठप रहीं. हालांकि, शाम साढ़े सात बजे के बाद कुछ सेवाओं को बहाल किया गया है. ये सोचने वाली बात है कि एक कंपनी का सर्वर पूरी दुनिया में लॉकडाउन लगा देता है.

अब से कुछ देर पहले सर्वर डाउन होने को लेकर माइक्रोसॉफ्ट का एक बयान भी आया है. इसमें कंपनी ने कहा है कि नॉर्थ अमेरिका, ज्यादातर यूरोप और एशिया-पैसिफिक में उसकी सेवाओं में सुधार देखा गया है. अब वो पूरी तरह से सर्विस को ठीक करने पर ध्यान दे रही है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES