SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जेट फ्यूल नहीं, अब मेटल पाउडर से उड़ेंगे फाइटर जेट: चीन ने किया नए इंजन का टेस्ट, मिलेगी मैक 5 रफ्तार

चीन की नानचांग हांगकांग यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने दुनिया में पहली बार मेटल पाउडर से चलने वाले जेट इंजन आफ्टरबर्नर का सफल जमीनी परीक्षण किया है. जो जेट को 5 मैक की रफ्तार से उड़ने की ताकत दे सकती है.

Written By Harsh Singh
Published: Nov 29, 2026, 08:14 IST | Updated: Nov 29, 2026, 08:42 IST
Join

आपने सुना होगा कि जेट इंजन को चलाने के लिए जेट फ्यूल या एविएशन टरबाइन फ्यूल का इस्तेमाल किया जाता है, जो केरोसिन को शुद्ध करके बनाया जाता है. लेकिन अगर हम आपको बताएं कि जेट इंजन अब केरोसिन के बजाय मेटल पाउडर से भी चल सकता है, तो आपको हैरान होने की जरूरत नहीं है.

क्योंकि चीन की नानचांग हांगकांग यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. उन्होंने ऐसे शुरुआती जेट इंजन का जमीन पर सफल परीक्षण किया है, जिसका आफ्टरबर्नर तरल केरोसिन के बजाय धातु के बारीक पाउडर से चलता है.

इस नई टेक्नोलॉजी का मकसद नॉर्मल लड़ाकू जेट के इंजनों की ताकत की सीमा को और बढ़ाना है. जियांग्शी इलाके की एक रिसर्च योजना की मदद से इस प्रोजेक्ट पर चार साल तक काम चला है. 

चीनी मीडिया के मुताबिक, दुनिया में पहली बार किसी जेट इंजन के बूस्टर हिस्से को धातु के छोटे कणों से चलाकर जमीन पर कामयाब टेस्ट किया गया है.

जेट फ्यूल की जगह लेगा मेटल पाउडर

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट और साइंस एंड टेक्नोलॉजी डेली की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ पावर एंड एनर्जी में सुन हाइजुन की टीम ने इस इंजन को तैयार किया है.

एक खास छोटी टेस्ट मशीन पर हुए जांच के दौरान इंजन ने बिना रुके आग पकड़ ली और हर पैमाने पर सही साबित हुआ. आम तौर पर लड़ाकू विमानों के इंजन में ये एक्स्ट्रा पावर देने वाला हिस्सा मेन इंजन के ठीक पीछे लगा होता है.

ये गर्म धुएं में सीधे जेट फ्यूल छिड़कता है. बची हुई ऑक्सीजन के साथ ये ईंधन जलकर अचानक बहुत ज्यादा रफ्तार और ताकत पैदा करता है. इसकी जरूरत भारी वजन लेकर उड़ने, तेजी से ऊपर चढ़ने, आवाज से तेज भागने या दुश्मन की मिसाइल से बचने के लिए पड़ती है.

एल्यूमीनियम पाउडर में केरोसिन से दोगुनी से ज्यादा एनर्जी

केरोसिन वाले आफ्टरबर्नर में ऊर्जा की एक तय सीमा होती है और इसमें ईंधन भी बहुत ज्यादा खर्च होता है. इसके मुकाबले एल्यूमीनियम या मैग्नीशियम जैसे धातुओं के बारीक पाउडर में बहुत ज्यादा ऊर्जा भरी होती है.

इनका इस्तेमाल पहले से रॉकेट मोटर और खास रैमजेट इंजनों में देखा गया है. आंकड़ों के हिसाब से एक लीटर ठोस एल्यूमीनियम में करीब 84 मेगाजूल रासायनिक ऊर्जा होती है. वहीं, नॉर्मल जेट फ्यूल में सिर्फ 34 मेगाजूल प्रति लीटर ऊर्जा ही मिलती है.

सबसे खास बात ये है कि धातु के कण इंजन के धुएं में बची खुली ऑक्सीजन से तो जलते ही हैं, साथ ही वे कार्बन डाइऑक्साइड और भाप से भी ऑक्सीजन खींचकर जल सकते हैं. इससे इंजन के भीतर ज्यादा गर्मी और कहीं अधिक ताकत जनरेट होती है.

हवा में उड़ान से पहले सामने हैं कई तकनीकी चुनौतियां

जमीनी परीक्षण सफल रहने के बावजूद इस टेक्नोलॉजी को असली लड़ाकू जेट में लगाने से पहले कई बड़ी इंजीनियरिंग बाधाएं पार करनी होंगी. तरल ईंधन पंप और नोजल के जरिए आसानी से बहता है, लेकिन बहुत ही बारीक धातु के पाउडर को एक सहायक गैस के साथ मिलाकर भेजना पड़ता है.

इसकी मात्रा को बहुत सटीकता से कंट्रोल करना जरूरी है, वरना पाइप जाम होने, असमान जलन या दबाव बिगड़ने का खतरा रहता है.

सुन हाइजुन ने बताया कि उनकी टीम ने पाउडर ले जाने, छिड़कने, बहाव को कंट्रोल करने और तेज हवा के बीच आग को स्थिर रखने के लिए खास हिस्से खुद डिजाइन किया है.

स्टील्थ जेट के लिए धुएं की लकीर बन सकती है मुसीबत

इस टेक्नोलॉजी की एक और बड़ी चुनौती धातु के जलने के बाद निकलने वाला कचरा है. धातु जलने पर एल्यूमिना जैसे ठोस कण निकलते हैं, जो इंजन के पिछले नोजल को घिस सकते हैं और अंदरूनी सतह पर जम सकते हैं.

इसके अलावा, ये हवा में पीछे एक बेहद साफ और चमकदार धुएं की लकीर छोड़ता है. एडवांस स्टेल्थ लड़ाकू जेट के लिए ये बड़ा नुकसान साबित हो सकता है, क्योंकि इससे दुश्मन के रडार और कैमरे विमान को आसानी से पकड़ सकते हैं.

क्या हो सकती है स्पीड?

रिसर्च करने वाली टीम ने अभी ये नहीं बताया है कि रिसर्च में किस खास धातु मिश्रण का उपयोग हुआ, पाउडर के कणों का साइज क्या था या इंजन ने कितना थ्रस्ट पैदा किया. टीम का कहना है कि इंजन की रफ्तार कम या ज्यादा करते समय इसके तालमेल की जांच होना अभी बाकी है.

यूनिवर्सिटी का मानना है कि भविष्य में धातु आधारित ये इंजन आवाज से पांच गुना तेज यानी मैक 5 रफ्तार वाली उड़ानों में मददगार हो सकता है. लेकिन फिलहाल ये सिस्टम शुरुआती जमीनी मॉडल ही है और इसके हवाई परीक्षण में अभी लंबा समय लगेगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES