इंटरनेट बंद होने के दौरान भी लोगों को आपस में कनेक्ट रखने वाला Bitchat ऐप एक बार फिर से चर्चा में आ गया है. राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए नीट पेपर लीक को लेकर CJP प्रदर्शनों के दौरान खूब इस्तेमाल किये जाने वाला ऐप Bitchat को अब भारत से हटा दिया गया है. CJP प्रदर्शनों के दौरान यह ऐप खूब चर्चा में आया था. अब Apple ने Bitchat को भारत के ऐप स्टोर से हटा दिया है. Twitter और इस ऐप के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने इसके लिए भारत सरकार के आदेश का हवाला दिया है. Apple की तरफ से भेजे गए ईमेल में भी MeitY की मांग का जिक्र किया गया है.
जैक डोर्सी के ब्लूटूथ आधारित मैसेजिंग ऐप Bitchat को ऐप्पल स्टोर से अब भारत में हटा दिया गया है. जैक डोर्सी ने आरोप लगाया है कि भारत सरकार के आदेश के बाद ऐप्पल ने यह कदम उठाया. उनके मुताबिक, उन्हें Apple की ऐप रिव्यू टीम की ओर से इस बारे में ईमेल मिला है. जैक डोर्सी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऐप्पल का एक ईमेल शेयर करते हुए लिखा कि भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर Bitchat को App Store से हटाने का आदेश दिया है. इसकी वजह यह है कि इसमें ऐसा कंटेंट शामिल है जो भारत में गैर-कानूनी है और ऐप रिव्यू गाइडलाइंस का पालन नहीं करता.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब देश के कई शहरों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं. प्रदर्शनकारी मतदाता सूची में SIR को लेकर सवाल उठा रहे हैं. सरकार की चिंता यह बताई जा रही है कि Bitchat के कुछ फीचर का इस्तेमाल गुमनाम तरीके से लोगों को एकजुट करने, गैरकानूनी भीड जुटाने या संगठित आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है.
government of India officially removes bitchat from the App Store https://t.co/9oHHiwquec
— jack (@jack) October 3, 2026
Bitchat कोई नार्मल मैसेजिंग ऐप नहीं है. यह ब्लूटूथ के जरिए आसपास मौजूद लोगों के फोन को आपस में जोड़कर मैसेज भेजने की सुविधा देता है. इसके लिए सामान्य मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती है. इसी वजह से जुलाई में दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शनों के दौरान यह ऐप लोगों के लिए काफी काम आया था. उस समय इलाके में मोबाइल इंटरनेट सर्विस बंद कर दी गई थी. इंटरनेट बंद होने के बाद प्रदर्शन में शामिल लोग ब्लूटूथ की मदद से एक दूसरे से कनेक्ट में थे.
जैक डोर्सी ने अपने दावे के समर्थन में Apple की App Review टीम का ईमेल भी शेयर किया है. ईमेल में कहा गया है कि MeitY की मांग के बाद Bitchat को भारत के App Store से हटाया जाएगा. इसमें ऐप में भारत में गैरकानूनी माने जाने वाले कंटेंट का हवाला दिया गया है. Apple के ईमेल के मुताबिक, यह निर्देश IT एक्ट की धारा69A के तहत जारी किया गया था. अब भारत में इस ऐप का टेस्टिंग वर्जन भी अब काम नहीं करेगा.
सरल शब्दों में समझें तो बिटचैट बिना इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क के चलने वाला एक मैसेजिंग ऐप है. इसे काम करने के लिए किसी सिम कार्ड, वाई-फाई या बड़े सर्वर की कोई जरूरत नहीं पड़ती. यह फोन के ब्लूटूथ के जरिए आपस में कनेक्ट होता है. जब आप और आपके आसपास के कुछ ही मीटर के दायरे में मौजूद कोई दूसरा शख्स इस ऐप को ऑन करता है, तो दोनों के फोन सीधे एक-दूसरे से कनेक्ट हो जाते हैं.