SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अभिषेक शर्मा बन सकते हैं भारत के फ्यूचर कप्तान, 'गुरु' युवराज को 'शिष्य' पर पूरा भरोसा, बताई बड़ी वजह

पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह का मानना है कि अभिषेक शर्मा भविष्य में भारतीय टीम के कप्तान बन सकते हैं. उन्होंने कहा कि अभिषेक में एक लीडर के सभी गुण मौजूद हैं. युवी ने युवा बल्लेबाज को ODI टीम में जगह देने की भी वकालत की.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 01, 2026, 01:16 PM IST | Updated: Nov 01, 2026, 01:27 PM IST
Image Credit: अभिषेक शर्मा बन सकते हैं भारत के फ्यूचर कप्तान, युवराज का दावा (Instagram/Abhisheksharma)
Join

भारत के पूर्व महान ऑलराउंडर युवराज सिंह ने अपने शिष्य को लेकर बड़ा दावा किया है. युवी का मानना है कि स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भविष्य में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान बन सकते हैं. युवराज ने कहा कि अभिषेक में एक लीडर के सभी गुण मौजूद हैं. बाएं हाथ के धाकड़ ओपनर फिलहाल न्यूजीलैंड में टी20 सीरीज खेल रहे हैं. वेलिंगटन में खेले गए दूसरे मुकाबले में अभिषेक ने 38 गेंदों पर 113 रनों की तूफानी पारी खेली. उन्होंने अपने T20I करियर में दूसरी बार महज 35 गेंदों पर शतक जड़ा.

अभिषेक शर्मा के करियर को संवारने में युवराज सिंह का अहम किरदार रहा है. जूनियर लेवल से ही अभिषेक ने पूर्व दिग्गज खिलाड़ी से ट्रेनिंग ली है और उनसे बल्लेबाजी के गुण सीखे हैं. अमृतसर में जन्में अभिषेक बैटिंग में तो हिट साबित हो रहे हैं, लेकिन अब उनके गुरु ने दावा किया है कि बतौर कप्तान भी अभिषेक शर्मा सफल हो सकते हैं.

अभिषेक शर्मा बनेंगे भारत के फ्यूचर कप्तान?

अभिषेक शर्मा ने घरेलू क्रिकेट में पंजाब की कप्तानी की है, लेकिन उन्हें IPL में कभी कप्तानी करने का मौका नहीं मिला. आईपीएल 2026 में SRH ने उन्हें उप-कप्तान बनाया था, जबकि पैट कमिंस की गैर-मौजूदगी में टूर्नामेंट के पहले हाफ के लिए ईशान किशन को कप्तान नियुक्त किया गया था.

युवा भारतीय खिलाड़ी को मेंटॉर करने वाले युवराज सिंह के अनुसार अभिषेक शर्मा में एक लीडर के सभी गुण मौजूद हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई भारत की कप्तानी करना चाहता है, तो पहले किसी IPL टीम की कप्तानी करना जरूरी है. उन्होंने आगे कहा कि अगर अभिषेक की किस्मत में भारत की कप्तानी करना लिखा है, तो उन्हें यह मौका जरूर मिलेगा.

क्रिकबज के अनुसार युवराज सिंह ने कहा, ''खैर, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि वो (अभिषेक) भविष्य में कप्तान बन सकता है या नहीं, लेकिन मुझे लगता है कि उसमें एक लीडर के सभी गुण मौजूद हैं. मुझे लगता है कि वो स्टेट क्रिकेट में भी युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाता है. मुझे बहुत अच्छा लगता है कि वो किस तरह वैभव सूर्यवंशी का उत्साह बढ़ाता है, उसके कंधे पर हाथ रखता है और उसे प्रेरित करता है. मेरे हिसाब से, एक सीनियर लीडर की यही अच्छी पहचान होती है. आप इसे जो भी नाम देना चाहें.''

भारत को 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 विश्व कप में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले युवराज सिंह ने आगे कहा कि अगर आप एक दिन भारत की कप्तानी करना चाहते हैं, तो मुझे लगता है कि अपनी IPL टीम की कप्तानी करना जरूरी है. इससे आपको वह आत्मविश्वास मिलता है, जो भारत की कप्तानी करने के लिए जरूरी है. मुझे यकीन है कि समय ही बताएगा कि अभिषेक ऐसा करने के काबिल है या नहीं. अगर यह उसकी किस्मत में है, तो मुझे पूरा भरोसा है कि उसे यह मौका मिलेगा. और अगर नहीं, तो कोई बात नहीं. लेकिन मुझे यकीन है कि वह एक बेहतरीन 'व्हाइट-बॉल' खिलाड़ी के तौर पर अपना करियर खत्म करेगा, चाहे कप्तान बने या ना बने.

ODI में मौका देने की वकालत

अभिषेक शर्मा अब टी20 में टीम इंडिया के अहम हथियार बन चुके हैं, लेकिन वनडे इंटरनेशनल में अभी भी उन्हें डेब्यू का इंतजार है. वो बिना ODI खेले इतने अधिक T20I मुकाबले खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं. युवराज ने अभिषेक को वनडे टीम में जगह देने की वकालत की है. उन्होंने कहा, ''चाहे उन्होंने 35 रन बनाए हों या 100, या फिर 31 रन बनाए हों या 100, अहम बात यह है कि वो लंबे समय से व्हाइट-बॉल क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्हें वनडे टीम में जगह बनाने के लिए और क्या करने की जरूरत है, यह मुझे नहीं पता. शायद उन्हें अपनी बॉलिंग और फील्डिंग में और बेहतर योगदान देने की जरूरत है. लेकिन ऐसा तभी हो पाएगा जब उन्हें खेलने का मौका मिले.''

युवराज ने कहा कि सुधार की गुंजाइश हमेशा रहती है और मुझे लगता है कि जब तक आप किसी खिलाड़ी को मौका नहीं देंगे, तब तक वह अपनी प्रतिभा कैसे दिखाएगा? मैं समझता हूं कि अभी स्थिति थोड़ी मुश्किल है, क्योंकि टीम में जगह बनाने के लिए बहुत प्रतिस्पर्धा है और कई बड़े नाम भी शामिल हैं. लेकिन सूर्यवंशी को ही देखिए. उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और T20 टीम में अपनी जगह बनाई. अगर आपको लगता है कि अभिषेक अभी बेहतरीन खेल रहे हैं, तो आपको उनके लिए 50 ओवर के क्रिकेट में भी जगह बनानी चाहिए, ताकि वे विश्व कप तक खेल सकें.

यह भी पढ़ें: IND vs NZ: अय्यर-गंभीर ने पांचवें T20I से काटा दो खिलाड़ियों का पत्ता, भुवनेश्वर कुमार और वरुण चक्रवर्ती की करवाई एंट्री
 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES