ड्रॉ से बिगड़ा खेल... क्या WTC 2027 फाइनल की रेस से बाहर हो गया भारत? न्यूजीलैंड को भी लगा झटका, समझें पूरा गणित
WTC Points Table: भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया. वेलिंगटन में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया के गेंदबाज आखिरी दिन 8 विकेट लेने में फेल हुए. न्यूजीलैंड ने 120 ओवरों का सामना किया और सिर्फ 5 विकेट गंवाए. मिचेल-फिलिप्स ने 43 ओवर बल्लेबाजी की.
WTC Points Table: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया. पहली पारी में 720 रनों का पहाड़ खड़ा करने के बावजूद टीम इंडिया ये मैच नहीं जीत सकी. इस नतीजे से भारतीय टीम निश्चित तौर से खुश नहीं होगी. आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 8 विकेट की दरकार थी, लेकिन कीवियों ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए हार को टाल दिया. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नजरिए से देखें तो ये ड्रॉ भारत के लिए हार से कम नहीं है.
वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेले गए टेस्ट में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 368 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में टीम इंडिया ने बोर्ड पर 720 रनों का पहाड़ खड़ा किया और 351 रनों की बढ़त हासिल की. जीत दिलाने की जिम्मेदारी भारतीय गेंदबाजों पर थी, जिसमें वे असफल रहे. दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 120 ओवर खेलकर मैच बचा लिया.
WTC पॉइंट्स टेबल में उथल-पुथल
इस मैच से पहले तक WTC (2025-27) पॉइंट्स टेबल पर न्यूजीलैंड दूसरे और भारत चौथे नंबर पर था. ड्रॉ से कीवी टीम का भी नुकसान हुआ है और वो अब दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं. टीम इंडिया अभी भी चौथे नंबर पर भी है, लेकिन जीत प्रतिशत में गिरावट आई है, जो WTC फाइनल के लिहाज से काफी अहम है. 75.000 जीत प्रतिशत के साथ साउथ अफ्रीका नंबर-1 और 69.230 प्रतिशत के साथ ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है.
WTC फाइनल की रेस से बाहर हो गया भारत?
आधिकारिक तौर पर तो नहीं, लेकिन ये कहना गलत नहीं होगा कि टीम इंडिया के लिए WTC 2027 फाइनल का दरवाजा लगभग बंद हो चुका है. अब शुभमन गिल एंड कंपनी की किस्मत उनके हाथ में नहीं है. भारत को अभी इस संस्करण में 6 और मुकाबले खेलने हैं. थोड़ी सी उम्मीद बनाए रखने के लिए उन्हें इन सभी मैचों में जीत दर्ज करनी होगी, जो आसान नहीं होने वाला है. फिलहाल साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया फाइनल के दावेदार माने जा रहे हैं और रेस में आगे हैं. पिछला WTC फाइनल भी इन्हीं दोनों के बीच खेला गया था, जहां टेम्बा बावुमा की टीम कंगारुओं पर भारी पड़ी थी.
WTC के विजेताओं की लिस्ट
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अभी तक तीन संस्करण हो चुके हैं. न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने 1-1 बार खिताब अपने नाम किया है. टीम इंडिया पहले दो संस्करण में फाइनल तक पहुंची, लेकिन ट्रॉफी जीतने का ख्वाब अभी भी अधूरा है.