WPL में 'लेडी वैभव सूर्यवंशी' की एंट्री: कौन हैं 15 साल की उमा काश्वी और कितने रुपये मिले? ऑक्शन में रचा इतिहास
महिला प्रीमियर लीग 2027 के ऑक्शन में 15 साल की युवा खिलाड़ी उमा काश्वी ने इतिहास रच दिया. वो WPL के इतिहास में सबसे कम उम्र में बिकने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 10 लाख रुपये में खरीदा, जो उनका बेस प्राइस भी था.
महिला प्रीमियर लीग 2027 के लिए बुधवार (28 अक्टूबर) को कोच्चि के हयात होटल में ऑक्शन का आयोजन हुआ. आईपीएल की तरह अब WPL में भी वैभव सूर्यवंशी जैसे टैलेंट को पहचान मिलनी है. जी हां, कर्नाटक की ऑलराउंडर काश्वी कंदिकुप्पा, जिन्हें उमा काश्वी के नाम से भी जाना जाता है, वो महिला प्रीमियर लीग के ऑक्शन इतिहास में बिकने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं. 15 साल की उमा काश्वी पर दिल्ली कैपिटल्स ने दांव लगाया और उन्हें 10 लाख रुपये में खरीदा.
युवा खिलाड़ियों पर निवेश करने के लिए जानी जाने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने WPL 2027 ऑक्शन में 15 साल की युवा ऑलराउंडर उमा काश्वी पर भरोसा दिखाया है. दिलचस्प बात ये है कि उमा का जन्म 9 अप्रैल 2011 को हुआ था, जो 2011 विश्व कप फाइनल के सात दिन बाद की तारीख है. उन्होंने हरियाणा की दीया यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो पिछले साल 16 साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हुई थीं.
15 साल की उमा काश्वी की WPL में एंट्री
उमा काश्वी की कहानी भारतीय पुरुष क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तरह ही है. वैभव को 2024 मेगा ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था. वैभव उस समय सिर्फ 13 साल के थे और आईपीएल नीलामी में बिकने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे. WPL में उमा काश्वी ने ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है. हालांकि, वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं, जबकि काश्वी को अभी पूरा सफर तय करना है.
उमा काश्वी के बारे में जानिए सबकुछ
उमा काश्वी दाएं हाथ से बल्लेबाजी करती हैं और ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करती हैं. हाल ही में हुए BCCI महिला अंडर-15 वनडे टूर्नामेंट में, उन्होंने 172 की औसत से 516 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल था. इस प्रदर्शन के बाद वे चर्चा में आ गईं.
डेक्कन हेराल्ड के अनुसार, उमा काश्वी ने कर्नाटक में 530 मैचों में 13,000 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 24 शतक और 68 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने कर्नाटक की अंडर-15 टीम की कप्तानी की है और महारानी ट्रॉफी में बेंगलुरु ब्लास्टर्स का नेतृत्व भी किया है. उनकी उपलब्धियों में महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी जीतना, महिला अंडर-19 वन-डे ट्रॉफी के सेमीफाइनल तक पहुंचना और कर्नाटक महिला लीग का खिताब साझा करना शामिल है.
जून-जुलाई 2026 में श्रीलंका के खिलाफ टीम की सीरीज में, उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया. इस दौरान, वन-डे और टी20 फॉर्मेट में खेले गए अपने पांच मैचों में से चार में उन्होंने विकेट लिए.