53 साल... 907 मैच, वेस्टइंडीज ने ODI इतिहास में पहली बार बनाया ये महारिकॉर्ड, 352 रन चेज कर हिला दी दुनिया
वेस्टइंडीज ने शाई होप की नाबाद 162 रन की तूफानी पारी के दम पर भारत के खिलाफ 352 रन के लक्ष्य को 48.2 ओवर में हासिल कर लिया और 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. भारत ने यह तीन मैचों की ODI सीरीज 2-1 से अपने नाम की.
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने 53 साल और 907 वनडे इंटरनेशनल मैचों में पहली बार एक ऐसा महारिकॉर्ड बना दिया है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी. भारत के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज की टीम ने 352 रन का टारगेट भी बौना साबित कर दिया. वेस्टइंडीज ने शनिवार को खेले गए इस मैच में भारत के खिलाफ 10 गेंद बाकी रहते पांच विकेट से जीत दर्ज कर अपना व्हाइट वॉश टाल दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 351 रन बनाए थे और वेस्टइंडीज के सामने 352 रनों का टारगेट रखा था. जवाब में वेस्टइंडीज की टीम ने 48.2 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 352 रन बनाते हुए जीत दर्ज कर ली.
वेस्टइंडीज ने साल 1973 में जब से वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना शुरू किया है, तब से लेकर उसने अब जाकर पहली बार ODI में 350 या उससे ज्यादा रनों का टारगेट चेज किया है. वेस्टइंडीज की इस जीत के हीरो कप्तान शाई होप रहे, जिन्होंने 143 गेंदों पर नाबाद 162 रन ठोककर वेस्टइंडीज की टीम को पांच विकेट से यादगार जीत दिला दी. इसी के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की ODI सीरीज में क्लीन स्वीप से भी खुद को बचा लिया. न्यू चंडीगढ़ में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, ग्राउंड ए में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज को 352 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला था. वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप पारी की शुरुआत करने उतरे और फिर आखिरी गेंदों तक क्रीज पर डटे रहे. उनकी पारी में संयम भी दिखा और जरूरत पड़ने पर आक्रामक अंदाज भी नजर आया.
वेस्टइंडीज ने ODI इतिहास में पहली बार बनाया ये महारिकॉर्ड
शाई होप के नाबाद रहने का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि वेस्टइंडीज लक्ष्य के करीब पहुंचकर दबाव में नहीं बिखरा. उन्होंने पारी को अंत तक संभाला और टीम को 48.2 ओवर में जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया. भारत के खिलाफ यह जीत वेस्टइंडीज के लिए बेहद खास रही. वेस्टइंडीज ने वनडे इतिहास में पहली बार 350 से ज्यादा रन के लक्ष्य का सफल पीछा किया है. इससे पहले 907 वनडे मैचों में कैरेबियाई टीम ऐसा नहीं कर सकी थी. वेस्टइंडीज का इससे पहले वनडे में सबसे बड़ा सफल रन चेज 328 रन था, जो उसने 11 मई 2019 को आयरलैंड के खिलाफ मलाहाइड में हासिल किया था. अब टीम ने 300 या उससे ज्यादा रन के लक्ष्य का सफल पीछा वनडे में छह बार कर लिया है.
ODI में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा सफल रन चेज
352/5 - 352 रन विरुद्ध भारत (न्यू चंडीगढ़, 3 अक्टूबर 2026)
331/5 - 328 रन विरुद्ध आयरलैंड (डबलिन, 11 मई 2019)
326/6 - 326 रन विरुद्ध इंग्लैंड (नॉर्थ साउंड, 3 दिसंबर 2023)
325/6 - 322 रन विरुद्ध बांग्लादेश (बासेटेरे, 12 दिसंबर 2024)
309/6 - 309 रन विरुद्ध पाकिस्तान (प्रोविडेंस, 7 अप्रैल 2017)
352 रन चेज कर हिला दी दुनिया
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 350 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया था.भारत ने वनडे में सिर्फ तीसरी बार 350 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद लक्ष्य का बचाव करने में नाकामी झेली है. भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार कुलदीप यादव और नमन धीर को एक-एक विकेट मिला, लेकिन सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि इनमें से कोई भी गेंदबाज शाई होप को आउट नहीं कर सका.
शाई होप ने ठोके 162 रन
शाई होप ने मौके का पूरा फायदा उठाया और जैसे-जैसे लक्ष्य करीब आता गया, उनकी बल्लेबाजी और ज्यादा आक्रामक होती गई. आखिर में उनकी नाबाद पारी ही दोनों टीमों के बीच सबसे बड़ा अंतर साबित हुई. इस शानदार पारी के लिए वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. न्यू चंडीगढ़ में खेले गए पहले वनडे में ही उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से इतिहास बना दिया. 162 रन की नाबाद पारी के दौरान होप ने भारत के खिलाफ वनडे में किसी डेजिग्नेटेड विकेटकीपर-बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.