SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर का बल्ले से धमाका, 143 गेंदों में ठोके 173 रन, चौकों-छक्कों की लगा दी झड़ी

आर्यवीर सहवाग इन दिनों क्रिकेट के मैदान पर तहलका मचा रहे हैं. अपने पिता और पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग की तरह आर्यवीर भी चौके-छक्कों की बौछार करने के लिए जाने जाते हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 16, 2026, 02:29 PM IST | Updated: Oct 16, 2026, 11:18 PM IST
Image Credit: Aaryavir Sehwag
Join

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अपने बल्ले से ऐसा धमाका किया कि हर तरफ उनकी चर्चा हो रही है. वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट में दिल्ली की कप्तानी कर रहे 18 वर्षीय आर्यवीर ने 143 गेंदों पर 173 रन की शानदार पारी खेली. उनकी इस पारी की बदौलत दिल्ली की टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 289 रन बनाए. आर्यवीर ने अपनी पारी में 19 चौके और 8 छक्के जड़े.

आर्यवीर सहवाग इन दिनों वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट में दिल्ली की कमान संभाल रहे हैं. इस टूर्नामेंट की शुरुआत 8 अक्टूबर को विशाखापत्तनम में हुई थी. आर्यवीर को 16 सदस्यीय दिल्ली टीम का कप्तान बनाया गया है. खास बात यह है कि उन्हें यह जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सितंबर में राजकोट में भारत की अंडर-19 टीम के लिए डेब्यू करने के कुछ ही समय बाद मिली है.

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर का बल्ले से धमाका

आर्यवीर की कप्तानी वाली दिल्ली टीम को पिछले मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा था. उस मैच में दिल्ली के गेंदबाजों ने 418 रन लुटा दिए थे, जबकि टीम की बल्लेबाजी 220 रन पर सिमट गई थी. आर्यवीर ने उस मुकाबले में 32 रन बनाए थे, लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे. हालांकि, अगले मैच में उन्होंने 173 रन जड़ डाले.

ये भी पढ़ें- IND vs WI: दांव पर सीरीज... आखिरी मैच में बदलेगी भारत की प्लेइंग इलेवन? वैभव सूर्यवंशी और कुलदीप यादव की हो सकती है वापसी

आर्यवीर और अर्नव ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम को आर्यवीर और उनके सलामी जोड़ीदार अर्नव बुग्गा ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े. अर्नव ने 47 रन बनाए, लेकिन रूपेश यादव ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया. इसके बाद दिल्ली ने 107 रन तक दो विकेट गंवा दिए. आर्यवीर ने विकेटकीपर बल्लेबाज अभिराज सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े.

दिल्ली ने 289 का स्कोर खड़ा किया

अभिराज ने 18 रन का योगदान दिया. दिल्ली का स्कोर जब 179 रन पर चार विकेट हो गया, तब आर्यवीर ने शांतनु यादव के साथ पारी को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 89 रन की अहम साझेदारी हुई. आर्यवीर 46वें ओवर में 173 रन बनाकर आउट हुए और दिल्ली ने निर्धारित 50 ओवर में 289/6 का स्कोर खड़ा किया.

ये भी पढ़ें- PM मोदी ने बढ़ाया वैभव का हौसला, 15 साल के क्रिकेटरों से कही ऐसी बात, खुशी से चमक उठा सूर्यवंशी का चेहरा

आर्यवीर सहवाग ने 143 गेंदों में ठोके 173 रन

आर्यवीर सहवाग ने अपनी 143 गेंदों की पारी में 19 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 173 रन बनाए. उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाकर विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया. उनकी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अकेले ही दिल्ली की पारी को मजबूती देने में बड़ी भूमिका निभाई. चंडीगढ़ की ओर से रूपेश यादव ने दो विकेट हासिल किए. वीनू मांकड़ ट्रॉफी से पहले आर्यवीर सहवाग ने ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में भी हिस्सा लिया था. इस सीरीज की तीन पारियों में उन्होंने कुल 109 रन बनाए थे.

पहले मुकाबले में बारिश से प्रभावित मैच के दौरान आर्यवीर ने 26 गेंदों पर 28 रन बनाए और भारत को सात रन से जीत दिलाने में योगदान दिया. दूसरे वनडे में वह 47 रन बनाकर रन आउट हो गए और अर्धशतक से केवल तीन रन दूर रह गए. सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्होंने 34 रन बनाए. इस तरह उन्होंने तीनों मैचों में उपयोगी पारियां खेलकर अपनी निरंतरता दिखाई.

दिल्ली प्रीमियर लीग में खेल चुके हैं आर्यवीर 

आर्यवीर सहवाग को दिल्ली प्रीमियर लीग में खेलने का अनुभव भी मिल चुका है. वह इस लीग में वेस्ट दिल्ली लॉयंस की ओर से खेल चुके हैं. अब वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी करते हुए उनके सामने अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता साबित करने की चुनौती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES