विराट कोहली ने ऑकलैंड में पकड़ा हैरतअंगेज कैच, फिर निकाला धनुष-बाण, दिवाली से पहले मैदान पर दिखा 'रामायण' वाला अंदाज
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में शानदार कैच पकड़ने के बाद धनुष-बाण वाला जश्न मनाया. दिवाली से पहले उनका यह खास सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे इंटरनेशनल मैच के दौरान टीम इंडिया के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली ने कुछ ऐसा किया, जिससे फैंस खुशी से झूम उठे. पहले विराट कोहली ने हवा में छलांग लगाकर जमीन से महज कुछ इंच ऊपर नाथन स्मिथ का एक शानदार कैच लपका और फिर मैदान पर धनुष-बाण चलाने का सेलिब्रेशन किया. विराट कोहली का यह सेलिब्रेशन देखकर फैंस को भगवान श्रीराम के धनुष-बाण की याद आ गई.
न्यूजीलैंड की पारी के दौरान 29वें ओवर में विराट कोहली दूसरी स्लिप पर फील्डिंग कर रहे थे. तभी अनशुल कंबोज की गेंद पर नाथन स्मिथ के बल्ले का किनारा लगा और गेंद स्लिप की तरफ चली गई. विराट कोहली ने बिना कोई गलती किए अपने दाईं ओर डाइव लगाई और जमीन से कुछ इंच ऊपर ही गेंद को लपक लिया. यह कैच इतना शानदार था कि विराट कोहली भी अपनी खुशी नहीं रोक पाए. कैच पकड़ने के बाद विराट कोहली दौड़ते हुए आगे निकले और फिर अपने खास अंदाज में धनुष खींचकर तीर चलाने की एक्टिंग करने लगे.
विराट कोहली ने निकाला धनुष-बाण
विराट कोहली के बाद अपने साथियों की तरफ देखकर WWE सुपरस्टार जॉन सीना के मशहूर 'यू कांट सी मी' वाले अंदाज में भी इशारा किया. विराट कोहली के इस सेलिब्रेशन की खास बात इसका समय भी रहा. दिवाली का त्योहार नजदीक है और ऐसे में उनका धनुष-बाण चलाने वाला अंदाज भगवान श्रीराम की याद दिलाता है. विराट मैदान पर अक्सर अपने आक्रामक जश्न और भावनाओं को खुलकर जाहिर करने के लिए जाने जाते हैं. इस बार भी उनका अंदाज कुछ ऐसा ही रहा. एक तरफ विराट कोहली अपनी फील्डिंग से दर्शकों का दिल जीत रहे थे, तो दूसरी तरफ भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया.
न्यूजीलैंड की टीम 185 रन पर ऑल आउट
न्यूजीलैंड के लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे कीवी टीम को कोई बड़ी साझेदारी बनाने या पारी को संभालने का मौका ही नहीं मिला. भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की टीम को 40.2 ओवर में 185 रन पर ऑल आउट कर दिया. भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. गुरनूर बरार ने 3 विकेट लिए झटके. वहीं, अंशुल कंबोज ने 2 विकेट हासिल किए. भारत के गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ाईं. इसके अलावा भारतीय फील्डिंग भी काफी चुस्त रही. रोहित शर्मा ने भी अपनी फुर्ती दिखाते हुए एक रन-आउट में अहम योगदान दिया.