SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

आखिरकार टूटा कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड: चूक गए थे अभिषेक-सूर्या, ईशान किशन ने खड़ा किया रनों का पहाड़

टीम इंडिया के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. वो अब भारत की तरफ से एक कैलेंडर ईयर में टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. अभिषेक और सूर्या ये रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए थे.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 07, 2026, 08:30 PM IST | Updated: Oct 07, 2026, 08:35 PM IST
Image Credit: BCCI/X
Join

टीम इंडिया में वापसी करने के बाद से ईशान किशन का बल्ला आग उगल रहा है. स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज फिलहाल आईसीसी टी20 रैंकिंग में शिखर पर मौजूद हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में खेले गए पहले T20I मैच में उन्होंने 37 रनों की नाबाद पारी खेली. इसी दौरान उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया.

'किंग' कोहली ने 2016 में रनों की बरसात करते हुए टी20 में 29 पारियों में 1614 रन बनाए थे. उनके नाम भारत की तरफ से एक कैलेंडर ईयर में टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज था. पिछले 10 सालों से कई भारतीय बल्लेबाज इस रिकॉर्ड के आसपास तो आए लेकिन तोड़ने से चूक गए. लेकिन, 2026 में बल्ले से कोहराम मचाते हुए ईशान ने ये 'विराट' रिकॉर्ड तोड़ दिया.

2016 में 'विराट' फॉर्म में थे कोहली

10 साल पहले यानी 2016 में कोहली अपने सबसे अच्छे दौर से गुजर रहे थे. तीनों फॉर्मेट में उन्हें टक्कर देने वाला कोई नहीं था. चाहे आईपीएल हो या इंटरनेशनल क्रिकेट... कोहली के बल्ले ने विरोधी टीम के गेंदबाजों को जोरदार जख्म दिया था. उन्होंने उस साल टी20 में महज 29 पारियों में 1614 रन बना दिए थे.

अभिषेक-सूर्या पास आए लेकिन चूक गए

साल 2022 में सूर्यकुमार यादव ने अपने बल्ले की चमक से भारत का नाम रोशन किया. ये साल ऐसा था, जहां सूर्या का दबदबा था. पूर्व भारतीय कप्तान ने 41 पारियों में 1503 रन बना दिए. ऐसा लगा कि वो कोहली से आगे निकल जाएंगे, लेकिन 111 रन दूर रह गए. उसके बाद 2025 में अभिषेक शर्मा का दौर आया. आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में गेंदबाजों के परखच्चे उड़ाते हुए अभिषेक ने टी20 की 40 पारियों में 1602 रन बनाए. लेकिन वो भी 'विराट' रिकॉर्ड से 12 रन दूर रह गए थे.

आखिरकार ईशान किशन ने तोड़ा रिकॉर्ड

सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा तो चूक गए, लेकिन 2026 में ईशान किशन ने विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. उन्होंने अब तक इस कैलेंडर ईयर में 45 पारियों में 1644 रन बना लिए हैं और ये आंकड़ा अभी और बढ़ेगा. देखना दिलचस्प होगा कि वो इस साल 2000 रनों के आंकड़े को पार कर पाते हैं या नहीं.

एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20 रन बनाने वाले भारतीय

1644 - ईशान किशन (45 पारियां, 2026)*
1614 - विराट कोहली (29 पारियां, 2016)
1602 - अभिषेक शर्मा (40 पारियां, 2025)
1503 - सूर्यकुमार यादव (41 पारियां, 2022)
1395 - अभिषेक शर्मा (45 पारियां, 2026)*
1338 - सूर्यकुमार यादव (33 पारियां, 2023)
1297 - यशस्वी जायसवाल (36 पारियां, 2023)

यह भी पढ़ें: Explainer: 24 टेस्ट खेलने वाले प्रज्ञान ओझा बनेंगे चीफ सिलेक्टर या कोई और मार लेगा बाजी? समझें पूरा समीकरण
 

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES