SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वैभव सूर्यवंशी बने कप्तान: बिहार क्रिकेट का ऐतिहासिक दांव, 15 वर्षीय रन मशीन को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौंपी कमान

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 15 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को टी20 टीम का कप्तान बना दिया है. वैभव आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टीम की कमान संभालेंगे.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 06, 2026, 08:08 PM IST | Updated: Nov 06, 2026, 08:34 PM IST
Image Credit: वैभव सूर्यवंशी. BCCI
Join

भारत के उभरते हुए सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी के ऊपर 15 साल की उम्र में ही एक बड़ी जिम्मेदारी आ गई है. वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए बिहार टीम के कप्तान बनाए गए हैं. इस टी20 टूर्नामेंट में उनकी कप्तानी का जलवा फैंस को देखने को मिलेगा. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने उन्हें कप्तानी सौंपकर ऐतिहासिक दांव खेला है. टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर को होगी. इसके लिए बीसीए ने 17 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है.

वैभव शुरुआती दो मैचों में टीम के कप्तान होंगे. इसके बाद वह राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया 'ए' टीम में शामिल हो जाएंगे. ऐसे में बिहार को किसी दूसरे खिलाड़ी को अपना कप्तान नियुक्त करना होगा. बिहार के पहले दो मैच इंदौर में खेले जाएंगे. 14 नवंबर को टीम का पहला मुकाबला सौराष्ट्र से होगा. इसके बाद 16 नवंबर को टीम रेलवे की टीम से खेलेगी.

12 साल की उम्र में किया था फर्स्ट क्लास डेब्यू

वैभव ने 14 साल की उम्र में ही आईपीएल डेब्यू किया और फिर घरेलू मैचों में उन्हें खेलने का मौका मिला. उन्होंने कम उम्र में ही इंटरनेशनल स्तर पर अपना नाम बना लिया है. पिछले सीजन में वैभव बिहार की टीम के उपकप्तान थे. सकीबुल गनी तब टीम के कप्तान थे. उन्होंने जनवरी 2024 में 12 साल की उम्र में मुंबई के खिलाफ बिहार के लिए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था.

वैभव के पास है कप्तानी का अनुभव

वैभव सूर्यवंशी के पास पहले से ही कप्तानी का काफी अनुभव है. उन्होंने एज-ग्रुप मैचों में कप्तानी की है. उन्होंने जनवरी में साउथ अफ्रीका के तीन मैचों के यूथ वनडे दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी थी. उस समय नियमित कप्तान आयुष म्हात्रे चोट के कारण उपलब्ध नहीं थे. इसके बाद फरवरी में अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम के वह सदस्य थे और उस टूर्नामेंट आयुष ने कप्तानी की थी.

ये भी पढ़ें: सरफराज ने तो 'चमत्कार' ही कर दिया: हवा में उड़कर लपका अद्भुत कैच, एक बार में तो किसी को नहीं होगा विश्वास; VIDEO

बिहार क्रिकेट ने क्या कहा?

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव को कप्तान बनाए जाने के बाद कहा कि कप्तान से उन्हें एक लीडर के तौर पर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा. हर्षवर्धन ने आगे कहा, '' वैभव ने कम उम्र में ही जबरदस्त प्रतिभा, आत्मविश्वास और समझदारी दिखाई है. हमें उम्मीद है कि उनकी कप्तानी में टीम अनुशासित और जुझारू प्रदर्शन करेगी.'' बिहार की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप बी में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु के साथ है.

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार की टीम

वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेट कीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, आमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES