52 गेंद पर 204 रन, 384.91 के स्ट्राइक रेट से ठोके 28 छक्के, वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा एबी डिविलियर्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड, वनडे क्रिकेट में रचा इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन ठोककर इतिहास रच दिया है. उन्होंने एबी डिविलियर्स का 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
भारत के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में ऐसा तूफान मचाया है कि दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का 11 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूट गया. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ रविवार को खेले गए ACC मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के एक मैच में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 52 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. उनकी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 384.91 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए.
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी में 28 छक्के और 7 चौके लगाए. इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के बीच सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस विस्फोटक पारी के दम पर एबी डिविलियर्स का बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इससे पहले लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाली पारियों में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट का वर्ल्ड रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम था.
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा एबी डिविलियर्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड
एबी डिविलियर्स ने जनवरी 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहानिसबर्ग में महज 44 गेंदों पर 149 रन बनाए थे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 338.63 रहा था, लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी ने 384.91 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करके इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क हैं, जिन्होंने 2023 में तस्मानिया के खिलाफ साउथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए 38 गेंदों में 125 रन बनाए थे, और उनका स्ट्राइक रेट 328.94 रहा था.
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 52 गेंदों में पूरा किया दोहरा शतक
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 53 गेंदों में दोहरा शतक जड़ दिया. यह 'लिस्ट A' क्रिकेट की सबसे आक्रामक पारियों में से एक रही. वैभव सूर्यवंशी की इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया-A ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ 7 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दिए 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया A ने सिर्फ 14.2 ओवर में 254/3 का स्कोर बना लिया और मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा बना दिया.
वैभव सूर्यवंशी के धमाके के बाद दिग्गज क्रिकेटरों के आए रिएक्शन्स
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी की इस शानदार पारी की सूर्यकुमार यादव, रविचंद्रन अश्विन और वीरेंद्र सहवाग ने जमकर तारीफ की. सूर्यकुमार यादव ने तो इस युवा खिलाड़ी को अपनी 'प्रेरणा' तक बता दिया. इस मैच में भारत A ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. टीम के कुल 254 रनों में से 204 रन अकेले वैभव ने बनाए, जिससे भारत A ने 250 रनों के लक्ष्य को 14.2 ओवरों में हासिल कर सात विकेट से जीत दर्ज की.