SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

एक बिहारी सब पर भारी: वैभव सूर्यवंशी के 7 बड़े रिकॉर्ड, क्रिकेट जगत में मचा दिया तूफान

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस विस्फोटक पारी में 384.91 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 28 छक्के उड़ाए. आइए एक नजर डालते हैं, वैभव सूर्यवंशी ने UAE-A के खिलाफ मैच में कौन से 7 बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 24, 2026, 18:55 IST | Updated: Nov 24, 2026, 19:32 IST
Image Credit: Vaibhav Sooryavanshi
Join

भारत के 15 साल के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत में तूफान मचा दिया है. मंगलवार को 'राइजिंग स्टार्स एशिया कप' में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-A क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए. वैभव सूर्यवंशी ने इस फॉर्मेट में सबसे तेज शतक, 150 रन और दोहरा शतक सब कुछ एक घंटे के भीतर पूरा कर लिया. 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) टीम के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी. वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 52 गेंदों में अपना पहला लिस्ट-A दोहरा शतक जड़ दिया.

इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-A क्रिकेट में अब तक का सबसे तेज शतक सिर्फ 28 गेंदों में पूरा किया. दोहा में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, उन्होंने शुरुआत से ही गेंदबाजों की धुनाई करनी शुरू कर दी और 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया. वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में अर्धशतक, 28 गेंदों में शतक, 40 गेंदों में 150 रन और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस विस्फोटक पारी में 384.91  की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 28 छक्के उड़ाए. आइए एक नजर डालते हैं, वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ मैच में कौन से 7 बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं.

वैभव सूर्यवंशी के नाम हुए 7 बड़े रिकॉर्ड

1. लिस्ट-A क्रिकेट में खुद का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक

वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. यह लिस्ट-A क्रिकेट का उनका दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने 21 जून 2026 को श्रीलंका-A के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल मैच में 11 गेंद पर अर्धशतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था.

2. लिस्ट-A का सबसे तेज शतक

वैभव सूर्यवंशी ने महज 28 गेंदों में शतक जड़ दिया. यह लिस्ट-A क्रिकेट का सबसे तेज शतक है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैक्गर्क ने साल 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए तस्मानिया के खिलाफ एक लिस्ट-A मैच में 29 गेंदों पर शतक ठोका था.

3. लिस्ट-A का सबसे तेज 150 रन

वैभव सूर्यवंशी ने केवल 40 गेंदों में लिस्ट-A क्रिकेट की एक पारी में 150 रन जड़कर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो उन्होंने पिछले साल बनाया था. वैभव सूर्यवंशी ने 24 दिसंबर 2025 को विजय हजारे ट्रॉफी एक मैच में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 84 गेंदों में 190 रनों की पारी खेली थी.

4. लिस्ट-A का सबसे तेज दोहरा शतक

वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंदों में लिस्ट-A का सबसे तेज दोहरा शतक ठोक दिया. इससे पहले न्यूजीलैंड के क्रिकेटर चाड बोवेस ने लिस्ट ए क्रिकेट में 103 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ा था. चाड बोवेस ने न्यूजीलैंड के घरेलू टूर्नामेंट फोर्ड ट्रॉफी में केंटरबरी के लिए खेलते हुए साल 2024 में ओटागो के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था. चाड बोवेस ने 110 गेंदों पर 205 रन ठोके थे. इस दौरान उन्होंने 27 चौके और 7 छक्के जमाए थे.  

5. एक लिस्ट-A पारी में सबसे ज्यादा छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने एक लिस्ट-A पारी में सबसे ज्यादा 28 छक्के लगाए. यह क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डार्सी शॉर्ट ने साल 2018 में  वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए क्वींसलैंड के खिलाफ एक 'लिस्ट ए' मैच की एक पारी में 23 छक्के ठोके थे.

6. प्रोफेशनल क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के

28 छक्कों के साथ वैभव सूर्यवंशी ने पुरुषों के प्रोफेशनल क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है. इससे पहले तन्मय अग्रवाल ने रणजी ट्रॉफी 2023-24 प्लेट ग्रुप मैच में हैदराबाद के लिए खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ एक फर्स्ट क्लास मैच की पारी में 26 छक्के ठोके थे.  

7. प्रोफेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक

महज 15 साल और 242 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने प्रोफेशनल क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 52 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा किया. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES