App

VIDEO: 'मेरे साथ भी हुआ...' मैदान पर भिड़े तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी, अंपायर से हुई शिकायत!

दलीप ट्रॉफी फाइनल में वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा के बीच मैदान पर मजेदार नोकझोंक देखने को मिली. सोशल मीडिया पर इन दोनों धुरंधरों का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.

VIDEO: 'मेरे साथ भी हुआ...' मैदान पर भिड़े तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी, अंपायर से हुई शिकायत!
Image Credit: Vaibhav Sooryavanshi and Tilak Varma

दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच मुकाबला सिर्फ बल्ले और गेंद की जंग तक सीमित नहीं रहा. चेन्नई के चेपॉक मैदान पर खेले गए इस मुकाबले के दौरान वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा के बीच मैदान पर हुई नोकझोंक अब चर्चा का विषय बन गई है. मैच के बाद सामने आए एक ऑडियो ने इस पूरे मामले का राज खोल दिया है. इस मुकाबले के चौथे दिन सुबह के सेशन में साउथ जोन की टीम मुश्किल में थी और उसके आठ विकेट गिर चुके थे.

साउथ जोन की टीम ईस्ट जोन के पहली पारी के विशाल 708 रन के स्कोर से काफी पीछे थी. इसी दौरान तिलक वर्मा अपनी टीम की पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे. तभी वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाज के पास पहुंचे. दोनों के बीच हल्की शोल्डर टक्कर हुई और कुछ शब्दों का आदान-प्रदान भी हुआ. देखने में यह पल काफी हल्का-फुल्का लगा, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सबका ध्यान खींच लिया.

वैभव सूर्यवंशी ने अंपायर से की शिकायत

मैच खत्म होने के बाद सामने आए एक ऑडियो में वैभव सूर्यवंशी को अंपायर से शिकायत करते हुए सुना गया. उन्होंने कहा कि पहली पारी में उनके साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था और इसमें उनकी गलती नहीं थी. दरअसल, वैभव सूर्यवंशी का इशारा मैच के पहले दिन हुई उस घटना की तरफ था, जब तिलक वर्मा ने उनके खिलाफ स्लेजिंग की थी. दलीप ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन ईस्ट जोन के ओपनर्स ने शानदार शुरुआत की थी. महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने साउथ जोन के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की.

तिलक वर्मा ने लिया था पंगा

जब वैभव सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज के एक ओवर में लगातार दो चौके और एक छक्का लगाया, तब स्टंप माइक पर तिलक वर्मा की आवाज सुनाई दी थी. उन्होंने कहा था, 'क्या यार ये वाइस-कैप्टन?' इसी घटना को वैभव सूर्यवंशी ने बाद में अंपायर के सामने अपनी प्रतिक्रिया का आधार बताया. वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत में तेजी से रन बनाए और अभिमन्यु ईश्वरन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की. हालांकि, वह अपनी पारी को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और चामा मिलिंद की गेंद पर 49 रन बनाकर आउट हो गए.

ईशान किशन ने ठोका दोहरा शतक

इसके बाद ईस्ट जोन ने कप्तान ईशान किशन के शानदार दोहरे शतक की बदौलत पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके बाद ईस्ट जोन के गेंदबाजों के सामने साउथ जोन की बल्लेबाजी बिखर गई. मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. हालांकि, साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने एक छोर संभाले रखा. तिलक वर्मा ने 211 गेंदों पर 99 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन टीम को बड़ी मुश्किल से बचा नहीं सके. साउथ जोन की पूरी टीम पहली पारी सिर्फ 336 रन पर सिमट गई. पहली पारी में मिली बड़ी बढ़त के बाद ईस्ट जोन ने पांचवें दिन भी बल्लेबाजी जारी रखी और 388/7 के स्कोर पर पारी घोषित की. इसके साथ ही ईस्ट जोन ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर मुकाबला अपने नाम कर लिया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More